- Home
- देश
-
नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से इस साल नौ राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ने का आह्वान किया है। नई दिल्ली में आज पार्टी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पहले दिन अपने उद्घाटन भाषण में श्री नड्डा ने उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गुजरात विधानसभा चुनाव में किये गये काम से सीख लेने को भी कहा। मीडिया से बातचीत में वरिष्ठ पार्टी नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि श्री नड्डा ने गुजरात विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत को ऐतिहासिक बताया है। श्री नड्डा ने बताया कि देश भर में सौ लोकसभा क्षेत्रों में 72 हजार बूथ चिन्हित किये गये हैं जहां भाजपा कमजोर थी लेकिन हम एक लाख तीस हजार बूथों तक पहुंचे और पार्टी की नीतियों को प्रसार किया।
श्री नड्डा ने अपने भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पंच प्रण का भी जिक्र किया। इसमें औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्ति, देश की विरासत पर गर्व, विकसित भारत के निर्माण की प्रतिबद्धता, अनेकता में एकता और लोगों को देश के प्रति जिम्मेदार बनाना शामिल है। उन्होंने कहा कि कोविड टीकाकरण की दो सौ 20 करोड़ खुराक देना नये भारत को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ब्रिटेन को पीछे छोड़ भारत विश्व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। श्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि श्री नड्डा ने कहा है कि पहली बार देश के राष्ट्रपति जनजातीय समुदाय के हैं। भाजपा ने समाज के वंचित वर्ग का सम्मान किया है। - बेंगलुरु। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि कर्नाटक में सत्ता में आने पर पार्टी प्रत्येक घर की एक गृहणी को 2,000 रुपये प्रतिमाह नकद देगी। कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस समिति (केपीसीसी) द्वारा पैलेस ग्राउंड्स में आयोजित ‘ना नायाकी’ कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की महासचिव ने कर्नाटक की महिलाओं से यह वादा किया।केपीसीसी के मुताबिक, ‘गृह लक्ष्मी’ योजना से 1.5 करोड़ गृहणियों को लाभ होगा। गौरतलब है कि इससे कुछ ही दिन पहले पार्टी ने राज्य में प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट प्रतिमाह मुफ्त बिजली देने का भी वादा किया था। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव इस साल मई के आसपास होने हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि तकनीकी रूप से उन्नत सैनिक संपर्क रहित युद्ध के नए मोर्चों और साइबर युद्ध की चुनौतियों के मद्देनजर भारतीय सशस्त्र बलों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे । उन्होंने कहा कि युवाओं की वर्तमान पीढ़ी में विशेष रूप से यह क्षमता है और इसलिए आने वाले समय में अग्निवीरों की सशस्त्र बलों में अग्रणी भूमिका होगी। श्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए तीनों सेनाओं के अग्निवीरों के पहले बैच को संबोधित करते हुए कहा कि नया भारत, नए जोश से भरा है और सशस्त्र बलों को आधुनिक बनाने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास चल रहे हैं।
श्री मोदी ने अग्निपथ योजना के अग्निवीरों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह परिवर्तनकारी नीति भारतीय सशस्त्र बलों को मजबूत बनाने और उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने में एक गेम चेंजर साबित होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि अग्निवीरों से सशस्त्र बल युवा और तकनीकी समझ रखने वाले बनेंगे। अग्निवीरों की क्षमता की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी भावना सशस्त्र बलों की बहादुरी को दर्शाती है जिसने हमेशा राष्ट्रीय ध्वज को ऊंचा रखा है।अपने संबोधन में, प्रधान मंत्री ने यह भी बताया कि यह योजना कैसे महिलाओं को और सशक्त बनाएगी। उन्होंने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि किस प्रकार अग्निवीर महिलाएँ नौसेना का गौरव बढ़ा रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह तीनों सेनाओं में महिला अग्निवीरों को देखने के लिए उत्सुक हैं। श्री मोदी ने सियाचिन में तैनात महिला सैनिकों और आधुनिक लड़ाकू विमानों को चलाने वाली महिलाओं का उदाहरण देते हुए उल्लेख किया कि कैसे महिलाएं विभिन्न मोर्चों पर सशस्त्र बलों का नेतृत्व कर रही हैं। उन्होंने अग्निवीरों से अपनी पसंद के क्षेत्र में कौशल विकास पर काम करने के साथ-साथ नई चीजें सीखने के लिए उत्सुक बने रहने का आह्वान किया। युवाओं और अग्निवीरों की क्षमता की सराहना करते हुए, उन्होंने कहा कि अग्निवीर ही 21 वीं सदी में देश को नेतृत्व प्रदान करने जा रहे हैं। - खरगोन (मप्र) । मध्यप्रदेश के खरगोन जिले में कथित तौर पर पति के साथ विवाद के बाद एक आदिवासी महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ कुएं में कूद गई, जिससे तीनों की मौत हो गई। यह घटना बेड़िया थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार की रात को हुई। बेड़िया पुलिस थाने की उपनिरीक्षक शकुंतला डुडवे ने बताया कि कोमल बाई ने अपने दो पुत्रों के साथ कुएं में छलांग लगा दी, जिससे तीनों की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि शवों का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। कोमल बाई का पति बलिराम फिलहाल फरार है।डुडवे ने बताया कि पति बलिराम के साथ विवाद के बाद कोमल बाई ने अपने मायके पक्ष में फोन भी लगाया था। उन्होंने कहा कि मूलतः खंडवा जिले के पिपलोद थाना क्षेत्र के गांधवा निवासी यह दंपति दो महीने पहले बेड़िया आया था और मिर्च मंडी में मजदूरी का काम करता था।
