महाभारत सीरियल में 22 साल की उम्र में यह एक्ट्रेस बनी थी 29 साल के दुर्योधन की मां ... जीता था सबका दिल
मुंबई। 1988-90 में बीआर चोपड़ा की महाभारत ने दर्शकों पर जो जादू चलाया था वो आज भी बरकरार है। महाभारत को कई बार और कई लोगों ने बनाने की कोशिश की, लेकिन बीआर चोपड़ा जैसी महाभारत की कहानी कोई नहीं दिखा पाया। इस सीरियल के हर एक किरदार को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिला था। पिछले साल जब लॉकडाउन लगा तो महाभारत को रीटेलीकास्ट किया गया और दर्शकों ने एक बार फिर इसे देखा। इस शो में दुर्योधन (उम्र में करीब सात साल बड़े पुनीत इस्सर) की मां गांधारी का रोल किया था एक्ट्रेस रेणुका इसरानी ने। रेणुका तब महज 22 साल की थीं।
बता दें कि महाभारत में उनके बेटे दुर्योधन का किरदार निभाने वाले पुनीत इस्सर तब 29 साल के थे। लगभग 70-80 सीरियल्स और 10-15 टेलीफिल्म्स में काम कर चुकीं रेणुका को आज भी ज्यादातर लोग गांधारी के रोल से ही जानते हैं।
रेणुका इसरानी सिंधी परिवार से ताल्लुक रखती हैं। हालांकि उन्होंने बौद्ध धर्म अपना लिया है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत 1984 में 'हम लोग' सीरियल से की थी। इस शो में इन्होंने ऊषा रानी का किरदार निभाया था। हालांकि उन्हें पहचान 1988 में 'महाभारत' के किरदार गांधारी से मिली। गांधारी के रोल के लिए अभिनेत्री शो में भले ही आंखों पर पट्टी बांधे दिखती थीं लेकिन लोग उन्हें पहचानने लगे थे।
रेणुका जयपुर के महारानी कॉलेज से पढ़ी हैं। साथ ही ऑल राउंडर गोल्ड मेडलिस्ट रही हैं। रेणुका थियेटर भी कर चुकी हैं और इस दौरान कई अवॉर्ड भी जीत चुकी हैं। टीवी सीरियल के अलावा रेणुका ने फिल्मों में भी काम किया। इन फिल्मों में 'मीरा के गिरधर', 'करामाती कोट' और 'तेरी पायल मेरे गीत', 'झूठ बोले कौआ काटे' और साल 2011 में आई 'रिश्ते' फिल्म में भी दिखीं।
साल 2011 में रेणुका ने एकता कपूर के शो बड़े अच्छे लगते हैं में शिप्रा नाम का किरदार प्ले किया था। इस रोल के लिए उनकी खूब सराहना हुई थी। रेणुका ने आज तक शादी नहीं की है। वह अपने माता पिता के साथ ही रहती हैं और उनकी देखभाल करती हैं। कम ही लोग जानते होंगे कि बी आर चोपड़ा के 'महाभारत' से पहले भी वे गांधारी का रोल कर चुकी थीं। एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने बताया था, 'मैं मणिपुरी स्टाइल में 'अंधायुग' नाम का प्ले किया था, जिसमें मेरा किरदार गांधारी का था। यही वजह है कि मैं इस किरदार के बारे में गहराई से जानती थी। ईमानदारी से कहूं तो मुझे लगता है कि गांधारी 'महाभारत' का सबसे चैलेंजिंग कैरेक्टर था और ख़ुशी है कि मुझे 22 साल की उम्र में यह रोल करने का मौक़ा मिला।"
Leave A Comment