कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल
बेंगलुरु। कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से टिकट नहीं मिलने पर नाराज पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टर सोमवार को कांग्रेस में शामिल हो गए।
भाजपा पर उन्हें ‘‘सम्मानजनक विदाई’’ न देकर उनका ‘‘अपमान’’ करने का आरोप लगाते हुए भाजपा की राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होकर वह अपने जीवन का एक ‘‘नया अध्याय’’ शुरू कर रहे हैं। शेट्टर छह बार के विधायक, विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। भाजपा के हुब्बल्ली-धारवाड़ मध्य सीट से उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव के लिए टिकट न देने पर उन्होंने पार्टी से अलग होने का फैसला किया।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, महासचिव के. सी. वेणुगोपाल, रणदीप सिंह सुरजेवाला (कर्नाटक प्रभारी), कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डी. के. शिवकुमार और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया सहित अन्य लोगों की उपस्थिति में वह पार्टी में शामिल हुए। शेट्टर के इस कदम से कांग्रेस का हौंसला बढ़ा है। पार्टी की प्रचार समिति के अध्यक्ष एम. बी. पाटिल ने कहा, ‘‘ इससे लिंगायत भाजपा के खिलाफ होकर कांग्रेस का रुख करेंगे।’’ पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं लिंगायत नेता लक्ष्मण सावदी ने भी अथानी सीट से उन्हें टिकट न मिलने पर पिछले हफ्ते भाजपा छोड़ दी थी और वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे।
आगामी चुनाव के लिए हुब्बल्ली-धारवाड़ (मध्य) विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में शिवकुमार ने शेट्टर को ‘बी’ प्रपत्र दिया। शेट्टर ने रविवार को विधायक पद से इस्तीफा दे दिया था।
भाजपा के शीर्ष नेताओं ने उन्हें दूसरों के लिए रास्ता बनाने के वास्ते विधानसभा चुनाव नहीं लड़ने का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा था कि वह आखिरी बार चुनाव लड़ना चाहते हैं।शेट्टर ने कहा, ‘‘ मैं आज भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहा हूं। कई लोग इस बात से हैरान होंगे कि आखिर क्यों एक पूर्व मुख्यमंत्री, दो बार का नेता प्रतिपक्ष और पार्टी अध्यक्ष भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहा है। कई जगह से मुझ पर दबाव बनाने की कोशिश की गई, लेकिन कोई मेरा दर्द नहीं समझ रहा जो बतौर एक वरिष्ठ नेता में पिछले कुछ महीनों से झेल रहा हूं।’’








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment