- Home
- देश
-
औरंगाबाद। बिहार के औरंगाबाद जिला के मदनपुर और ढ़िबरा थाना क्षेत्र में करीब 10 एकड़ में अवैध रूप से लगायी गयी अफीम की फसल को पुलिस ने नष्ट कर दिया। पुलिस अधीक्षक स्वप्ना गौतम मेश्राम ने मंगलवार की शाम आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि मदनपुर थाना अंतर्गत बादम गांव और ढ़िबरा थाना अंतर्गत छुछिया, ढाबी एवं महुआ गांव के जंगली इलाके में अफीम की खेती किये जाने की खुफिया जानकारी मिली थी।
उन्होंने बताया कि इन इलाकों के लोगों की नजर से छिपाने के लिए अफीम की फसल के चारो ओर कुछ दूरी तक वैसी फसलें (मक्का व अरहर) लगाई गई थीं जिनकी ऊंचाई अधिक थी। मेश्राम ने बताया कि मदनपुर थाना क्षेत्र में करीब तीन एकड़ और ढ़िबरा थाना क्षेत्र में करीब सात एकड में लगायी गयी अफीम की उक्त अवैध फसल को नष्ट करने के लिए पुलिस की दो अलग-अलग टीम गठित की गई थी। पुलिस द्वारा नष्ट की गयी अफीम की फसल की कीमत करीब 20 करोड़ रुपये आंकी गयी है।
अफीम की फसल में मोटी-मोटी गांठे उभर आई थी जो शीघ्र ही तैयार होनेवाली थी। इन्ही गांठों में चीरा लगाया गया था ताकि उनसे निकलने वाले चिपचिपे पदार्थ को जमा कर अफीम तैयार किया सके। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में तत्काल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
अफीम की खेती करनेवालों को चिन्हित किया जा रहा है। इस तरह की खेती करनेवालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि माओवादियों द्वारा अफीम की खेती कराने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। इन इलाकों में पहले भी माओवादियों द्वारा अफीम की खेती कराने के कई मामले प्रकाश में आ चुके हैं।फाइल फोटो
-
जयपुर। राजस्थान के चूरू जिले के भानीपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक ट्रक और पिकअप की भिड़ंत में दो लोगो की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गये। थानाधिकारी गौरव ने बताया कि बुकनसर फांटा के पास ट्रक और पिकअप की भिडंत में पिकअप चालक विकास कुमार और ट्रक खलासी मनप्रीत सिंह की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि घायल ट्रक चालक हरप्रीत सिंह और पिकअप में सवार प्रेम प्रकाश को उपचार के लिये सरदारशहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था जहां से उन्हें चूरू रेफर कर दिया गया। गौरव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये। इस संबंध में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। - नयी दिल्ली ।. राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा मंगलवार को घोषित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन के जनवरी संस्करण के नतीजों में 20 प्रतिभागियों ने ‘परफेक्ट 100’ हासिल किए हैं।.इसमें बताया गया कि 100 एनटीए अंक हासिल करने वाले सभी प्रतिभागी पुरुष हैं। इनमें सामान्य वर्ग से 14, अन्य पिछड़ा वर्ग से चार और सामान्य-ईडब्ल्यूएस और अनुसूचित जाति वर्ग से एक-एक प्रतिभागी शामिल हैं।.मोहम्मद साहिल अख्तर जहां 99.9848042 एनटीए स्कोर के साथ पीडब्ल्यूडी श्रेणी में टॉपर हैं, वहीं एससी श्रेणी में देशांक प्रताप सिंह 100 एनटीए स्कोर के साथ शीर्ष पर हैं, जबकि ST कैटेगरी में 99.99041 एनटीए स्कोर के साथ धीरावथ थानुज शीर्ष पर हैं। परीक्षा में 100 एनटीए स्कोर हासिल करने वाले उम्मीदवारों में अभिनीत मजेटी, अमोघ जालान, अपूर्व समोता, आशिक स्टेनी, बिक्किना अभिनव चौधरी, देशांक प्रताप सिंह, ध्रुव संजय जैन, ज्ञानेश हेमेंद्र शिंदे, दुग्गीनेनी वेंकट युगेश, गुलशन कुमार, गुथिकोंडा अभिराम, कौशल विजयवर्गीय, कृष गुप्ता, मयंक सोन, एन के विश्वजीत, निपुन गोयल, ऋषि कालरा, सोहम दास, सुथार हर्षुल संजय भाई और वविलाला चिदविलास रेड्डी शामिल हैं।एनटीए के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “50 प्रतिभागियों के एनटीए स्कोर को रोक दिया गया है, क्योंकि वे जांच के दायरे में हैं। इन कैंडीडेट्स के मामलों को अलग से एक समिति के समक्ष रखा जा रहा है। समिति द्वारा अपनी रिपोर्ट को अंतिम रूप देने के बाद उनके एनटीए स्कोर घोषित किए जाएंगे।” एनटीए स्कोर प्राप्त अंकों के प्रतिशत के समान नहीं है, बल्कि सामान्यीकृत अंक है।अधिकारी ने बताया, “एनटीए स्कोर बहु-सत्रीय प्रश्नपत्रों में सामान्यीकृत स्कोर हैं और उन सभी के सापेक्ष प्रदर्शन पर आधारित हैं, जो एक सत्र में परीक्षा के लिए उपस्थित हुए थे। प्राप्त अंकों को परीक्षार्थियों के प्रत्येक सत्र के लिए 100 से 0 तक के पैमाने में परिवर्तित किया जाता है।”महत्वपूर्ण परीक्षा के जनवरी संस्करण में रिकॉर्ड 95.80 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई थी, जिसमें 8.23 लाख से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए थे। परीक्षा 13 भाषाओं (असमिया, बंगाली, अंग्रेजी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू) में आयोजित की गई थी।भारत के बाहर 17 शहरों मनामा, दोहा, दुबई, काठमांडू, मस्कट, रियाद, शारजाह, सिंगापुर, कुवैत सिटी, कुआलालंपुर, लागोस और अबुजा, कोलंबो, जकार्ता, मास्को, पोर्ट लुइस, बैंकॉक, वाशिंगटन डीसी में भी परीक्षा आयोजित की गई थी।परीक्षा का दूसरा संस्करण अप्रैल में आयोजित होगा। जेईई (मेन) – 2023 परीक्षा के दोनों सत्रों के बाद, उम्मीदवारों की रैंक पहले से बनी नीति के अनुसार दो एनटीए स्कोर में से सर्वश्रेष्ठ को ध्यान में रखते हुए जारी की जाएगी।
-
बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में नवीकरणीय ऊर्जा, जैव-ईंधन और हाइड्रोजन का इस्तेमाल बढ़ाने पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने यहां तेल एवं गैस क्षेत्र के दिग्गज उद्योगपतियों के साथ एक बैठक में भारत को टिकाऊ आर्थिक वृद्धि की राह पर ले जाने से संबंधित विचारों एवं पहल पर चर्चा की।
इस दौरान प्रधानमंत्री ने शत-प्रतिशत नवीकरणीय ऊर्जा के इस्तेमाल और परंपरागत ईंधनों में एथनॉल एवं बायो-डीजल का मिश्रण बढ़ाने पर बल दिया। सूत्रों के मुताबिक, 'भारत ऊर्जा सप्ताह' का उद्घाटन करने आए प्रधानमंत्री ने ऊर्जा कारोबार से संबंधित उद्योगपतियों के साथ अलग से एक बैठक की।
इसमें अंतरराष्ट्रीय तेल कंपनियों बीपी, एक्सॉनमोबिल और टोटलएनर्जीज के अलावा रॉसनेफ्ट के प्रमुख भी शामिल हुए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने भारत को हाइड्रोजन उत्पादन के मामले में दुनिया का अग्रणी देश बनाने पर जोर दिया। हाइड्रोजन सबसे स्वच्छ ईंधन माना जाता है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री के साथ बैठक में तेल कंपनियों की तरफ से तेल एवं गैस क्षेत्र में कर को 70 प्रतिशत से घटाकर 40 प्रतिशत करने की मांग रखी गई। वहीं कुछ उद्योगपतियों ने स्व-प्रमाणन के जरिये कारोबारी सुगमता बढ़ाने पर जोर दिया। -
बेंगलुरु। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोमवार को कहा कि दुनिया का तीसरा बड़ा ऊर्जा उपभोक्ता देश भारत को जिस जगह से भी भरोसेमंद एवं वाजिब भाव पर तेल मिल सकता है, वह खरीदेगा। भारत ने पिछले साल पश्चिमी देशों के दबाव को दरकिनार करते हुए रूस से सस्ती कीमत पर तेल खरीदा था।
अब रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता देश बन चुका है। पुरी ने यहां भारत ऊर्जा सप्ताह सम्मेलन के दौरान कहा कि भारत तेल खरीद के मामले में अपने बड़े बाजार का इस्तेमाल करेगा। उन्होंने कहा, "साफ शब्दों में कहूं तो हम मार्केट कार्ड का इस्तेमाल करेंगे। हमें जहां से भी भरोसेमंद एवं वाजिब भाव पर तेल उपलब्ध है, हम वहीं से आयात करेंगे।"
यूक्रेन पर पिछले साल फरवरी में हमला करने के बाद रूस पर पश्चिमी देशों ने कई तरह के आर्थिक प्रतिबंध लगाए थे। इनमें रूस से पेट्रोलियम उत्पादों की खरीद पर रोक भी शामिल है। इससे रूसी तेल के दाम घट गए। अपनी तेल आपूर्ति के स्रोतों को विविधतापूर्ण बनाने के साथ ही भारत अब वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों पर भी खास जोर दे रहा है।
इसका जिक्र करते हुए पुरी ने कहा, "हम तेजी से अपने ऊर्जा इस्तेमाल में हरित ऊर्जा को तरजीह दे रहे हैं। इसमें जैव-ईंधन, ‘कॉम्प्रेस्ड' बायोगैस और हरित हाइड्रोजन शामिल हैं।" -
