नहीं रही बालिका वधू की दादी सा... बनना चाहती थीं पत्रकार...इस तरह अभिनय क्षेत्र में आईं...
मुंबई। शुक्रवार का दिन फिल्म इंडस्ट्री के लिए एक बुरी खबर लेकर आया। शुक्रवार को बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस सुरेखा सीकरी का निधन हो गया है। वे 75 साल की थीं और सुबह 8.30 बजे सुरेखा ने आखिरी सांस ली। उनके निधन का कारण कार्डिएक फेलियर बना। शुक्रवार सुबह उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे स्वर्ग सिधार गईं। उनके निधन की खबर ने हर किसी को सन्न कर दिया है। बीते 10 दिन में फिल्म इंडस्ट्री को लगा ये दूसरा बड़ा झटका है।
सुरेखा सीकरी के परिवार मीडिया को एक्ट्रेस के निधन की जानकारी दी है। पिछले साल सुरेखा को दूसरी बार ब्रेन स्ट्रोक पड़ा था और उसके बाद से ही वे बीमार चल रही थीं। शुक्रवार को दिल का दौरा पडऩे से वे हमेशा के लिए दूसरी दुनिया में चली गईं। सुरेखा सीकरी ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में एक्टिंग की बारीकियां सीखीं। उन्हें तीन बार नेशनल अवॉर्ड से नवाजा गया। सुरेखा को फिल्म 'तमस', 'मम्मो' और 'बधाई हो' के लिए 3 बार नेशनल अवॉर्ड मिला था। उन्होंने कई सारी फिल्में और टीवी सीरियल्स किए लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान टीवी सीरियल 'बालिका वधू' में उनके किरदार दादी सा ने दिलाई।
सुरेखा ने ना केवल नेशनल अवॉर्ड बल्कि संगीत के क्षेत्र में भी नामी अवॉर्ड जीता है। साल 1989 में सुरेखा को संगीत नाटक एकेडमी अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था। उत्तर प्रदेश की रहने वालीं सुरेखा के पिता एयरफोर्स में और माता एक शिक्षिका थीं।
हालांकि, सुरेखा ने कभी फिल्मों में टीवी इंडस्ट्री में जाने का सपना नहीं देखा था। सुरेखा सीकरी का जन्म 19 अप्रैल 1945 को नई दिल्ली में हुआ था और वह शुरू से ही पत्रकार या लेखिका बनना चाहती थीं। लेकिन किस्मत ने उनके लिए कुछ और ही तय कर रखा था। वह पढ़ाई में भी काफी अच्छी थीं। सुरेखा उन दिनों अलीगढ़ मुस्लिम युनिवर्सिटी में पढ़ती थीं। उनके कॉलेज में एक बार छियेटर की नामी हस्ती अब्राहम अलकाजी साहब पहुंचे और एक नाटक प्रस्तुत किया जिसका नाम 'द किंग लियर था'। कहते हैं इस नाटक ने सुरेखा की बहन को खूब इम्प्रेस किया और उन्होंने अपने लिए नैशनल स्कूल ऑफ ड्रामा में दाखिला लेने का मन बना लिया। फिर एनएसडी का फॉर्म भी आ गया, लेकिन यह कई दिनों तक पड़ा रहा। इसके बाद सुरेखा की मां ने उनसे कहा कि इस फॉर्म को वही क्यों नहीं भर लेतीं।
सुरेखा ने मां की बात मान ली, फॉर्म भरा और उनका सिलेक्शन भी हो गया। इसके सुरेखा ने काफी समय तक थियेटर किया। फिर फिल्में और फिर टीवी की दुनिया में उन्होंने काफी नाम , सम्मान कमाया।
Leave A Comment