काशी तमिल संगमम से 'श्रेष्ठ भारत' की भावना मजबूत हुई: प्रधानमंत्री मोदी
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि काशी तमिल संगमम सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान का जीवंत मंच बन गया है और इस वर्ष इसका विषय 'तिरुक्कुरल पयिलोवोम (आइए तिरुक्कुरल सीखें)' विशेष महत्व रखता है। मोदी ने कहा कि काशी तमिल संगमम के कारण 'श्रेष्ठ भारत' की भावना भी मजबूत हुई है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, ''मुझे बहुत प्रसन्नता है कि काशी तमिल संगमम 5.0 आज शुरू हो गया है। काशी की पवित्र नगरी में तमिलनाडु और अन्य स्थानों से आने वाले सभी लोगों का हार्दिक स्वागत है।''
प्रधानमंत्री ने कहा कि इस वर्ष संगमम का विषय 'तिरुक्कुरल पयिलोवोम' विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि महान तिरुवल्लुवर की शिक्षाएं मानव जीवन के अनेक पहलुओं पर अमूल्य मार्गदर्शन प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि तिरुक्कुरल का 50 भाषाओं में अनुवाद जारी किया गया है, जिनमें 10 विदेशी भाषाएं भी शामिल हैं। मोदी ने कहा, '' ऐसे प्रयासों से महान तिरुवल्लुवर के विचार युवाओं के बीच और अधिक लोकप्रिय हों।'' मोदी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में काशी तमिल संगमम सांस्कृतिक और बौद्धिक आदान-प्रदान का जीवंत मंच बन गया है और इसके साथ ही इससे 'श्रेष्ठ भारत' की भावना भी मजबूत हुई है।
काशी तमिल संगमम तमिलनाडु और काशी (वाराणसी) के बीच लंबे समय से चले आ रहे सांस्कृतिक, भाषाई और सभ्यतागत संबंधों का उत्सव मनाता है और यह 'एक भारत, श्रेष्ठ भारत' की भावना को दर्शाता है। इस आयोजन का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इस बार इसका विषय 'तिरुक्कुरल पयिलोवोम- तिरुक्कुरल अभ्यास करें' है। इसका उद्देश्य युवा विद्यार्थियों के बीच तिरुक्कुरल की शाश्वत शिक्षाओं को बढ़ावा देना है। तिरुक्कुरल तमिल कवि और दार्शनिक तिरुवल्लुवर द्वारा रचित आचार और आचरण पर आधारित प्राचीन तमिल ग्रंथ है। वाराणसी प्रधानमंत्री का लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र है।
--









Leave A Comment