नयी दिल्ली। देश भर में केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों और केंद्रीय उच्च शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों तथा गैर-शिक्षण कर्मियों के 58,000 से ज्यादा पद खाली हैं। सरकार ने यह जानकारी दी। केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री सुभाष सरकार ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालयों में शिक्षकों के 12,099 तथा गैर-शिक्षण कर्मियों के 1,312 पद खाली हैं। इसी तरह जवाहर नवोदय विद्यालयों में शिक्षकों के 3,271 तथा गैर-शिक्षण कर्मियों के 1,756 पद खाली हैं।
उच्च शिक्षण संस्थानों में सर्वाधिक खाली पद केंद्रीय विश्वविद्यालयों में हैं जहां शिक्षकों के 6,180 तथा गैर-शिक्षण कर्मियों के 15,798 पद अभी भरे जाने हैं। मंत्री के जवाब के अनुसार भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (आईआईटी) में शिक्षकों के 4,425 और गैर-शिक्षण कर्मियों के 5,052 पद, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थानों (एनआईटी) तथा भारतीय आभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान में शिक्षकों के 2,089 तथा गैर-शिक्षण कर्मियों के 3,773 पद खाली हैं। -
सिलीगुड़ी। उत्तरी पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी शहर में सोमवार को एक एंबुलेंस और एक ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हादसा न्यू जलपाईगुड़़ी थाना क्षेत्र के फूलबाड़ी के अमैदिघी में हुई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बापन घोष, जाटू साहा और प्रशांत राय के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि यह हादसा उस वक्त हुआ, जब परिवार उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से एक मरीज को लेकर अपने घर मैनागुड़ी लौट रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
सुरेंद्रनगर (गुजरात) . जिले में मामूली विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने अपने पड़ोसी परिवार के तीन सदस्यों की सोमवार को कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। सुरेंद्रनगर के पुलिस अधीक्षक हरेश दुधत ने बताया कि घटना दोपहर करीब दो बजे फुलग्राम गांव की है। उन्होंने बताया कि आरोपी ने एक व्यक्ति, उसके बेटे और पुत्रवधू पर तेजधार वाले हथियार से हमला कर दिया। उन्होंने बताया, ‘‘गटर को लेकर आरोपी और पीड़ित परिवार के सदस्यों के बीच दोपहर करीब दो बजे विवाद हुआ। आरोपी ने गुस्से में एक व्यक्ति, उसके बेटे और पुत्रवधू का गला तेज धार वाले हथियार से काट दिया।'' मृतकों की पहचान धर्मेन्द्र मेमाकिया (30), उनकी पत्नी दक्षाबेन (30) और पिता हमीरभाई (75) के रूप में हुई है। अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद कर लिया गया है।
-
नयी दिल्ली। ट्रेन से सफर करने वाले यात्री एक व्हाट्सऐप नंबर के जरिये जल्द ही भोजन का आर्डर कर सकेंगे। साथ ही, कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लैस प्रणाली ई-कैटरिंग और खाना बुक करने से जुड़े उनके सवालों के जवाब देगी। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) व्हाट्सऐप नंबर 8750001323 के जरिये कुछ मार्गों पर पहले से भोजन उपलब्ध करा रहा है।
रेलवे ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘‘ई-कैटरिंग सेवाओं के लिए व्हाट्सऐप संवाद चुनिंदा ट्रेनों के लिए होगा। यात्रियों की प्रतिक्रिया और सुझावों के आधार पर कंपनी इसे अन्य ट्रेनों में भी लागू करेगी।'' रेलवे ने कहा कि आईआरसीटीसी ने विशेष रूप से विकसित की गई एक वेबसाइट और अपने ई-कैटरिंग ऐप ‘फूड ऑन ट्रैक' के जरिये ई-कैटरिंग सेवाएं शुरू की है। व्हाट्सऐप के जरिये ई-कैटरिंग सेवाओं को दो चरणों में शुरू किया जा रहा है।
प्रथम चरण को लागू किया जा चुका है। इसके तहत, ई-टिकट बुक कर रहे लोगों को ई-कैटरिंग सेवाओं का विकल्प चुनने के लिए एक व्हाट्सऐप नंबर से संदेश भेजा जा रहा है, जिसमें एक ‘वेब लिंक' उपलब्ध कराया जाता है। इसके बाद वे मार्ग में पड़ने वाले स्टेशनों पर उपलब्ध अपनी पसंद के रेस्तरां से भोजन बुक करते हैं।
इसके लिए उन्हें अपने मोबाइल फोन पर ऐप डाउनलोड करने की जरूरत नहीं पड़ती और वे सीधे आईआरसीटीसी की वेबसाइट के जरिये ऐसा कर पाते हैं। अगले चरण में, व्हाट्सऐप पर भोजन के बारे में जानकारी दी जाती है। इसके तहत, व्हाट्सऐप नंबर यात्री को दोतरफा संवाद के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता से लैस एक मंच उपलब्ध कराता है, जहां ई-कैटरिंग सेवाओं से जुड़े सारे सवालों का जवाब दिया जाता है। वर्तमान में, यात्रियों को आईआरसीटीसी की वेबसाइट और ऐप के ई-कैटरिंग सेवाओं के जरिये करीब 50,000 भोजन के पैकेट परोसे जा रहे हैं। -
चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में एक बाघिन की करंट लगने से मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बाघिन का शव जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर पोंभुरना वन सीमा के नंदगांव गांव के एक खेत में मिला। अधिकारी ने कहा कि ऐसी आशंका है कि खेत के आसपास लगे बिजली के तार की चपेट में आकर बाघिन की मौत हुई। उन्होंने कहा कि मामले में आगे की जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगीतकार रिकी केज को तीसरी बार ग्रैमी पुरस्कार जीतने पर सोमवार को बधाई दी। मोदी ने ट्वीट किया, एक और सफलता के लिए रिकी केज आपको बधाई। आने वाले दिनों के लिए आपको शुभकानाएं।'' संगीतकार रिकी केज ने एल्बम ‘डिवाइन टाइड्स' के लिए ग्रैमी पुरस्कार जीता है। केज का यह तीसरा ग्रैमी पुरस्कार है। केज ने यह सम्मान भारत को समर्पित किया। अमेरिका में जन्मे संगीतकार ने प्रतिष्ठित ब्रिटिश रॉक बैंड ‘द पुलिस' के ड्रमर स्टीवर्ट कोपलैंड के साथ यह पुरस्कार साझा किया। स्टीवर्ट कोपलैंड ने एल्बम में केज के साथ सहयोग किया था।
-
नयी दिल्ली/ दिल्ली नगरपालिका सदन में पीठासीन अधिकारी के महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव के लिए मनोनीत सदस्यों को मतदान करने की अनुमति देने पर हुए हंगामे के बाद सोमवार को महापौर का चुनाव किए बिना सदन की कार्यवाही तीसरी बार स्थगित कर दी गई। दिल्ली नगरपालिका सदन में पीठासीन अधिकारी सत्या शर्मा ने कहा, ‘‘ दिल्ली नगरपालिका के सदन की कार्यवाही अगली तारीख तक स्थगित की जाती है।'' दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) सदन की कार्यवाही सोमवार को आधे घंटे की देरी के बाद पूर्वाह्न करीब साढ़े 11 बजे शुरू हुई। इसके तुरंत बाद ही शर्मा ने घोषणा की कि महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव एक-साथ होंगे। शर्मा ने कहा, ‘‘ महापौर, उप महापौर और स्थायी समिति के सदस्यों के चुनाव में ‘एल्डरमैन' वोट कर सकते हैं।'' इस घोषणा के बाद ‘आप' के पार्षदों ने विरोध करना शुरू कर दिया। पार्टी के नेता मुकेश गोयल ने कहा कि ‘एल्डरमैन' वोट नहीं दे सकते। इस पर शर्मा ने कहा, लोगों ने आपको यहां सेवा करने के लिए भेजा है, चुनाव होने दीजिए।
इससे पहले घोषणा को लेकर हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही थोड़ी देर के लिए स्थगित की गई थी। हालांकि, बाद में पीठासीन अधिकारी ने इसे अगली तारीख तक के लिए स्थगित कर दिया। दिल्ली नगर निगम अधिनियम 1957 के तहत महापौर और उप महापौर का चुनाव नगर निकाय सदन की पहली बैठक में ही हो जाना चाहिए। हालांकि नगर निकाय चुनाव हुए दो महीने का समय बीत चुका है पर अब तक शहर को नया महापौर नहीं मिला है। इससे पहले एमसीडी सदन की बैठक छह जनवरी और 24 जनवरी को दो बार बुलाई गई थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के पार्षदों के हंगामे की वजह से पीठासीन अधिकारी ने महापौर का चुनाव कराए बिना कार्यवाही स्थगित कर दी। पिछले साल चार दिसंबर को संपन्न चुनाव के बाद 250 सदस्यीय निकाय के पहले सत्र में कोई कामकाज नहीं हो पाया था । दूसरे सत्र में नामांकित सदस्यों के शपथ लेने के बाद निर्वाचित पार्षदों ने शपथ ली, हालांकि इसके बाद पीठासीन अधिकारी एवं भाजपा पार्षद सत्या शर्मा ने कार्यवाही को अगली तारीख के लिए स्थगित कर दिया। एमसीडी चुनाव में ‘आप' 134 पार्षदों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी, जबकि भाजपा को 104 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस ने नौ सीटें जीती थीं। -
नयी दिल्ली। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) ने दिल्ली और नौ अन्य शहरों में 14 फरवरी से 22 वें भारत रंग महोत्सव की शुरुआत किए जाने की घोषणा की है, जिस दौरान 80 से अधिक नाटकों का मंचन किया जाएगा। मशहूर बांग्ला नाटक ‘जगन्नाथ' का मंचन कोलकाता स्थित थिएटर समूह चेतना द्वारा दिल्ली में किए जाने के साथ वार्षिक अंतरराष्ट्रीय रंगमंच महोत्सव की शुरुआत होगी।
इसमें आजादी के ‘अमृत महोत्सव' के तहत कई तरह के नाटकों का मंचन किया जाएगा। एनएसडी निदेशक प्रो. रमेश चंद्र गौड़ ने सोमवार को एक बयान में कहा, ‘‘हमने अंतरराष्ट्रीय प्रविष्टियों सहित 960 प्रविष्टियों में से चयनित कर कुछ बेहतरीन नाटकों की सूची बनाई है। कोविड-19 महामारी फैलने के कारण हमें सुरक्षा कारणों से विदेशी प्रतिभागियों के लिए आमंत्रण प्रक्रिया रोकनी पड़ी थी।''
दिल्ली में करीब 10 पारंपरिक नाटकों का मंचन किया जाएगा और इसके साथ-साथ जयपुर, राजमुंद्री, रांची, गुवाहाटी, जम्मू, श्रीनगर, भोपाल, नासिक तथा केवडिया में भी 13 दिवसीय यह महोत्सव चलेगा। महोत्सव में अंग्रेजी, हिंदी और अन्य भाषाओं के नाटकों का मंचन किया जाएगा।
इसके अलावा, एनएसडी परिसर में नुक्कड़ नाटक, निर्देशकों की बैठक, एनएसडी के पूर्व छात्र एवं दिवंगत अभिनेता इरफान खान पर पुस्तक का विमोचन भी किया जाएगा। महोत्सव का समापन 26 फरवरी को गुजरात के केवडिया में होगा। -
मुंबई. स्वर साम्राज्ञी लता मंगेशकर की पहली पुण्यतिथि पर उनके परिवार और फिल्म तथा संगीत जगत की विभिन्न हस्तियों ने उन्हें याद किया। पिछले साल 6 फरवरी को 92 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया था। महान गायिका की भतीजी रचना शाह ने बताया कि उनकी यादें और आवाज उनके परिवार के सदस्यों को सांत्वना देती है। उन्होंने गायिका को एक अविश्वसनीय शक्ति बताते हुए कहा, "हम अभी भी यह स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं कि वह अब हमारे साथ नहीं है। एक साल हो गया है और यह सब अवास्तविक और अविश्वसनीय लगता है। वह अविश्वसनीय रूप से विशाल शक्ति थीं और वह कभी कम नहीं हो सकती। बल्कि हम इसे (उनकी मौत) स्वीकार नहीं करना चाहते।'' वहीं, उनकी छोटी बहन उषा मंगेशकर ने कहा, "परिवार अभी भी संगीत जगत की महान हस्ती के निधन से उबरने की कोशिश कर रहा है। लोग बस उनकी याद में घर आ रहे हैं, उन्हें याद कर रहे हैं। हम आज भी बहुत दुखी हैं। यह सब उदासी से परे है।" लता मंगेशकर की पहली पुण्यतिथि के मौके पर भारतीय फिल्म और संगीत जगत के कई दिग्गजों ने भी उन्हें याद किया। संगीतकार विशाल ददलानी, गजल गायक पंकज उधास, अनूप जलोटा और फिल्मकार मधुर भंडारकर सहित कई दिग्गजों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। विशाल ददलानी ने ट्वीट किया, ‘‘ब्रह्मांड की आवाज एक साल पहले ब्रह्मांड में लौट गईं। #लता मंगेशकर जी।'' प्रसिद्ध गजल गायक पंकज उधास ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘जिनसे हम प्यार करते हैं, वे दूर नहीं जाते, वे हर दिन हमारे साथ चलते हैं। अनदेखे, अनसुने, लेकिन हमेशा पास; फिर भी प्यार, अभी भी कमी महसूस होती है और बहुत प्रिय। आपके बिना एक साल अनंत काल की तरह महसूस होता है। आपकी हमेशा याद आती है।'' फिल्मकार मधुर भंडारकर ने लिखा, ‘‘आपकी कमी महसूस होती है लता मंगेशकर दीदी।
भारतीय सिनेमा की महानतम पार्श्व गायिकाओं में से एक, मंगेशकर ने सात दशकों की अवधि में कई अविस्मरणीय गीत गाए, जिनमें "लग जा गले", "मोहे पनघट पे", "चलते चलते", और "सत्यम शिवम सुंदरम", जैसे अनेक गीत शामिल हैं। मंगेशकर को पद्म भूषण, पद्म विभूषण, दादा साहेब फाल्के पुरस्कार और राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार जैसे कई सम्मान मिले। वहीं, वर्ष 2001 में उन्हें भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया गया था। -