- मदुरै । मकर संक्रांति के पर्व के साथ ही तमिलनाडु में जल्लीकट्टू का आयोजन भी शुरू हो गया है। पोंगल से लेकर अगले 4 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में रविवार को मदुरै के अवानियापुरम इलाके में करीब 60 लोग घायल हो गए। इनमें से 20 गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें राजाजी अस्पताल रेफर कर दिया गया है। मदुरै के जिला कलेक्टर अनीश शेखर ने बताया कि सामान्य रूप से घायल लोगों को प्राथमिक इलाज के बाद घर भेज दिया गया है। आयोजन के दौरान अभी तक किसी की मौत की खबर नहीं है।कलेक्टर ने पालामेडु इलाके में जल्लीकट्टू के आयोजन पर बताया कि सभी जरूरी इंतजाम कर दिए गए हैं। जगह-जगह बैरीकेड लगाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि जल्लीकट्टू के आयोजन के दौरान बैल और खेल में भाग लेने वाले सभी लोग सुरक्षित रहें। साथ ही दर्शकों की सुरक्षा का भी ख्याल रखा गया है। विभिन्न जगहों पर करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कलेक्टर ने बताया कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि किसी को चोट ना लगे लेकिन अगर कोई घायल हो जाता है तो उसके इलाज के पूरे इंतजाम किए गए हैं। अनीश शेखर ने बताया कि हम उम्मीद कर रहे हैं कि सबकुछ आराम से संपन्न हो जाए।
-
नई दिल्ली। सिकंदराबाद और विशाखापट्टनम को जोड़ने वाली आठवीं वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की नियमित सेवाएं आज से आरंभ हो रही हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल वर्चुअल माध्यम से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाली इस वंदे भारत एक्सप्रेस को झंडी दिखा कर रवाना किया। पहली ट्रेन कल शाम विशाखापट्टनम पहुंची। यह ट्रेन सात सौ किलोमीटर का सफर तय करेगी। इस ट्रेन में चौदह वातानुकूलित चेयरकार कोच और दो एक्जीक्यूटिव वातानुकूलित चेयरकार कोच हैं, जिनकी 128 यात्रियों की क्षमता है। ट्रेन आंध्र प्रदेश में विशाखापट्टनम, राजमुंदरी, और विजयवाड़ा स्टेशनों पर रुकेगी जबकि तेलंगाना में इसके रुकने के स्टेशन खम्मम, वारंगल और सिकंदराबाद हैं। लोगों ने वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।
-
लखनऊ. उत्तर प्रदेश पुलिस ने सड़क सुरक्षा के बारे में लोगों को जागरुक करने और यातायात नियमों का पालन करने को प्रोत्साहित करने के लिए गोल्डन ग्लोब पुरस्कार जीत चुके गाने 'नाटु नाटु' का इस्तेमाल किया है। हाल ही में गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में फिल्म ‘आरआरआर' के लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु' को सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर' श्रेणी का पुरस्कार मिला है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से फिल्म आरआरआर के गाने 'नाटु नाटु' के गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड जीतने के बाद फिल्म की टीम को बधाई दी और लोगों को जागरूक करने के लिए इस गाने के मुखड़े का उल्लेख करते हुए सड़क सुरक्षा के नियमों की याद भी दिलाई। पुलिस ने अपने ट्वीट में हैशटैग ‘नाटु नाटु' का इस्तेमाल करते हुए यह समझाने की कोशिश की कि किसी को लाल बत्ती का उल्लंघन नहीं करना चाहिए, कभी मोटरसाइकिल पर तीन सवारी नहीं करनी चाहिए, किसी को शराब पीकर गाड़ी नहीं चलानी चाहिए और यातायात नियम नहीं तोड़ना चाहिए। पुलिस ने इन नसीहतों के साथ लोगों को जागरूक किया। उत्तर प्रदेश पुलिस के इस ट्वीट को करीब 71 हजार बार देखा जा चुका है। इसे अब तक 1100 से ज्यादा लाइक और 386 बार रीट्वीट किया जा चुका है। सिनेमाघरों में धमाल मचाने वाली फिल्म ‘आरआरआर' ने हाल ही में अमेरिका के लॉस एंजिलिस में गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स में अपने लोकप्रिय गीत ‘नाटु नाटु' के लिए सर्वश्रेष्ठ ‘ओरिजिनल सॉन्ग-मोशन पिक्चर' श्रेणी में पुरस्कार जीतकर इतिहास रच दिया था। इस श्रेणी में ‘नाटु नाटु' ने टेलर स्विफ्ट के गीत ‘कैरोलिना', ग्रेगोरी मान के ‘चाओ पापा', लेडी गागा के ‘होल्ड माय हैंड', फिल्म ‘ब्लैक पैंथर:वकांडा फॉरएवर' के गीत ‘लिफ्ट मी अप' को मात दी। अपर पुलिस महानिदेशक (कानून व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि इस गीत ने सड़क सुरक्षा अभियान के लिए एक आकर्षक नारा तैयार करने में मदद की। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर किये जा रहे प्रयोग उत्तर प्रदेश पुलिस की जागरूकता की मुहिम का हिस्सा है और इसमें लोगों की रुचि बढ़ी है। ‘नाटु नाटु' को अपनी आवाज देने वाले पार्श्व गायक राहुल सिप्लिगुंज ने सड़क सुरक्षा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गाने का उपयोग करने के लिए ट्वीट करके धन्यवाद दिया। उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया सेंटर के प्रभारी अपर पुलिस अधीक्षक राहुल श्रीवास्तव से संपर्क करने पर उन्होंने कहा, ‘‘नाटु नाटु का चयन हमने जन जागरूकता के लिए किया। हम यातायात नियमों के बारे में लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए लोकप्रिय बॉलीवुड गानों का इस्तेमाल कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का यह प्रयोग उत्तर प्रदेश पुलिस को नयी ताकत दे रहा है। -
