संजीव कपूर एआईसीएफ के अध्यक्ष निर्वाचित, चौहान सचिव पद पर बरकरार
चेन्नई। संजय कपूर को सोमवार को अखिल भारतीय शतरंज महासंघ (एआईसीएफ) के ऑनलाईन मतदान से हुए चुनावों में अध्यक्ष चुना गया, जबकि भरत सिंह चौहान सचिव पद को बरकरार रखने में सफल रहे। उत्तर प्रदेश शतरंज संघ का प्रतिनिधित्व करने वाले कपूर ने करीबी मुकाबले में निवर्तमान अध्यक्ष पी आर वेंकटराम राजा को हराया। कपूर को राजा के 31 के मुकाबले 33 मत मिले। चौहान ने रवींद्र डोंगरे को 35-29 से हराया। चौहान गुट से संबंध रखने वाले नरेश शर्मा को कोषाध्यक्ष चुना गया, जिन्होंने किशोर बांदेकर को 34-30 मतों से हराया। लंबे समय से चले आ रहे विवादों के बाद अदालत द्वारा नियुक्त पर्यवेक्षक न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) के कन्नन की देखरेख में चुनाव कराये गये। कोविड-19 महामारी के कारण चुनाव प्रक्रिया का ऑनलाइन आयोजन हुआ। यह 2005 के बाद पहली बार है जब एआईसीएफ में पदों के लिए चुनाव हुए। पिछले 15 वर्षों में उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से चुना गया था। अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष के अलावा, छह उपाध्यक्ष और छह संयुक्त सचिव भी चुने गए। कपूर ने कहा कि वह देश के शतरंज खिलाडिय़ों और प्रशंसकों के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा, हमने इतिहास रचा है। यह शतरंज के चाहने वालों की जीत है। यह शतरंज के खिलाडिय़ों और प्रशंसकों के लिए एक नए युग की शुरुआत है।
Leave A Comment