पूजा से जुड़े ये 5 जरूरी नियम क्या आप जानते हैं?
हिंदू धर्म में हमारी रोजाना की दिनचर्या में पूजा पाठ का महत्वपूर्ण स्थान है और ज्यादातर लोगों के घर में अलग पूजा स्थान अवश्य होता है जहां वे शांति से पूजा करके ईश्वर को याद करते हैं, लेकिन अगर रोजाना पूजा-पाठ करने के बाद भी आपका मन अशांत है, आपको अपनी पूजा का उचित फल नहीं मिल रहा तो इसका मतलब है कि आप से पूजा के दौरान कुछ गलतियां हो रही हैं। रोजाना पूजा करना जितना जरूरी है, पूजा-पाठ के सामान्य नियमों का पालन करना भी उतना ही जरूरी है, वरना आपको नुकसान हो सकता है।
पूजा-पाठ के दौरान 5 बातों का रखें ध्यान
वैसे तो हर देवी-देवता की पूजा के दौरान मंत्रोच्चार, आरती और पूजा का तरीका अलग-अलग हो सकता है, लेकिन कुछ बातें ऐसी हैं जो हमेशा एक समान ही रहती हैं और पूजा-पाठ कै दौरान इन नियमों का पालन अवश्य करना चाहिए-
1. घर का मंदिर या पूजा का स्थान हमेशा ईशान कोण यानी उत्तर पूर्व दिशा में होना चाहिए। यह दिशा भगवान के मंदिर के लिए सबसे शुभ मानी जाती है, लेकिन अगर आपके घर में पूजा स्थल पश्चिम या दक्षिण पश्चिम दिशा में हो तो आपको पूजा का लाभ प्राप्त नहीं होगा।
2. घर में पूजा करते वक्त इस बात का ध्यान रखें कि आपका मुंह पश्चिम दिशा की ओर हो और मंदिर या भगवान का मुख पूर्व दिशा की ओर। साथ ही देवी-देवताओं की मूर्ति के सामने कभी भी पीठ करके नहीं बैठना चाहिए।
3. बहुत से लोगों को आपने देखा होगा कि वे जमीन पर ही बैठकर पूजा करने लगते हैं, लेकिन पूजा के समय आसन का उपयोग करना जरूरी है। ऐसी मान्यता है कि बिना आसन पर बैठे पूजा-पाठ करने से दरिद्रता आती है। इसलिए पूजा के दौरान साफ-सुथरे आसन का इस्तेमाल जरूर करें। अगर आसन न हो तो उसकी जगह कंबल का भी उपयोग किया जा सकता है।
4. घर में अगर मंदिर हो तो वहां पर सुबह शाम एक दीपक अवश्य जलाएं। एक घी का दीपक और एक तेल का दीया।
5. भगवान विष्णु, गणेश, शिव जी, सूर्य देव और देवी दुर्गा को पंचदेव कहा जाता है। रोजाना पूजा करते समय इन पंचदेवों का ध्यान अवश्य करना चाहिए। ऐसा करने से सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है।
Leave A Comment