इस देश में अमिताभ के पिता के नाम पर रखा गया चौराहे का नाम, बिग बी और जूनियर बी ने यूं दी प्रतिक्रिया
मुंबई। यूरोपीय देश पोलैंड के एक चौराहे का नाम अमिताभ बच्चन के पिता और भारत के मशहूर कवि-लेखक हरिवंश राय बच्चन के नाम पर रखा गया है। पोलैंड के व्रोकलॉ शहर में एक चौराहे का नाम 'हरिवंश राय बच्चन स्क्वॉयर' रखा गया है। इसकी जानकारी खुद अमिताभ बच्चन ने दी है। अमिताभ बच्चन ने खबर शेयर करते हुए एक चौराहे की एक तस्वीर शेयर की और रामचरित मानस की एक चौपाई पोस्ट की।
अमिताभ ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, 'प्रबिसि नगर कीजे सब काजा। हृदयं राखि कोसलपुर राजा।'- रामचरितमानस, सुंदर कांड। भावार्थ, अयोध्यापुरी के राजा श्री रघुनाथजी को हृदय में रखे हुए नगर में प्रवेश करके सब काम कीजिए। पोलैंड के व्रोकलॉ शहर में एक चौराहे का नाम मेरे पिताजी के नाम पर रखा गया है।'
अभिषेक बच्चन ने भी इस खबर पर आभार जताया। उन्होंने अपने पिता के ट्वीट को कोट करते हुए एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने हाथ जोडऩे की इमोजी बनाई।
इंस्टाग्राम पर अमिताभ ने लिखा, 'पोलैंड के व्रोकलॉ शहर की सिटी काउंसिल ने एक चौराहे का नाम मेरे पिताजी के नाम पर रखने का फैसला किया है। दशहरे के त्योहार पर इससे अच्छा तोहफा कुछ और नहीं सकता है। परिवार, व्रोकलॉ के भारतीय समुदाय और भारत के लिए एक गर्व का पल। जय हिंद।
पोलैंड में इससे पहले भी स्व. हरिवंश राय जी को सम्मान मिला है। पिछले साल दिसंबर के महीने में पोलैंड के एक चर्च में हरिवंश जी के लिए एक प्रार्थना सभा रखी गई थी। वहीं इसी साल जुलाई के महीने में पोलैंड के ही एक कॉलेज के छात्रों ने हरिवंश राय बच्चन जी की कविता 'मधुशाला' का गायन किया था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी देखा गया था।
---
Leave A Comment