शाहजहांपुर (उप्र). शाहजहांपुर के पक्षी प्रेमी पंकज बाथम ने देशी-विदेशी पक्षियों का एक अभयारण्य बनाया है, जो कई लोगों को आकर्षित करता है। बाथम को यह प्रेरणा अपनी दादी से मिली जिनका पक्षियों से विशेष नाता था, वह पक्षियों को पालती थीं और अक्सर उनसे ‘‘बातें'' भी करती थीं। शाहजहांपुर शहर के निवासी पंकज बाथम ने बताया, ‘‘जब हम छोटे थे तब हमारी दादी सुमति देवी बाथम चिड़ियों को पालती थी, उनसे बातें करती थीं और दादी की मौत के बाद अब उनके इस शौक को मैंने आगे बढ़ाया और मोहम्मदपुर में अपने चार एकड़ के फार्म हाउस में 28 प्रजाति की विदेशी तथा अन्य सैकड़ों देसी चिड़ियों का संसार बसा रखा है।'' उन्होंने कहा कि उनके फार्म हाउस पर पक्षियों की कुछ विदेशी नस्लों में लेडी अमरांता (मलेशिया), रिंगनेट (पोलैंड), योकोहामा (वियतनाम), सिल्की (अमेरिका) और व्हाइट कैप (हॉलैंड) शामिल हैं। इसके अलावा कड़कनाथ नस्ल के मुर्गे और मसकली किस्म के कबूतर भी हैं। बाथम ने बताया कि इन पक्षियों के लिए घोंसले बनाए गए हैं, ताकि उन्हें पर्याप्त मात्रा में हवा मिल सके। समय-समय पर पक्षियों को विटामिन और एंटीबायोटिक पाउडर दिया जाता है, ताकि वे स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा, ‘‘मैं भोजन करने से पहले खुद अपने फार्म हाउस में घूमता हूं तथा देखता हूं कि कोई चिड़िया अस्वस्थ तो नहीं है।'' उन्होंने बताया कि इस काम के लिए दो कर्मचारी तैनात हैं जो चिड़ियों को भोजन पानी की व्यवस्था करते हैं तथा पहरेदारी भी करते हैं कि कहीं कोई चिड़िया अस्वस्थ तो नहीं हो रही है। पंकज बाथम ने बताया कि उन्हें ऑनलाइन माध्यम से विदेशी नस्ल के पक्षी मिलते हैं। ये पक्षी विदेशों से प्रवास के लिए केरल आते हैं और फिर इन्हें ट्रेन से लखनऊ पहुंचाया जाता हैं, जहां से वह इन पक्षियों को लेकर आते हैं। उन्होंने कहा कि एक विदेशी नस्ल के पक्षी की कीमत लगभग 25,000 रुपये है। बाथम के फार्म हाउस में फिल्म ‘मैंने प्यार किया' में नजर आ चुके मसकली कबूतर मौजूद दिखे जो मोर की तरह नाचते हैं। इसकी लंबाई छह इंच है। इसके अलावा तीन इंच लंबा ऑस्ट्रेलियाई तोता भी यहां मौजूद है। बाथम ने बताया कि उनके इस आशियाने में रोजाना सुबह करीब नौ बजे सैकड़ों पक्षी आते हैं, जिन्हें वह दाना डालते हैं। उन्होंने दावा किया कि खेत के कुछ वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में पक्षियों का कोई शिकार नहीं होता है। पंकज ने यह भी दावा किया कि उन्होंने कई पक्षियों को इन्हें बेचने वालों से मुक्त कराया है। स्वामी सुखदेवानंद कॉलेज में जंतु विज्ञान के आचार्य डॉ. रमेश चंद्र ने बताया कि विदेशी नस्ल के पक्षियों का व्यवहार अलग होता है और वे जिस तरह की जलवायु होती है, उसी वातावरण में खुद को ढाल लेते हैं। एक निजी कॉलेज की प्राचार्य शैल सक्सेना ने कहा, ‘‘हमारे कॉलेज के करीब 100 छात्र अपने शिक्षकों के साथ विदेशी नस्ल के पक्षियों को देखने के लिए बाथम के फार्म हाउस गए थे। सक्सेना ने कहा कि पक्षियों के बारे में उन्हें जो जानकारी मिली, वह उत्साहजनक थी।'' पशु-पक्षियों पर काम करने वाली संस्था (पृथ्वी) के धीरज रस्तोगी ने बताया कि 1993 तक साइबेरियाई पक्षी शाहजहांपुर के बहादुरपुर इलाके में पड़ाव डालते थे। हालांकि, वहां निर्माण होने से ऐसे पक्षियों का आना बंद हो गया है। उन्होंने कहा कि जिले में तालाबों और झीलों के सूखने के कारण भी साइबेरियाई पक्षी जिले में नहीं आ रहे हैं।
-
पालघर (महाराष्ट्र) . पालघर में पुलिस ने ‘‘जादू टोना'' करने और एक व्यक्ति से पैसे ठगने के आरोप ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। जिला पुलिस अधीक्षक बालासाहेब पाटिल ने बताया कि पुलिस ने खुफिया सूचना के आधार पर शुक्रवार को जवाहर इलाके में एक कार एवं मोटरसाइकिल को रोका और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस को जांच के दौरान पता चला कि आरोपियों ने पड़ोसी राज्य गुजरात के वलसाड निवासी एक व्यक्ति से 1.5 लाख रुपये मांगे और अपनी ‘‘अलौकिक शक्तियों'' की मदद से उसे पांच लाख रुपये लौटाने का वादा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने उनके कब्जे से कुछ नकली नोट, एक त्रिशूल और पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री बरामद की है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस मामले में जिन तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उनकी उम्र 27 वर्ष, 46 वर्ष और 55 वर्ष है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता तथा महाराष्ट्र मानव बलि और अन्य अमानवीय, बुरी एवं अघोरी प्रथाओं और काला जादू रोकथाम एंव उन्मूलन अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
