पूर्व ओलम्पियन फुटबॉल खिलाड़ी पीके बनर्जी का निधन
कोलकाता। भारत के महान फुटबॉलर, पूर्व ओलम्पियन और पूर्व कोच प्रदीप कुमार बैनर्जी का आज कोलकाता में निधन हो गया है। वे 83 वर्ष के थे। उनके परिवार में दो पुत्रियां हैं।
पी.के बैनर्जी के निधन से भारतीय फुटबॉल का एक युग समाप्त हो गया है। प्रदीप कुमार बैनर्जी भारतीय फुटबॉल में पीके बैनर्जी के नाम से लोकप्रिय थे। उनके निधन से भारतीय फुटबॉल जगत में शोक की लहर दौड़ गयी है। अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ-ए.आई.एफ.एफ. ने बैनर्जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। श्री बैनर्जी पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। वे पिछले दो सप्ताह से अस्पताल में आईसीयू में भर्ती थे। उन्होंने कोलकाता के एक अस्पताल में आज अंतिम सांस ली।
पी.के. बैनर्जी 1962 में जकार्ता एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक विजेता टीम के सदस्य थे। बैनर्जी ने फाइनल में दक्षिण कोरिया के खिलाफ गोल दागा था, जिसकी बदौलत भारत ने 2-1 से ऐतिहासिक जीत दर्ज की थी। उन्हें 1961 में अर्जुन पुरस्कार और 1990 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। फीफा ने उन्हें 2004 में शताब्दी आर्डर आफ मेरिट प्रदान किया था।
---
Leave A Comment