मोदी और अल्बनीज ने आतंकवाद से लड़ने के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके आस्ट्रेलियाई समकक्ष एंथनी अल्बनीज ने शुक्रवार को वैश्विक स्तर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने और आतंकवाद के खिलाफ साझा लड़ाई में सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई। पहले वार्षिक भारत-ऑस्ट्रेलिया शिखर सम्मेलन में दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों के बीच हुई व्यापक वार्ता के दौरान वैश्विक आतंकवाद से निपटने के तरीकों पर प्रमुखता से चर्चा हुई। एक संयुक्त बयान में कहा गया है कि मोदी और अल्बनीज ने आतंकवाद के सभी रूपों की कड़ी निंदा करते हुए व्यापक व निरंतर तरीके से आतंकवाद से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने आतंकवाद को प्रोत्साहित करने, समर्थन देने, वित्तीय मदद पहुंचाने या आतंकवादियों व आतंकी समूहों को आश्रय प्रदान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की आवश्यकता को भी रेखांकित किया। संयुक्त बयान में कहा गया है, ‘‘उन्होंने सभी देशों से आह्वान किया कि वे आतंकवादियों के सुरक्षित पनाहगाह और बुनियादी ढांचे को खत्म करने, आतंकवादी नेटवर्क व उनको वित्तीय मदद पहुंचाने के रास्तों को बंद करने, आतंकवादियों के छद्म उपयोग और उनकी सीमा पार आवाजाही को रोकने के लिए मिलकर काम करें।”



.jpg)





.jpg)
Leave A Comment