बुलंदशहर . बुलंदशहर जिला मुख्यालय की नगर कोतवाली पुलिस ने भैंसों की चोरी कर उनका अवैध रूप से वध करने के एक आरोपी और एक साबुन फैक्ट्री के मालिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) सुरेंद्र नाथ तिवारी ने रविवार को बताया कि कोतवाली नगर पुलिस ने सूचना के आधार पर रुकनसराय मोहल्ले से एक अभियुक्त आरिफ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे/निशानदेही से नौ भैंस, तीन भैंसों के अवशेष, 27 टीन चर्बी, नौ बोरे चर्बी सूखी, भारी मात्रा में भैंस की खाल व पशु वध करने के उपकरण आदि बरामद किए हैं। उन्होंने बताया कि अभियुक्त के कुछ अन्य साथी अंधेरे का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे जिनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। तिवारी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त आरिफ ने पूछताछ में बताया कि वह अपने फरार साथियों के साथ मिलकर पशु चोरी करता था और उनका वध कर चर्बी कनस्तरों में भरकर शिकारपुर रोड पर ख्वाजपुरा मीरपुर स्थित साबुन की फैक्ट्री को बेचता था। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री के मालिक को भी गिरफ्तार किया गया है। तिवारी ने बताया कि पुलिस ने साबुन फैक्ट्री में छापेमारी कर वहां से कई क्विंटल चर्बी बरामद की जिसका इस्तेमाल अवैध रूप से साबुन बनाने में किए जाने की जानकारी मिली। पूछताछ के हवाले से उन्होंने बताया कि अभियुक्त आरिफ ने अपने फरार अन्य साथियों के साथ मिलकर जिला गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के अलग-अलग थाना इलाकों से भैंस चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि बरामद हुए पशुओं को उनकी पहचान करने पर उनके मालिकों को सुपुर्द कर दिया गया है। तिवारी के मुताबिक अभियुक्त आरिफ के खिलाफ बुलंदशहर के अलग-अलग थानों में 14 मामले दर्ज हैं।
-
हैदराबाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से सिकंदराबाद से विशाखापत्तनम को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह दो तेलुगु भाषी राज्यों-तेलंगाना और आंध्र प्रदेश को जोड़ने वाली पहली वंदे भारत एक्सप्रेस है। इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय पर्यटन और संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, तेलंगाना की राज्यपाल तमिलिसाई सौंदरराजन और तेलंगाना सरकार के कई मंत्री व्यक्तिगत रूप से सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर मौजूद थे। इस नयी ट्रेन की नियमित सेवा 16 जनवरी को शुरू होगी और टिकट बुकिंग शनिवार से शुरू हो गई है। विशाखापत्तनम-सिकंदराबाद एक्सप्रेस (20833) सुबह पांच बजकर 45 मिनट पर विशाखापत्तनम से रवाना होगी और दोपहर दो बजकर 15 मिनट पर सिकंदराबाद पहुंचेगी। सिकंदराबाद-विशाखापत्तनम ट्रेन (20834) अपराह्न तीन बजे सिकंदराबाद से रवाना होगी और रात 11 बजकर 30 मिनट पर विशाखापत्तनम पहुंचेगी। यह ट्रेन दोनों दिशाओं से राजमुंद्री, विजयवाड़ा, खम्मम और वारंगल में रुकेगी। वंदे भारत एक्सप्रेस पूरी तरह से भारत में निर्मित है और आधुनिक सुविधाओं से युक्त है। यह यात्रियों को अपने गंतव्य पर जल्दी पहुंचाती है और इससे यात्रा करना एक सुखद अनुभव होता है। इस एक्सप्रेस में, स्वदेश में ही निर्मित कवच सुविधा भी है जो रेलगाड़ियों को टकराने से बचाती है। कुल 14 वातानुकूलित कुर्सी यान और दो एक्जीक्यूटिव वातानुकूलित कुर्सी यान डिब्बों से युक्त इस ट्रेन में 1,128 यात्रियों को ले जाने की क्षमता है। प्रधानमंत्री ने फरवरी 2019 में नयी दिल्ली और वाराणसी के बीच चल रही पहली वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई थी। -
नयी दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के रूप नगर इलाके में बाइक सवार चार लोगों ने एक व्यक्ति को कथित तौर पर गोली मारकर पांच लाख रुपये लूट लिये। एक पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना शनिवार शाम को उस समय हुई, जब कीर्ति नगर इलाके में एक व्यापारी की दुकान पर काम करने वाले हनी कुमार कालरा (42) एक ग्राहक से पैसे लेकर मोटरसाइकिल से अपनी दुकान लौट रहा था।
पुलिस उपायुक्त (उत्तरी) सागर सिंह कलसी ने बताया कि घटना के बारे में सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची जहां पुलिस की टीम ने विजय नगर निवासी कालरा को घायल अवस्था में पाया, जिसके बाद उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस सिलसिले में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। उन्होंने बताया आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। -
कोलकाता। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 2024 के लोकसभा चुनाव में जीत हासिल करेगा और फिलहाल देश में प्रधानमंत्री पद के लिए कोई रिक्ति नहीं है। नोबेल पुरस्कार विजेता अमर्त्य सेन के ममता बनर्जी को लेकर दिए गए बयान के बारे में पूछे जाने पर केंद्रीय मंत्री ने संवाददाताओं से कहा कि देश के मौजूदा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भरोसा है कि लोग उनके साथ खड़े रहेंगे और चुनाव में उनका समर्थन करेंगे।
दरअसल, अमर्त्य सेन ने कहा था कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। प्रधान ने कोलकाता के दक्षिणी बाहरी इलाके सोनारपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की संगठनात्मक बैठक से पहले संवाददाताओं से कहा, ‘‘भारत में प्रधानमंत्री पद के लिए फिलहाल कोई पद रिक्त नहीं है।
