चक्रवात-असमय बारिश से फसल क्षति पर कृषि विभाग की त्वरित कार्रवाई
बीमित कृषकों को नियमानुसार बीमा भुगतान का मिलेगा लाभ, नुकसान की आशंका निराधार
रायपुर/हाल ही में आए चक्रवात (असमय बारिश) के कारण कटी हुई फसल (करपा) में संभावित नुकसान की खबरों एवं आशंकाओं का कृषि विभाग, जिला रायपुर द्वारा स्पष्ट खंडन किया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि यदि कृषकों ने फसल बीमा के अंतर्गत बीमा कराया है, तो उन्हें नियमानुसार उचित बीमा भुगतान का लाभ प्रदान किया जाएगा और उनके हितों का पूरा संरक्षण किया जाएगा।
कृषि विभाग की त्वरित एवं तत्पर कार्रवाई
असमय वर्षा एवं चक्रवात की स्थिति बनते ही कृषि विभाग द्वारा मैदानी स्तर पर तत्काल तत्परता दिखाते हुए प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण प्रारंभ कर दिया गया है। इसी क्रम में आज दिनांक 24/11/2026 को विकासखंड आरंग के ग्राम कुकरा में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी (ADO रीवा) तथा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (क्षेत्र रीवा) के दल द्वारा मौके पर पहुंचकर कृषक श्री दिनदयाल साहू पिता कांशीराम साहू के खसरा नंबर 902, 851, 841 एवं 1369 (रकबा क्रमशः 0.15 हे., 0.32 हे., 0.22 हे. एवं 0.22 हे.) में रखी कटी फसल (करपा) का संयुक्त क्षति निरीक्षण एवं पंचनामा कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि खेत में रखी कटी फसल पानी में भीगने से अंकुरण एवं बीज सड़ने जैसी स्थिति बनी है, तथा ग्राम के अन्य कृषकों—श्री हिलाडू पिता केशोरीराम साहू, श्री टेकराम पिता चमरू साहू एवं श्री भूतराम पिता श्रवण साहू—के खेतों में भी ऐसी ही स्थिति संज्ञान में आई है।
बीमा दावों एवं शिकायतों पर निगरानी
निरीक्षण के दौरान यह तथ्य सामने आया है कि कृषक द्वारा बीमा कंपनी HDFC ERGO General Insurance Co. Ltd. के माध्यम से ऑनलाइन फसल क्षति की सूचना दर्ज कराई गई है (जिनमें शिकायत क्रमांक 0624112656000063947, 0624112656000063963, 0624112656000064012 एवं 0624112656000064064 सम्मिलित हैं)। कृषि विभाग द्वारा इन प्रकरणों का विधिवत पंचनामा एवं प्रतिवेदन तैयार कर अग्रिम कार्यवाही के लिए संकलित किया जा रहा है।
कृषि विभाग, जिला रायपुर ने स्पष्ट किया है कि फसल बीमा कराने वाले कृषकों को क्षति की स्थिति में निर्धारित प्रावधानों एवं सर्वे/आकलन प्रक्रिया के अनुरूप उचित बीमा दावा राशि प्रदान की जाएगी। कृषकों से अपील की गई है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी या अनावश्यक चिंता में न आएं तथा फसल क्षति की स्थिति में निर्धारित समय-सीमा 72 घण्टे के भीतर संबंधित बीमा कंपनी के टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर सूचित करे या कृषि विभाग के मैदानी अमले से संपर्क कर अपनी सूचना एवं आवश्यक विवरण समय पर दर्ज कराएं।



.jpg)








Leave A Comment