शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा गिरफ्तार... पोर्न फिल्मों से जुड़े होने का आरोप....कई विवादों का रहा है साथ
मुंबई। सोमवार देर रात एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी के पति और बिजनेसमैन राज कुंद्रा को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने अरेस्ट कर लिया। राज पर देश में पोर्नोग्राफी रैकेट चलाने का आरोप है। पुलिस ने उन्हें पोर्नोग्राफी रैकेट का मुख्य साजिशकर्ता पाया है। उन पर आरोप है कि उनकी कंपनी पोर्न वीडियो बनवाकर उन्हें विदेश के एप्लिकेशंस पर अपलोड करवाने का काम करती है।
दरअसल इसी साल फरवरी के महीने में मुंबई पुलिस ने पोर्न फिल्में बनाने और उन्हें अलग-अलग एप्स पर रिलीज करने का केस दर्ज किया था। पुलिस को शिकायत मिली कि कुछ लोग मुंबई में करियर बनाने के लिए आने वाले युवाओं से जबरदस्ती पोर्न फिल्में बनवा रहे हैं। इसके बाद से ही पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही थी। इस मामले में पुलिस ने एक के बाद एक कई केस दर्ज किए और गंभीरता से मामले की जांच की। इसी जांच के दौरान पुलिस के हाथ कुछ ऐसे पुख्ता सबूत लगे जिनसे पुलिस दावा कर रही है कि राज कुंद्रा इस पोर्नोग्राफी मॉड्यूल के सबसे बड़े खिलाड़ी हैं। इस मामले में पुलिस ने 9 और लोगों को अरेस्ट किया है।
एक खबर के मुताबिक, फरवरी के महीने में जब पुलिस ने इस मामले में पहली दफा केस दर्ज किया था तो इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया था। इनमें रोवा खान उर्फ यास्मीन थी जो खुद को निर्माता-निर्देशक बताती थी। इसके अलावा पुलिस ने फोटोग्राफर मोनू शर्मा, क्रिएटिव डायरेक्टर प्रतिभा नलवाडे, एक्टर अरिश शेख, गहना वशिष्ठ और भानु ठाकुर को भी गिरफ्तार किया था। गहना की गिरफ्तारी के दौरान जांच में लाखों रुपये के डिवाइस भी सीज किए गए थे। इन्हीं से बंगले पर पोर्न फिल्मों की शूटिंग की जाती थी। इन उपकरणों में मोबाइल फोन से लेकर हाई डेफिनेशन कैमरे थे। गहना भी इस रैकेट का अहम नाम हैं और उनसे पूछताछ के दौरान गहना ने उमेश कामत नाम के एक शख्स का नाम लिया।
पहले भी कई विवादों में रह चुके हैं राज कुंद्रा
राज कुंद्रा के विवादों में ये सबसे बड़ा विवाद है। राज आईपीएल टीम राजस्थान रॉयल्स की टीम के को-ऑनर थे। वे लंबे वक्त से सट्टेबाजी औ फिक्सिंग के लिए एजेंसियों के शक के घेरे में थे। इस मामले वे दोषी पाए गए और उन पर क्रिकेट से जुड़ी गतिविधियों में शामिल होने पर रोक लगा दी गई। इतना ही नहीं, उनके चक्कर में टीम राजस्थान को भी दो साल का बैन झेलना पड़ा।
-इससे पहले एक्ट्रेस और मॉडल पूनम पांडे ने भी राज कुंद्रा और उनके साथियों के खिलाफ एक केस दर्ज कराया था। पूनम पांडे का आरोप था कि राज कुंद्रा और उनके साथी एक्ट्रेस के कंटेंट का गैरकानूनी रूप से उपयोग करते हैं जबकि दोनों के बीच हुआ कानूनी करार खत्म हो गया है।
-साल 2018 में राज कुंद्रा पर बिटकॉइन स्कैम करने के आरोप लगे। पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच और ईडी की जांच में बात सामने आई कि राज कुंद्रा समेत कई बॉलीवुड स्टार्स इस तरह की स्कीम को प्रमोट कर रहे हैं। सबने अमित नाम के एक मास्टरमाइंड के साथ मिलकर लोगों को करोड़ों का चूना लगाया है। रिपोर्ट के मुताबिक इस स्कैम की रकम करीब 200 करोड़ रुपये आंकी गई।
-साल 2017 में मुंबई पुलिस ने राज कुंद्रा को 24 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में हिरासत में लिया था। राज ही नहीं पुलिस ने शिल्पा शेट्टी और तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की थी। ये मामला एक ऑनलाइन शॉपिंग चैनल से संबंधित था।
-राज ने अपनी एक्स वाइफ कविता को तलाक देकर शिल्पा शेट्टी से शादी की। राज ने आरोप लगाया कि कविता का उनके जीजा (बहन के पति वंश) के साथ अफेयर था और कई बार राज की मां ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ा था। राज कुंद्रा एक सफल बिजनेसमैन हैं लेकिन उनकी पहचान आज भी शिल्पा शेट्टी के पति के तौर पर है।
Leave A Comment