देश के लोगों ने लगातार दो बार नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया है।'' उन्होंने कहा कि गरीबों, महिलाओं, युवाओं, पिछड़ों और ग्रामीण लोगों ने चुनाव में मतदान कर मोदी को देश चलाने की जिम्मेदारी दी है। प्रधान ने कहा, ‘‘इसमें कोई संदेह नहीं है कि 2024 में मोदी के नेतृत्व में राजग फिर से जीतेगा।''
नोबेल पुरस्कार से सम्मानित अमर्त्य सेन ने शनिवार को एक न्यूज़ एजेंसी को दिए साक्षात्कार में कहा था कि यह सोचना ‘‘भूल'' होगा कि 2024 का लोकसभा चुनाव एकतरफा तरीके से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पक्ष में होगा। उन्होंने कहा कि आगामी आम चुनाव में क्षेत्रीय दलों की भूमिका ‘‘साफ तौर पर महत्वपूर्ण'' होगी। प्रसिद्ध अर्थशास्त्री ने यह भी कहा कि तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी में भारत का अगला प्रधानमंत्री बनने की क्षमता है। -
भोपाल। जी-20 बैठकों के तहत थिंक-20 (देश-विदेश के बुद्धिजीवियों) की दो दिवसीय बैठक 16 और 17 जनवरी को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में होगी। मध्यप्रदेश जनसंपर्क विभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार कुशाभाऊ ठाकरे इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में होने वाली इस बैठक में ‘पर्यावरण सम्मत जीवन शैली-नैतिक मूल्य तथा सुमंगलमय युक्त वैश्विक सुशासन' विषय पर देश और विदेश से आए मंत्री और विषय-विशेषज्ञों द्वारा विचार-मंथन किया जाएगा।
इसके अनुसार पहले दिन 16 जनवरी को मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान उद्घाटन समारोह में शामिल होंगे, जबकि राज्य के राज्यपाल मंगुभाई पटेल 17 जनवरी को समापन समारोह में शामिल होंगे। विज्ञप्ति के अनुसार इस दो दिवसीय बैठक के पहले दिन उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता एशियाई विकास बैंक संस्था (एडीबीआई) टोक्यो, जापान के डीन एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) टेत्सुशी सोनोबे होंगे।
इसके अनुसार विशेष वक्ता इंडोनेशिया के राजनीतिक कार्य, विधि एवं सुरक्षा उप मंत्री स्लेमेट सोएदारसोनो, जी-20 के लिए भारत के मुख्य समन्वयक हर्षवर्धन श्रृगंला एवं भारत सरकार के नीति आयोग के उपाध्यक्ष सुमन बेरी होंगे। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार शाम यहां मुख्यमंत्री निवास के समत्व भवन में इस बैठक से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा, ‘‘भारत को जी-20 की अध्यक्षता का सुअवसर मिला है।
इसके अंतर्गत मध्यप्रदेश में भी बैठकें हो रही हैं। इस क्रम में भोपाल में 16 और 17 जनवरी को हो रही दो दिनी बैठक महत्वपूर्ण है। इसमें 22 देशों के 94 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। यह बैठक प्रदेश के लिए प्रतिष्ठापूर्ण है और इसे सफल बनाएं।'' उन्होंने कहा कि अतिथियों के समक्ष मध्यप्रदेश की लोक संस्कृति, व्यंजन, आतिथ्य परम्परा के साथ ही शहर की स्वच्छता की झलक भी प्रस्तुत की जाए।
चौहान ने बैठक से जुड़ी तैयारियों की जानकारी प्राप्त करके आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैठक में मध्यप्रदेश के एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) उत्पाद, कोदो-कुटकी जैसे उत्पादों से बने पारम्परिक व्यंजनों की जानकारी-प्रदर्शनी और साहित्य के माध्यम से दी जाये। उन्होंने कहा कि भारतीय व्यंजनों का स्वाद भी अतिथियों को मिले, इसके आवश्यक प्रबंध किये जायें।
चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के पर्यटन, वन्य-जीवन, पुरा-वैभव और सुशासन सहित अन्य क्षेत्रों में अर्जित उपलब्धियों की जानकारी भी प्रतिभागियों तक पहुँचाई जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि इस बैठक में आ रहे प्रतिनिधियों को भोपाल के श्यामला हिल्स स्थित जनजातीय संग्रहालय एवं रायसेन जिला स्थित विश्व धरोहर स्थल साँची के बौद्ध स्तूप का भ्रमण करवाया जाएगा। -
नयी दिल्ली। कोविड-19 महामारी के बाद रियल एस्टेट कंपनियों ने घरों के निर्माण की गति तेज करते हुए 2022 में देश के सात प्रमुख शहरों में चार लाख से अधिक घरों का निर्माण पूरा किया। संपत्ति सलाहकार फर्म एनारॉक ने कहा है कि 2022 में देश के सात प्रमुख बाजारों में 4.02 लाख घरों के निर्माण का कार्य पूरा हुआ, जो 2021 के 2.79 लाख घरों के आंकड़े से काफी काफी अधिक है।
हालांकि, कोविड महामारी के दौरान 2020 और 2021 में घरों के निर्माण की रफ्तार पर बहुत बुरा असर पड़ा था। एनारॉक ने दिल्ली-एनसीआर, मुंबई महानगर क्षेत्र, पुणे, बेंगलुरु, हैदराबाद, चेन्नई और कोलकाता शहरों में बनी आवासीय इकाइयों के बारे में यह आंकड़ा जारी किया है। वर्ष 2022 में बनकर तैयार होने वाले घरों में से सर्वाधिक 1.26 लाख इकाइयां मुंबई इलाके में थीं।
मुंबई में वर्ष 2021 में सिर्फ 70,500 घर ही बनकर तैयार थे। वहीं दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में पिछले साल 86,300 घर बनकर तैयार हुए हैं, जो 2021 के 86,590 की तुलना में मामूली रूप से कम है। पुणे में 84,200 इकाइयां बनी हैं जबकि बेंगलुरु, हैदराबाद और चेन्नई में सम्मिलित रूप से 81,580 आवासीय इकाइयां बनकर तैयार हुई हैं। कोलकाता में यह आंकड़ा 23,190 इकाइयों का है।
