विष्णु, गणपति-वरूण की जोड़ी ने भी क्वालीफाई किया
तोक्यो में पहली बार चार भारतीय सेलर उतरेंगे
नयी दिल्ली। विष्णु सरवनन के अलावा गणपति चेंगप्पा और वरूण ठक्कर की जोड़ी ओमान में एशियाई क्वालीफायर के जरिए ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करके भारतीय खेलों के इतिहास में नया अध्याय जोड़ने में सफल रहे क्योंकि पहली बार ऐसा होगा जबकि तोक्यो में होने वाले खेलों में देश के चार सेलर हिस्सा लेंगे। बुधवार को नेत्रा कुमानन तोक्यो खेलों के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली भारतीय महिला सेलर बनी थी। उन्होंने मुसानाह ओपन चैंपियनशिप के जरिए लेजर रेडियल स्पर्धा में क्वालीफाई किया। यह प्रतियोगिता एशियाई ओलंपिक क्वालीफाइंग टूर्नामेंट था। भारत पहली बार ओलंपिक में तीन स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेगा। अब तक भारत ने ओलंपिक की सिर्फ एक ही स्पर्धा में चुनौती पेश की थी लेकिन चार मौकों पर उसके दो सेलर खेलों के महाकुंभ में जगह बनाने में सफल रहे हैं। भारतीय याचिंग संघ के संयुक्त सचिव कैप्टन जितेंद्र दीक्षित ने कहा, हां, इतिहास रचा गया है। चार भारतीय सेलर ने ओलंपिक की तीन स्पर्धाओं के लिए क्वालीफाई किया है। यह क्वालीफाई करने वाले सेलर की अधिकतम संख्या है और साथ ही स्पर्धाओं की भी।'
Leave A Comment