छत्तीसगढ़ के सहदेव के साथ बादशाह ने "बचपन का प्यार" का नया संस्करण पेश किया
मुंबई। रैपर बादशाह ने बुधवार को "बचपन का प्यार" गीत का नया संस्करण पेश किया जिसमें इंटरनेट पर मशहूर हुए सहदेव दिरदो को देखा जा सकता है। सहदेव छत्तीसगढ़ के सुकमा का रहने वाला है और उसकी उम्र 10 साल है।
दरअसल कुछ दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें सहदेव को "बचपन का प्यार" गाते हुए दिखाया गया था। इस वीडियो के बाद वह रातोंरात मशहूर हो गया था। खबरों के मुताबिक सहदेव ने 2019 में अपनी कक्षा में यह गाना गया था और उसके शिक्षक ने वीडियो बनाया था। इससे प्रभावित होकर रैपर बादशाह ने सहदेव को अपने नए गाने में मौका दिया।
बुधवार को जारी हुए संगीत वीडियो का निर्देशन 'बीटूगेदर प्रोस' द्वारा किया गया है तथा इसमें सहदेव, बादशाह, गायिका आस्था गिल और संगीतकार रीको ने काम किया है। "पानी पानी" और "गेंदा फूल" जैसे लोकप्रिय एलबम लाने वाले बादशाह (35) ने कहा कि यूनिवर्सल म्यूजिक के लिए वह "बचपन का प्यार" का नया संस्करण पेश कर बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि इस गीत ने आज के समय में सोशल मीडिया की ताकत का जश्न मनाने का अवसर दिया है। बादशाह ने कहा कि वह, रीको और आस्था एक नए हीरो सहदेव को पेश करने को लेकर बेहद उत्साहित हैं। गीत के नए संस्करण को हितेन ने संगीतबद्ध किया है और इसके बोल बादशाह ने लिखे हैं।
Leave A Comment