आशिकी स्टार राहुल रॉय को शूटिंग के दौरान हुआ ब्रेन स्ट्रोक, मुंबई के अस्पताल में हुए भर्ती
मुंबई। बॉलीवुड फिल्म स्टार राहुल रॉय को ब्रेन स्ट्रोक हुआ है। राहुल रॉय को फिल्म एलएसी- लाइव द बैटल की शूटिंग के दौरान ब्रेन स्ट्रोक हुआ। इस फिल्म की शूटिंग कारगिल में की जा रही थी। जिसके बाद उन्हें तुरंत कारगिल से श्रीनगर और फिर मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इस वक्त राहुल रॉय मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती हैं। जहां उन्हें इलाज के लिए आईसीयू में रखा गया है। इस बारे में उनके भाई रोमिर सेन ने खबर की पुष्टि की है। इसके साथ ही रोमिर सेन ने बताया है कि एक्टर अभी ठीक हैं और रिकवर कर रहे हैं।
ताजा जानकारी के मुताबिक कारगिल में कड़ाके की ठंड और प्रतिकूल मौसम के चलते एक्टर राहुल रॉय को ब्रेन स्ट्रोक आ गया। कारगिल में चल रही उनकी इस फिल्म की शूटिंग में राहुल रॉय एक मेजर का किरदार निभा रहे हैं। इस फिल्म को नितिन कुमार निर्देशित कर रहे हैं। जबकि चित्रा वकील शर्मा और निवेदिता बसु इसे को-प्रोड्यूस कर रहे हैं।
आशिकी से पाई थी पहचान
एक्टर राहुल रॉय ने 90 के दशक में अपनी सुपरहिट फिल्म आशिकी से रातों-रात शोहरत पाई थी। इस फिल्म के साथ राहुल रॉय ने फिल्मी दुनिया में एंट्री की थी। जबकि फिल्म में उनके साथ लीड एक्ट्रेस अनु अग्रवाल ने भी डेब्यू किया था। इस फिल्म को महेश भट्ट ने निर्देशित किया था। उस वक्त इस फिल्म का बजट करीब 30 लाख रूपये था। जबकि बॉक्स ऑफिस से फिल्म ने करीब 5 करोड़ रुपये की कमाई की थी। ये एक शानदार ब्लॉकबस्टर फिल्म थी। जिसके गाने आज तक लोगों की जुबां पर हैं। इसके बाद एक्टर उस वक्त चर्चा में आए जब उन्होंने बिग बॉस के पहले सीजन में एंट्री ली और इस सीजन के विजेता भी बने थे।
Leave A Comment