ब्रेकिंग न्यूज़

 कच्चे जूट की जमाखोरी रोकने के लिए सरकार ने स्टॉक सीमा तय की

नयी दिल्ली. जूट आयुक्त ने कच्चे जूट की जमाखोरी रोकने और कीमतों में उतार-चढ़ाव पर अंकुश लगाने के लिए गांठ बनाने वाली इकाइयों, भंडारकों, व्यापारियों और जूट मिलों के पास इसके भंडार की सीमा तय कर दी है। इसके तहत निर्धारित सीमा से अधिक भंडार रखने वालों को अतिरिक्त स्टॉक बेचकर 10 दिसंबर तक खरीदारों को उसकी वास्तविक आपूर्ति करनी होगी। जूट एवं जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के तहत 27 नवंबर को जारी यह आदेश कच्चे जूट की कीमतों में अस्थिरता और सट्टेबाजी के कारण कीमतों में हो रही वृद्धि की चिंताओं के बीच आया है। सरकार का कहना है कि इससे जूट उद्योग, उत्पादन और रोजगार पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। वस्त्र मंत्रालय के अनुसार, इस कदम का उद्देश्य बाजार में कच्चे जूट की उपलब्धता बढ़ाना, आपूर्ति स्थिर करना और बाजार में हेराफेरी रोकना है। 
इससे किसानों, विनिर्माताओं और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा करने में भी मदद मिलेगी। नए नियमों के तहत जूट आयुक्त कार्यालय में पंजीकृत या अधिसूचना की तारीख तक पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले उन जूट गांठ निर्माताओं को अधिकतम 1,000 क्विंटल कच्चा जूट रखने की अनुमति होगी, जिनके परिसर में गांठ बनाने की मशीन लगी है। अन्य पंजीकृत भंडारक या अधिसूचना की तारीख तक पंजीकरण के लिए आवेदन करने वाले भंडारक अधिकतम 100 क्विंटल कच्चा जूट रख सकेंगे। वहीं, अपंजीकृत भंडारकों और उन गांठ निर्माताओं के लिए यह सीमा पांच क्विंटल तय की गई है, जिन्होंने पंजीकरण के लिए आवेदन नहीं किया है। जूट स्मार्ट पोर्टल पर स्टॉक का ब्योरा नहीं देने वाली पंजीकृत इकाइयों पर भी पांच क्विंटल की सीमा लागू होगी। कच्चे जूट से जूट उत्पाद बनाने वाली मिलों और विनिर्माण इकाइयों को अपनी मौजूदा उत्पादन दर के आधार पर अधिकतम 90 दिन की खपत के बराबर स्टॉक रखने की अनुमति होगी। आदेश के अनुसार, निर्धारित सीमा से अधिक भंडार रखने वाली इकाइयों को अतिरिक्त स्टॉक बेचकर 10 दिसंबर, 2026 तक खरीदारों तक उसकी वास्तविक आपूर्ति सुनिश्चित करनी होगी। साथ ही, मौजूदा भंडार निर्धारित सीमा के भीतर आने तक उन्हें नया कच्चा जूट खरीदने से रोक दिया गया है। आदेश के दायरे में आने वाले सभी लोगों को हर पखवाड़े जूट स्मार्ट पोर्टल पर अपने स्टॉक का ब्योरा देना और उसे अद्यतन करना होगा। स्टॉक सीमा से बचने के प्रयासों को रोकने के लिए एक ही परिसर में रखे गए कच्चे जूट को एक ही भंडार माना जाएगा, भले ही वह अलग-अलग व्यापारियों, भंडारकों या गांठ निर्माताओं के नाम पर रखा गया हो। 
साझा गोदाम या गांठ बनाने की मशीन के इस्तेमाल की स्थिति में भी वहां रखे कुल स्टॉक पर निर्धारित सीमा लागू होगी। इसके अलावा, बिक्री के लिए अनुबंधित कच्चे जूट को तब तक विक्रेता के स्टॉक का हिस्सा माना जाएगा, जब तक उसकी खरीदार को वास्तविक आपूर्ति नहीं हो जाती। आदेश को लागू कराने के लिए जूट आयुक्त के अधिकृत प्रतिनिधियों और राज्य पुलिस अधिकारियों को गोदामों सहित संबंधित परिसरों में प्रवेश और तलाशी लेने, स्टॉक के ब्योरे की जांच के लिए दस्तावेजों और रिकॉर्ड का निरीक्षण करने तथा नियमों के उल्लंघन में रखे गए कच्चे जूट को जब्त करने का अधिकार होगा। जूट आयुक्त कार्यालय कच्चे जूट की जमाखोरी करने वाली इकाइयों के खिलाफ कार्रवाई के लिए संबंधित राज्य सरकारों से भी सहायता मांगेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर जूट एवं जूट वस्त्र नियंत्रण आदेश, 2016 के खंड 11 और आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा सात के तहत कारावास और जुर्माने का प्रावधान है।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english