मुंबई. सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर के परिवार के सदस्यों ने सोमवार को महाराष्ट्र सरकार से अनुरोध किया कि मुंबई की तटीय सड़क का नाम दिवंगत गायिका के नाम पर रखा जाए। महानगर की भीड़ को देखते हुए यातायात सुगम बनाने के लिए तैयार की जा रही मुंबई की तटीय सड़क एक बड़ी परियोजना है। स्थानीय निकाय यह सड़क शहर की पश्चिमी तटरेखा के पास तैयार कर रहा है। लता के परिजन सोमवार को मुंबई के हाजी अली में उनका स्मारक बनाने के उद्देश्य से आयोजित आधारशिला समारोह में उपस्थित थे। जीवन के हर रंग को अपनी सुमधुर आवाज से गीतों के रूप में संजोने वाली लता का 92 साल की उम्र में छह फरवरी 2022 को निधन हो गया था। लता के भतीजे आदिनाथ मंगेशकर ने संवाददाताओं से कहा ‘‘(महाराष्ट्र के पर्यटन मंत्री मंगल प्रभात) लोढ़ा जी ने स्मारक के बारे में चर्चा करने के लिए ऊषा जी से मुलाकात की । यह भी समझा जाता है कि तटीय सड़क का नाम रखने के लिए कोई औपचारिक अनुरोध नहीं मिला है।'' उन्होंने कहा ‘‘इसलिए यह अनुरोध किया जाता है कि तटीय सड़क का नाम दीदी (लता मंगेशकर) के नाम पर रखें। यह एक विनम्र अनुरोध है और सरकार को इस पर विचार करना चाहिए।'' ऊषा मंगेशकर लता की छोटी बहन हैं।
-
चंडीगढ़। पंजाब के बटाला में हमलावरों के एक समूह ने एक पूर्व ग्राम प्रधान की गोली मारकर कथित तौर पर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, रविवार रात हमलावरों ने दहिया गांव के निवासी स्वर्ण सिंह को उनके आवास पर गोली मारी। सिंह को सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को आशंका है कि पुरानी रंजिश के कारण हत्या की गई।
बटाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतिंदर सिंह के मुताबिक, तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि बाकी हमलावरों को पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है और पुलिस अधीक्षक रैंक का एक अधिकारी मामले की जांच करेगा। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए महत्वूपर्ण भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कर्नाटक में देश के सबसे बड़े हेलीकॉप्टर विनिर्माण संयंत्र सहित कई अन्य परियोजनाओं का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य में डबल इंजन सरकार के तहत तेजी से विकास हुआ है। उन्होंने ये भी कहा कि हाल की बजट घोषणाओं से वर्ष 2047 तक एक विकसित भारत का उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि भारत में असॉल्ट राइफल से लेकर यात्री विमानों का विनिर्माण किया जा रहा है और हमारे सशस्त्र बलों को हथियार और उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रक्षा उत्पादन में भी निजी क्षेत्र के योगदान की संभावनाएं बढ़ी है। उन्होंने सरकार के खिलाफ झूठे आरोपों के लिए विपक्ष की कड़ी अवलोचना की। इससे लोगों में ये भम्र पैदा हुआ कि हिदुस्तान एयरोनॉटिक लिमिटेड-एचएएल को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज एचएएल भारत को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण योगदान कर रहा है। तुमकुरु में ऑद्योगिक नगर की स्थापना के बारे में उन्होंने कहा कि ये बेंगलुरु-चेन्नई और बेंगलुरु हैदराबाद औद्योगिक गलियारे का एक हिस्सा होगा।केंद्रीय बजट के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नल का पानी सुनिश्चित करने के लिए जल जीवन आवंटन में 20 हजार करोड़ रुपये की वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा योजना से हस्तशिल्प सशक्त होंगे। इस योजना के लिए 70 हजार करोड़ रुपये की राशि आवंटित की गई है, उन्होंने आश्वासन दिया कि बजट ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की राष्ट्र प्रथम नीति से देश आत्मनिर्भर बन जाएगा। -
पालघर। पालघर में एक फोन कॉल से हंगामा मच गया। दरअसल हुआ यूं कि परिवार वाले घर के जिस सदस्य को मरा जानकर दफना कर आए थे वह जिंदा निकला । शेख को कब्रिस्तान में दफना कर आने के बाद उसके एक दोस्त ने गलती से फोन पर शेख का नंबर दबा दिया और जब उधर से शेख ने ‘हैलो' किया तो पैरों तले से जमीन खिसक गई । पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए मामला कुछ यूं बताया।
पुलिस के मुताबिक, ऑटो रिक्शा चालक शेख रविवार को एक आश्रय गृह में ठहरा हुआ था। जहां, एक दोस्त ने उसे गलती से फोन कर दिया। जिसका जवाब देते हुए चालक ने बताया कि वह ठीक है। दोस्त के साथ बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। पुलिस ने बताया कि 29 जनवरी को बोईसर और पालघर स्टेशनों के बीच पटरी पार करते समय रेलगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई थी।
जिसके बाद पालघर के एक व्यक्ति ने जीआरपी से संपर्क किया और दावा किया कि मृतक उसका भाई रफीक शेख है, जो दो महीने पहले लापता हो गया था, जिसके लिए परिवार ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज कराई थी। पालघर जीआरपी ने "मृत" व्यक्ति की पत्नी से संपर्क किया जो केरल में थी। अधिकारी ने बताया कि वह पालघर आई और शव की शिनाख्त भी की, जिसके बाद उसे परिवार को सौंप दिया गया।
परिवार के सदस्यों ने दो दिन पहले शेख को दफना दिया था। अधिकारी के मुताबिक, पुलिस ने शेख के जिंदा होने की खबर उसके परिवार को दे दी है। वहीं, पुलिस अज्ञात मृत व्यक्ति (जिसे दफनाया गया) के परिजनों का पता लगाने में जुट गई है। - बेंगलुरू। बेंगलुरू में भारत ऊर्जा सप्ताह 2023 में पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि भारत ने पहले ही 2070 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन तथा 2030 तक उत्सर्जन में एक अरब टन की कटौती करने का संकल्प लिया है।उन्होंने कहा कि भारत ऊर्जा सप्ताह हर नागरिक के लिये ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिये प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दूरदृष्टि का परिणाम है।श्री पुरी ने कहा कि पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था और दुनिया की सत्रह प्रतिशत आबादी का घर होने के बावजूद जी-20 देशों में भारत का प्रति व्यक्ति उत्सर्जन सबसे कम है और वैश्विक औसत का लगभग आधा है।उन्होंने कहा कि शुद्ध शून्य लक्ष्य- नेट जीरो गोल को हासिल करने के लिये कौशल, तकनीकी तथा वित्त संबंधी वैश्विक समन्वय की जरूरत है।
-
नई दिल्ली। भारत ने श्रीलंका को स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ पर 50 और बसों की आपूर्ति की है। श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त गोपाल बागले ने श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को ये बसें सौंपी। श्रीलंका ने कल अपनी स्वतंत्रता की प्लैटिनम जयंती मनाई थी। व्यावसायिक वाहन निर्माता अशोक लीलैंड को श्रीलंका परिवहन बोर्ड से 500 बसों की आपूर्ति का अनुबंध मिला है। इनमें से 75 बसें इस वर्ष पहले ही श्रीलंका को सौंपी जा चुकी है। इन बसों के लिए भारतीय आयात-निर्यात बैंक ऋण उपलब्ध करा रहा है।
- नयी दिल्ली । उच्चतम न्यायालय में सोमवार को पांच नए न्यायाधीश पद की शपथ लेंगे। इनमें से तीन क्रमश: राजस्थान, पटना और मणिपुर के उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश – न्यायमूर्ति पंकज मिथल, न्यायमूर्ति संजय करोल और पी वी संजय कुमार हैं। पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा भी शपथ लेंगे।न्यायमूर्ति पंकज मिथलन्यायमूर्ति मिथल का मूल कैडर इलाहाबाद उच्च न्यायालय है। वह पिछले साल 14 अक्टूबर से राजस्थान उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में कार्यरत थे।न्यायमूर्ति मिथल का जन्म 17 जून, 1961 को हुआ। वह 1982 में इलाहाबाद विश्वविद्यालय से वाणिज्य स्नातक हैं। उन्होंने 1985 में मेरठ कॉलेज से एलएलबी पूरी की और उसी वर्ष उत्तर प्रदेश की बार काउंसिल में एक वकील के रूप में पंजीकरण कराया। उन्होंने 1985 में इलाहाबाद उच्च न्यायालय में वकालत शुरू की और उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद के स्थायी वकील के रूप में कार्य किया। वह 1990 और फरवरी 2006 के बीच डॉ बी आर आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के स्थायी वकील भी थे।न्यायमूर्ति मिथल को 7 जुलाई, 2006 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया था, और 2 जुलाई, 2008 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। उन्होंने 4 जनवरी, 2021 को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर और केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के लिए साझा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।