घर में कभी ना रखें ये चीजें...तरक्की में आती है रुकावट
वास्तु के अनुसार घर में चीजों का सही प्रकार से व्यवस्थित रूप से रखा होना बहुत आवश्यक माना जाता है। घर को व्यवस्थित रखने से देखने में तो अच्छा लगता ही है, इसके अलावा घर में सकारात्मकता भी बनी रहती है। वास्तु के अनुसार आवश्यकता से अधिक फालतू और खराब सामान घर में नकारात्मकता को बढ़ाता है। वास्तु में ऐसी ही कुछ चीजों के बारे में बताया गया है, जिन्हें घर में रखना बहुत ही अशुभ माना जाता है। इन चीजों के आपके घर में होने से परिवार के सदस्यों की तरक्की और समृद्धि में बाधा आती है। तो चलिए जानते हैं कि वास्तु के अनुसार किन चीजों को घर में नहीं रखना चाहिए।
बंद पड़ी हुई घडिय़ां-
घड़ी हमें समय बताती है और निरंतर चलती रहती है। चूंकि घड़ी समय की सूचक है इसलिए वास्तु में घड़ी को तरक्की और उन्नति का सूचक माना गया है। जहां सही घड़ी आपको जीवन में आगे ले जाती हैं। तो वहीं घर में बंद घडिय़ां आपकी तरक्की में बाधा बनती हैं। यही कारण है कि वास्तु में बंद पड़ी घडिय़ों को घर में रखने को मना किया जाता है। माना जाता है कि घर में बंद पड़ी हुई घडिय़ों के कारण आपका भाग्य भी खराब होने लगता है।
बंद पड़े ताले-
ज्यादातर लोग घर में ताले को बंद करके लटका देते हैं या फिर खराब हो जाने के बाद भी घर में ही रखे रहने देते हैं, लेकिन यह सही नहीं होता है। घर में बदं, खराब या जंग लगे हुआ ताले कभी नहीं रखने चाहिए। ये आपकी तरक्की में तो रूकावट लाते ही हैं साथ ही विवाह होने में भी दिक्कते आती हैं।
आवश्यकता से अधिक जूते-चप्पल-
जूते-चप्पल केवल आपके पैरों को धूप गर्मी और सर्दी से सुरक्षा नहीं करते हैं ये आपके जीवन में संघर्ष में भी साथ होते हैं। वास्तु के अनुसार घर में आवश्यकता से अधिक जूते-चप्पल या खराब पड़े हुए जूते-चप्पल आपके घर में नकारात्मकता को बढ़ाते हैं। खराब या फटे हुए जूते-चप्पलों के कारण आपके जीवन में संघर्ष बढ़ता है। यदि आपके घर में आवश्यकता से अधिक जूते हैं तो खराब जूतों को फेंक दें और उपयोग लायक जूतों को जरूरतमंदों को बांट दें। इस कार्य को करने के लिए शनिवार का दिन उत्तम रहता है।
फटे-पुराने कपड़े
कपड़े किसी भी व्यक्ति की तरक्की में अहम भूमिका रखते हैं। कपड़ों का संबंध भाग्य से माना जाता है। घर में खराब फटे-पुराने कपड़े रखना सही नहीं रहता है। ये आपके दुर्भाग्य को बढ़ाते हैं। यदि घर में पुराने कपड़े हैं तो उन्हें बांट दें और खराब कपड़ों को किसी कार्य में उपयोग में ले लें तो ही बेहतर रहता है।
देवी-देवताओं की पुरानी खंडित तस्वीरें और प्रतिमाएं
घर या घर के मंदिर में ज्यादा पुरानी खंडित या कटी-फटी तस्वीरें नहीं रखनी चाहिए। इससे पूजा करते समय आपका ध्यान भटकता है, जिससे आप एकाग्र होकर भगवान की पूजा नहीं कर पाते हैं। खंडित मूर्तियां भी आपके घर में नकारात्मकता को बढ़ाती हैं। इससे आपकी समृद्धि में रूकावट आती है। समय-समय पर घर में रखी प्रतिमाओं को बदलते रहना चाहिए। पुरानी प्रतिमाओं को मिट्टी में दबा देनी चाहिए या फिर बहते जल में प्रवाहित कर देना चाहिए। यदि मूर्ति या तस्वीरों को बनाने में किसी प्रकार के रसायन का प्रयोग किया गया हो तो उसे नदी में न बहाएं।
Leave A Comment