देवानंद की पुण्यतिथि पर टीना अंबानी ने किया सुपरस्टार को इसतरह याद....
मुंबई। बॉलीवुड एक्टर देवानंद इंडस्ट्री के उन गिने चुने सितारों में से एक हैं जिन्होंने फिल्मी दुनिया को एक अलग मुकाम पर पहुंचाया था। एक समय ऐसा भी था जब देवानंद का जुडऩे भर से फिल्म सुपरहिट हो जाती थी। देवानंद को बॉलीवुड के पहले एवरग्रीन हीरो के नाम से बुलाया जाता है। देवानंद जितने बड़े सुपरस्टार थे उनका दिल उससे भी ज्यादा बड़ा था। मौका मिलने पर देवानंद लोगों की मदद जरूर करते थे। देवानंद ने बॉलीवुड में कई खूबसूरत अदाकाराओं को भी लॉन्च किया था। इस लिस्ट में तब्बू, जीनत अमान और टीना अंबानी जैसी अभिनेत्रियों का नाम शामिल है।
देवानंद की इन अच्छाइयों की वजह से लोग आज भी उनको बड़े ही सम्मान के साथ याद करते हैं। बीते दिन ही देवानंद की पुण्यतिथि थी। देवानंद की पुण्यतिथि के मौके पर टीना अंबानी ने बॉलीवुड के इस सुपरस्टार को याद किया। टीना अंबानी ने सोशल मीडिया पर अपनी और देवानंद की एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर शेयर की। इस तस्वीर में टीना अंबानी, देवानंद के साथ स्क्रिप्ट पढ़ती नजर आ रही हैं। इन दोनों सितारों के चेहरे पर मुस्कान साफ देखी जा सकती है। तस्वीर को शेयर करते हुए टीना अंबानी ने देवानंद का शुक्रिया अदा किया है।
टीना अंबानी ने लिखा, 'ऐसे इंसान की तारीफ करना चाहिए जो हर किसी के किस्मत के रास्ते खोल देता था। देवानंद ने मुझे खोजा था। उन्होंने मेरे अंदर के क्रिएटिव कलाकार को पहचाना। उनको यकीन था कि मैं एक स्टार बन सकती हूं। देवानंद साहब मुझे पर इतना भरोसा करने के लिए आपका धन्यवाद...। मुझे इतनी शानदार यादें देने के लिए आपका बहुत शुक्रिया...। आपकी कमी मुझे आज भी महसूस होती है।'
गौरतलब है कि देवानंद ने टीना अंबानी को साल 1978 में आई अपनी फिल्म 'देस परदेस' में लॉन्च किया था। इस फिल्म को देवानंद ने ही प्रोड्यूज और डायरेक्ट किया था। इस फिल्म में टीना अंबानी के अलावा प्राण, अजीत खान, अमजद खान, बिंदु, प्रेम चोपड़ा और महमूद जैसे सितारे नजर आए थे।
--
Leave A Comment