केबल कार दुर्घटना में तीन पर्यटकों सहित चार लोगों की मौत
रोम. इटली में नेपल्स के दक्षिण में एक केबल कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन पर्यटकों सहित चार लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ब्रिटिश और एक इजराइली महिला भी शामिल हैं। विको इक्वेन्स के मेयर के प्रवक्ता मार्को डी रोजा ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार को हुई दुर्घटना के बाद पहचाने गए तीन विदेशी मृतकों में एक ब्रिटिश महिला और एक इजराइली महिला शामिल हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ‘ट्रैक्शन केबल' के टूटने की वजह से यह दुर्घटना हुई। कैस्टेलम्मारे डी स्टेबिया शहर में मोंटे फेतो से गुजरते समय ऊपर और नीचे की ओर जाने वाली दोनों केबल कार रुक गईं, जिससे एक केबल कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अधिकारियों ने बताया कि विदेशी पर्यटक माना जा रहा पांचवां व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे नेपल्स के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद पहाड़ के पास हवा में फंसी दूसरी केबल कार से सोलह यात्रियों को बाहर निकाला गया।
स्थानीय अधिकारियों ने घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है जिसमें केबल स्टेशनों, खंभों, दो कैबिन और केबल का निरीक्षण शामिल होगा।
Leave A Comment