एनारॉक के चेयरमैन अनुज पुरी ने कहा, ‘‘वर्ष 2022 भारत के रियल एस्टेट क्षेत्र के लिए चमकदार साल रहा है जब बिक्री ने 2014 के उच्चस्तर को भी पार कर लिया। इस मांग को पूरा करने के लिए डेवलपर का ध्यान घरों का निर्माण जल्द पूरा करने पर है।'' पुरी ने कहा कि 2023 में भी 5.44 लाख से अधिक घरों का निर्माण होने की उम्मीद है। इनमें से सर्वाधिक 1,66,850 घरों का निर्माण दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में होने की संभावना है। इसके अलावा मुंबई क्षेत्र में 1.33 लाख घर बनकर तैयार हो सकते हैं -
चंडीगढ़। हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कैथल जिले के पुण्डरी थाने में दो पुलिसकर्मियों द्वारा धोखाधड़ी के एक आरोपी को कथित तौर पर चाय पिलाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद उनके निलंबन का आदेश दिया है। बताया जाता है कि यह आरोपी भगोड़ा है। इस संबंध में एक महिला शिकायतकर्ता ने विज को वीडियो दिखाया था जिसके बाद शनिवार को उन्होंने पुलिसकर्मियों के तत्काल निलंबन के निर्देश दिए।
विज (69) अपने गृह निर्वाचन क्षेत्र अम्बाला में हर शनिवार को लोगों की शिकायतें सुनने के लिए ‘‘जनता दरबार'' बुलाते हैं। शिकायतें सुनते हुए विज ने कैथल के पुलिस अधीक्षक की खिंचाई की। उन्होंने फोन पर पुलिस अधीक्षक से कहा, ‘‘एसपी साहब, थाने में आरोपी को चाय दी जा रही है और आप कह रहे हैं कि आरोपी मिला नहीं है। अपराधी थाने में बैठते हैं।'' संबंधित पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने का निर्देश देते हुए विज ने कहा, ‘‘क्या मुझे थाना बंद कर देना चाहिए? यह कैसे हो सकता है, एसपी सर? क्या गुंड़े राज्य पर राज करेंगे? मुझे फौरन कार्रवाई चाहिए।''
आधिकारिक बयान के अनुसार, शिकायकर्ता महिला ने मंत्री से कहा कि पुलिस 25 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरोपी को पकड़ नहीं रही है और आरोपी बेरोकटोक घूम रहा है। इसके कुछ घंटे बाद पुलिस महानिदेशक पी के अग्रवाल ने गृह मंत्री को बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, एक अन्य मामले में मंत्री ने एम्बुलेंस चालकों से घूस मांगने के आरोपों पर पानीपत में एक पुलिस अधिकारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।
विज से शिकायत करने के लिए पानीपत से आए एम्बुलेंस चालकों ने आरोप लगाया कि उनसे शहर के थाना प्रभारी बलराज प्रत्येक एम्बुलेंस के हिसाब से 10,000 रुपये मांग रहे हैं। इसके बाद विज ने पानीपत के पुलिस अधीक्षक को फोन किया और उन्हें इस मामले में थाना प्रभारी को निलंबित करने का निर्देश दिया।
वहीं, झज्जर से सेना के एक जवान ने शिकायत की कि वहां पुलिस उसकी नाबालिग बहन से दुष्कर्म के आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर रही है। मामले पर कड़ा रुख अपनाते हुए विज ने झज्जर के पुलिस अधीक्षक को फोन किया तथा उन्हें फटकार लगाई और आरोपी को फौरन गिरफ्तार करने का आदेश दिया। -
उन्नाव (उप्र)। जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से मां-बेटे की मौत हो गयी और ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) शशि शेखर सिंह ने बताया कि शनिवार रात उन्नाव से शुक्लागंज जा रहा ट्रक शेखपुर नहर के पास शांति नगर मोहल्ला निवासी आसमा (45) और उसके बेटे आरिफ (22) को टक्कर मारने के बाद डिवाइडर पर लगे खंभे से टकरा गया।
एएसपी ने बताया कि घटना में मां-बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक ड्राइवर भी घायल हो गया और उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया सभी बिंदुओं पर जांच के बाद आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आवश्यक औपचारिकता पूरी करके दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रक चालक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
गुरुग्राम. हरियाणा के गुरुग्राम में गुस्से में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के दूसरे पति को कथित रूप से गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले की रहने वाली महिला की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, उसने कुछ महीने पहले सोहन नाम के व्यक्ति से शादी की थी और वह अपने दो बच्चों के साथ यहां बेगमपुर खतोला गांव में रहने लगी।
ये बच्चे उसकी पहली शादी से हुए थे। पुलिस ने बताया कि महिला की आरोपी रिंकू नाम के व्यक्ति से पहले ही शादी हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार की रात चालक के तौर पर काम करने वाला सोहन जब घर लौटा, तो किसी ने उसके कमरे का दरवाजा खोलकर उसे गोली मार दी। पुलिस के मुताबिक, गोली उसके गले में लगी और वह गिर पड़ा।
महिला ने पुलिस को बताया कि उसने अपने पहले पति आरोपी रिंकू को पिस्तौल लिए देखा था और वह उसे भी मारना चाहता था। पुलिस ने बताया कि महिला ने आरोपी रिंकू को धक्का देकर पीछे किया और शोर मचाया। पुलिस ने कहा कि पड़ोसी वहां पहुंच गए, लेकिन तब तक आरोपी रिंकू भाग गया था। उन्होंने कहा कि सोहन को अस्पताल ले जाया गया और वहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि महिला की शिकायत के बाद, बादशाहपुर थाने में आरोपी रिंकू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) और शस्त्र अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कहा कि उसे शनिवार को गिरफ्तार किया गया। बादशाहपुर थाने के थाना प्रभारी मदन लाल ने कहा, “ घायल अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। आरोपी को मेरठ से गिरफ्तार किया गया है और उसने जुर्म कबूल कर लिया है।-file photo
