पांच खिलाड़ी के लिए खेल रत्न और 29 खिलाड़ियों के लिए अर्जुन पुरस्कार की सिफारिश
नयी दिल्ली। स्टार क्रिकेटर रोहित शर्मा, पहलवान विनेश फोगाट और महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल सहित पांच खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश इस साल के राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार जबकि 29 खिलाड़ियों की अर्जुन पुरस्कार के लिये की गयी है। खेल मंत्रालय की 12 सदस्यीय चयन समिति ने मंगलवार को यह सिफारिश की। टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और रियो पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता ऊंची कूद के एथलीट मरियप्पन थंगवेलु के नाम भी सिफारिश भी देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार के लिये की गयी है। पहले चार खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गयी थी लेकिन बाद में इसमें रानी रामपाल का नाम भी जोड़ दिया गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया अर्जुन पुरस्कार के लिये भारतीय तेज गेंदबाज इशांत शर्मा, निशानेबाज सौरभ चौधरी और मनु भाकर, फर्राटा धाविका दुती चंद, फुटबालर संदेश झिंगन, महिला क्रिकेटर दीप्ति शर्मा, महिला मुक्केबाज लोवलीना बोरगोहेन और लूस के दिग्गज शिवा केशवन सहित 29 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की गयी है। इकतीस वर्षीय इशांत ने अब तक भारत की तरफ से 97 टेस्ट और 80 एकदिवसीय मैच खेले हैं और उनके नाम पर 400 से अधिक अंतरराष्ट्रीय विकेट दर्ज हैं। खेल पुरस्कारों के इतिहास में यह पहला अवसर है जबकि पांच खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश खेल रत्न के लिये की गयी है। इस पर अंतिम फैसला खेल मंत्री किरेन रीजीजू को करना है। इससे पहले 2016 में चार खिलाड़ियों बैडमिंटन खिलाड़ी पी वी सिंधू, जिम्नास्ट दीपा करमाकर, निशानेबाज जीतू राय और पहलवान साक्षी मलिक को एक साथ यह पुरस्कार दिया गया था। तैतीस वर्षीय रोहित खेल रत्न पाने वाले केवल चौथे क्रिकेटर होंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, हाल में संन्यास लेने वाले महेंद्र सिंह धोनी और वर्तमान कप्तान विराट कोहली यह सम्मान हासिल कर चुके हैं। तेंदुलकर पहले भारतीय क्रिकेटर थे जिन्हें 1998 में खेल रत्न पुरस्कार दिया गया था। धोनी को 2007 और कोहली को 2018 में भारोत्तोलक मीराबाई चानू के साथ यह पुरस्कार मिला था।
Leave A Comment