स्लोवाकिया के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित हुए प्रधानमंत्री मोदी, भारत का बढ़ाया गौरव
ब्रातिस्लावा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को स्लोवाकिया की यात्रा के दौरान देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत और स्लोवाकिया के बीच मजबूत होते संबंधों और वैश्विक स्तर पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जा रहा है।
स्लोवाकिया का सर्वोच्च सम्मान प्राप्त करना भारत के लिए एक महत्वपूर्ण कूटनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है। यह किसी विदेशी देश की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया गया 33वां अंतरराष्ट्रीय सम्मान है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने स्लोवाकिया की सरकार और वहां के नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि ब्रातिस्लावा में ‘ऑर्डर ऑफ द व्हाइट डबल क्रॉस (फर्स्ट क्लास)’ प्राप्त कर वह सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान स्लोवाकिया के लोगों और सरकार के साथ-साथ भारत के 140 करोड़ नागरिकों का भी सम्मान है। प्रधानमंत्री ने इस पुरस्कार को भारत और स्लोवाकिया की स्थायी मित्रता को समर्पित किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने स्लोवाकिया के राष्ट्रपति पीटर पेलेग्रिनी के साथ हुई बातचीत का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि बैठक में विनिर्माण, परिवहन, नवाचार, निवेश, ऊर्जा और जैव ईंधन जैसे अनेक विषयों पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की व्यापक संभावनाओं और लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और स्लोवाकिया के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग की अपार संभावनाएं हैं। दोनों पक्षों ने निवेश संबंधों को मजबूत करने और नई प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में साझेदारी बढ़ाने पर सहमति जताई।
स्लोवाकिया यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने वहां के प्रमुख उद्योगपतियों और व्यापारिक नेताओं से भी मुलाकात की। उन्होंने स्लोवाक कंपनियों को भारत में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और निवेश बढ़ाने के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि प्रधानमंत्री रॉबर्ट फित्सो की मेजबानी में आयोजित बैठक में दोनों देशों के बीच आर्थिक संबंधों को मजबूत करने, निवेश प्रवाह बढ़ाने तथा नवाचार, प्रौद्योगिकी और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग का विस्तार करने पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने भारत की सुधार यात्रा और निवेशकों के लिए उपलब्ध अवसरों को भी रेखांकित किया।
पीएम नरेंद्र मोदी ने स्लोवाक उद्योग जगत से भारत के साथ अपनी साझेदारी को और गहरा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत में तेजी से विकसित हो रहा आर्थिक और औद्योगिक वातावरण विदेशी निवेशकों के लिए अनेक नए अवसर प्रदान कर रहा है।










Leave A Comment