-
जूनागढ़ . गुजरात में जूनागढ़ जिले के भाखरावाड़ बांध में शनिवार को एक व्यक्ति, उसकी बहन और एक दोस्त डूब गया। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उत्तरायण मनाने के लिए मालिया हतीना शहर के निकट जलाशय में गये समूह के चौथे व्यक्ति को बचा लिया गया और उसका नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मालिया थाने के अधिकारी ने कहा, ‘‘यह घटना तब हुई जब उनमें से एक व्यक्ति फिसल गया और अन्य उसे बचाने के लिए कूद गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान जितेंद्र मेघनाथी (21), उसकी बहन हेतल मेघनाथी (17) और उनके दोस्त दिनेश गोस्वामी (22) के रूप में हुई है।
-
प्रयागराज. माघ मेला के दूसरे स्नान पर्व, मकर संक्रांति पर शनिवार को शाम छह बजे तक करीब 14.20 लाख श्रद्धालुओं ने गंगा और संगम में डुबकी लगाई। प्रयागराज मेला प्राधिकरण के एक अधिकारी ने बताया कि मकर संक्रांति पर शाम छह बजे तक करीब 14.20 लाख लोगों ने गंगा और संगम में स्नान किया। गंगा और संगम के तट पर बनाए गए सभी 14 घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ भोर चार बजे से ही बनी हुई थी । उन्होंने बताया कि चूंकि मकर संक्रांति 15 जनवरी को भी मानाया जा रहा है, इसलिए 15 जनवरी तक भी लोग गंगा में स्नान करेंगे। इससे पूर्व, प्रथम स्नान पर्व पौष पूर्णिमा पर पांच लाख से अधिक लोगों ने गंगा में स्नान किया था। माघ मेला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस वर्ष 14 घाट बनाए गए हैं जिनकी कुल लंबाई 6000 फुट से अधिक है। मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन के लिए गंगा नदी पर पांच पांटून पुल (पीपे के पुल) बनाए गए हैं। पुलिस अधीक्षक (माघ मेला) आदित्य कुमार शुक्ला ने बताया कि माघ मेला क्षेत्र में कुल 13 थाने और 38 पुलिस चौकियां बनाई गई हैं। कोरोना संक्रमण को लेकर सावधानी के बारे में पूछे जाने पर अपर निदेशक (स्वास्थ्य) डाक्टर केके वर्मा ने बताया कि मेला क्षेत्र में प्रत्येक प्रवेश द्वार पर हेल्प डेस्क बनाए गए हैं जहां मेले में आने वाले लोगों की प्रारंभिक जांच की जाती है और कोरोना का किसी तरह का लक्षण मिलने पर उसे मेले में नहीं जाने दिया जाता। उन्होंने बताया कि पूरे मेला क्षेत्र में 20-20 बिस्तर के दो अस्पताल बनाए गए हैं और प्राथमिक उपचार के लिए दो-दो बिस्तर वाले 10 अस्पताल बनाए गए हैं। स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए बड़ी संख्या में सफाईकर्मी लगाए गए हैं। माघ मेले का अगला स्नान 21 जनवरी को मौनी अमावस्या, 26 जनवरी को बसंत पंचमी, पांच फरवरी को माघी पूर्णिमा और 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर पड़ेगा और इसके साथ माघ मेला संपन्न होगा। -
नागपुर (महाराष्ट्र). केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी को एक व्यक्ति द्वारा खुद को दाऊद इब्राहिम गिरोह का सदस्य बताकर धमकी भरे 'कॉल' करने और 100 करोड़ रुपये की मांग करने के बाद शनिवार को यहां उनके आवास और कार्यालय में सुरक्षा बढ़ा दी गयी है। पुलिस अधिकारी ने शनिवार रात को बताया कि फोन कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गई है और अपराध शाखा को उसके कर्नाटक में होने की जानकारी मिली है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि खामला में गडकरी के जनसंपर्क कार्यालय में सुबह 11 बजकर 25 मिनट से दोपहर साढ़े 12 बजे के बीच तीन धमकी भरे फोन कॉल आए जिसके बाद नागपुर से सांसद और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता गडकरी की नागपुर स्थित आवास और कार्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उन्होंने बताया, ‘‘कॉल करने वाले ने फोन ऑपरेटर से कहा कि वह दाऊद इब्राहिम गिरोह का सदस्य है और उसने गडकरी से 100 करोड़ रुपये की मांग की। उसने मांग नहीं माने जाने पर बम के जरिये मंत्री को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।'' उन्होंने बताया कि कॉल करने वाले ने पैसे पहुंचाने के लिए अपना फोन नंबर और कर्नाटक का पता दिया था।
अधिकारी ने बताया, ‘‘पुलिस ने कॉल करने वाले की पहचान कर ली है और उसका आपराधिक इतिहास है। उसके फोन का स्थान कर्नाटक में मिला है और अपराध शाखा को उसके द्वारा साझा किए गए पते की जानकारी दी गई है। -
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश). शाहजहांपुर जिले में शनिवार की शाम दो अलग-अलग सड़क हादसों में पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम हरदोई निवासी राकेश (45) तथा उनका बेटा पिंटू (22) बाइक से निगोही से वापस लौटकर हरदोई जा रहे थे कि तभी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बरेली मोड़ पर ओवर ब्रिज के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनके बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। कुमार ने बताया कि दूसरी घटना जिले के थाना पुवायां में मोहम्मदी मार्ग पर धर्मागतपुर गांव के पास की है। उन्होंने कहा कि रितिका (10) सड़क के किनारे बकरी चरा रही थी कि तभी पुवायां की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसे कुचल दिया। रितिका की मौके पर ही मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार कार आगे एक साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए फरार हो गयी। हादसे में साइकिल सवार की भी मौत हो गयी जिसकी शिनाख्त नहीं हो पायी है। कुमार ने बताया कि दोनों घटनाओं में वाहनों का पता नहीं लग पाया है और पुलिस द्वारा वाहनों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
सबरीमला. केरल के पथानामथिट्टा जिले के सबरीमला स्थित प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर में शनिवार को ‘मकरविलाक्कू' अनुष्ठान के दिन दर्शनार्थियों की लंबी कतार देखी गई और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान अयप्पा की पूजा अर्चना की। ‘मकरविलाक्कू' अनुष्ठान दो महीने की तीर्थ यात्रा के समापन के अवसर पर किया जाता है।
पारंपरिक काले रंग के परिधान में हजारों श्रद्धालु सिर पर ‘इरिमुडी केट्टु' (भगवान अयप्पा को समर्पित करने के लिए लाए गए सामान की पारंपरिक पोटली) लिए धैर्यपूर्वक भगवान अयप्पा के दर्शन के लिए मंदिर परिसर में खड़े रहे। सबरीमाला मंदिर तक पहुंचने के लिए जंगल के बीच से गुजरने वाले रास्ते और आधार शिविर पर भगवान अयप्पा के नाम का जाप सुबह से ही सुनाई देने लगा था। भारी भीड़ की वजह से अधिकारियो ने आधार शिविर से मंदिर जाने के लिए तत्काल बुकिंग की सुविधा पर रोक लगा दी थी। उस समय भगवान अयप्पा के जयकारों की ध्वनि तेज हो गई, जब मंदिर के कपाट को शाम ‘दीप आराधना' के बाद खोला गया। भगवान अयप्पा की प्रतिमा को पंडलम महल से लाए गए पवित्र गहनों ‘तिरुवभरनम' से सुसज्जित करने के बाद आरती की गई। आभूषणों को ‘आरती' से कुछ समय पहले जुलूस के रूप में लाया गया, जो तीन दिन की यात्रा कर महल से मंदिर तक पहुंचे थे। ‘सरणम अयप्पा' जाप की ध्वनि उस समय और तेज हो गई जब श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र मानी जानी वाली ‘मकर ज्योति' जलाई गई। आरती के कुछ मिनटों के बाद ही मंदिर परिसर से करीब आठ किलोमीटर दूर पूर्वी पहाड़ी के शिखर पोन्नाम्बलमेडु में आसमान प्रकाश से भर गया। यह ज्योति केरल सरकार द्वारा त्रावणकोर देवस्व ओम बोर्ड (टीडीपी)और वन विभाग के सहयोग से पोन्नाम्बलमेडु में जलाई जाती है, जो पहाड़ी पर रहने वाले आदिवासी परिवारों की परंपरा की निरंतरता है। राज्य देवस्व ओम बोर्ड के मंत्री के राधाकृष्णन सुबह से ही मंदिर परिसर में विभिन्न तैयारियों को देखने के लिए डेरा डाले हुए थे। टीडीपी के सूत्रों ने बताया कि 20 जनवरी को मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे।
-
नोएडा (उप्र) .गौतम बुद्ध नगर जिले में बीटा-2 क्षेत्र थाना के एसएल टावर में शुक्रवार रात 12 छात्र एक लिफ्ट में फंस गए और उन्हें करीब 20 मिनट बाद बाहर निकाला जा सका। कमर्शियल बेल्ट स्थित एक कोचिंग संस्थान के इन छात्रों का आरोप है कि घटना के दौरान लिफ्ट का अलार्म भी काम नहीं कर रहा था। छात्रों ने कहा कि उन्होंने लिफ्ट में फंसने के बाद शोर मचाया और अलार्म का बटन दबाया, लेकिन वह काम नहीं कर रहा था। उन्होंने बताया कि लिफ्ट में मौजूद छात्रों ने मोबाइल से कॉल कर संस्थान के शिक्षक एवं पुलिस को इसकी जानकारी दी। बीटा -2 थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल ने वहां पहुंचकर छात्रों को लिफ्ट से बाहर निकाला। उन्होंने कहा कि अगर छात्रों के परिजन या कोई छात्र इस मामले में शिकायत करते हैं तो घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी।
-
अहमदाबाद. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत ने शनिवार को जैन आचार्य श्री रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज की 400वीं पुस्तक के विमोचन के अवसर पर यहां आयोजित एक प्रदर्शनी का अवलोकन किया। भागवत ने जीएमडीसी मैदान में ‘स्पर्श नगरी' में जैन समुदाय के सदस्यों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। आयोजकों ने कहा कि प्रदर्शनी का उद्घाटन रविवार को केंद्रीय मंत्री अमित शाह करेंगे।
कार्यक्रम के संयोजक कल्पेश शाह ने कहा, ‘‘स्पर्श महोत्सव का आयोजन जैनाचार्य रत्नसुंदरसूरीश्वरजी महाराज की 400वीं पुस्तक के विमोचन के अवसर पर किया जा रहा है। श्रद्धेय संत पिछले 42 वर्षों से पुस्तकें लिख रहे हैं। पुस्तक का विमोचन 22 जनवरी को किया जायेगा।'' उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी 26 जनवरी तक चलेगी और इसमें देश-विदेश से 30 लाख श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। कल्पेश शाह ने कहा कि किताब के विमोचन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को आमंत्रित किया गया है।
‘स्पर्श'' शीर्षक वाली पुस्तक का एक साथ इजराइल, अमेरिका, ब्रिटेन, मॉरीशस, ऑस्ट्रेलिया, नाइजीरिया, केन्या और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) सहित दस देशों में विमोचन किया जाएगा। कल्पेश शाह ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 19 जनवरी को प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।


.jpg)
