न्यायमूर्ति संजय करोलसोमवार को शपथ लेने जा रहे दूसरे वरिष्ठ न्यायाधीश न्यायमूर्ति करोल हैं, जिनका मूल उच्च न्यायालय कैडर हिमाचल प्रदेश है। पदोन्नति के समय वे पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे। न्यायमूर्ति करोल का जन्म 23 अगस्त, 1961 को हुआ। शिमला के प्रतिष्ठित सेंट एडवर्ड स्कूल से पढ़ाई के बाद उन्होंने गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज, शिमला से इतिहास में ऑनर्स के साथ स्नातक किया। न्यायमूर्ति करोल कांगड़ा जिले के निवासी हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से कानून में डिग्री प्राप्त की और 1986 में एक वकील के रूप में पंजीकरण कराया। न्यायमूर्ति करोल ने उच्चतम न्यायालय सहित विभिन्न अदालतों में वकालत की। उन्हें संविधान, कराधान, कॉरपोरेट, आपराधिक और दीवानी से संबंधित मामलों में विशेषज्ञता हासिल है। उन्हें 1999 में एक वरिष्ठ अधिवक्ता के रूप में नामित किया गया था।न्यायमूर्ति करोल 1998 से 2003 तक हिमाचल प्रदेश के महाधिवक्ता भी रहे और 8 मार्च, 2007 को हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए थे। उन्हें 25 अप्रैल, 2017 से अदालत के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था। उन्हें 9 नवंबर, 2018 को त्रिपुरा उच्च न्यायालय और 11 नवंबर, 2019 को पटना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किया गया था।न्यायमूर्ति पी वी संजय कुमारन्यायमूर्ति कुमार मूल रूप से तेलंगाना उच्च न्यायालय से जुड़े हैं। वह पांच न्यायाधीशों की सूची में तीसरे स्थान पर हैं और पिछले साल 13 दिसंबर को कॉलेजियम द्वारा सिफारिश के समय और बाद में केंद्र द्वारा मंजूरी के समय मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।उनका जन्म 14 अगस्त, 1963 को हुआ। उन्होंने निजाम कॉलेज, हैदराबाद से वाणिज्य में स्नातक किया और 1988 में दिल्ली विश्वविद्यालय से एलएलबी की डिग्री हासिल की। न्यायमूर्ति कुमार ने अगस्त 1988 में आंध्र प्रदेश की बार काउंसिल के सदस्य के रूप में पंजीकरण कराया और 2000 से 2003 तक आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में एक सरकारी वकील के रूप में कार्य किया।उन्हें 8 अगस्त, 2008 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के एक अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पीठ में पदोन्नत किया गया और 20 जनवरी, 2010 को अदालत के स्थायी न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया। न्यायमूर्ति कुमार ने 14 अक्टूबर, 2019 को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने 14 फरवरी, 2021 को मणिपुर उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली।न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाहपटना उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति अमानुल्लाह चौथे न्यायाधीश हैं, जिन्हें शीर्ष अदालत में नियुक्त किया गया है। उनका जन्म 11 मई, 1963 को हुआ। उन्होंने 27 सितंबर, 1991 को बिहार स्टेट बार काउंसिल में पंजीकरण कराया और मार्च 2006 से अगस्त 2010 तक राज्य सरकार के स्थायी वकील रहे।वह पटना उच्च न्यायालय में एक सरकारी वकील थे। उसी अदालत में 20 जून, 2011 को न्यायाधीश के रूप में उनकी पदोन्नति हुई। उन्हें 10 अक्टूबर, 2021 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय में और 20 जून 2022 को पटना उच्च न्यायालय में वापस स्थानांतरित कर दिया गया था।न्यायमूर्ति मनोज मिश्रान्यायमूर्ति मिश्रा का जन्म 2 जून, 1965 को हुआ। उन्होंने 12 दिसंबर, 1988 को एक वकील के रूप में पंजीकरण कराया और 21 नवंबर, 2011 को इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत हुए। उन्होंने 6 अगस्त, 2013 को स्थायी न्यायाधीश के रूप में पद की शपथ ली।
-
चेन्नई .केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शनिवार को कहा कि केंद्र ने हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए तमिलनाडु सरकार से अन्य राज्यों की तरह विमान ईंधन (एटीएफ) पर मूल्य वर्धित कर (वैट) घटाने का आग्रह किया है। राज्य के दौरे पर आए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मंत्रालय का लक्ष्य देश में हवाईअड्डों का जाल बिछाने का है। सिंधिया ने संवाददाताओं से कहा, “हवाई संपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से हम राज्य सरकार से विमान ईंधन पर वैट घटाने का आग्रह कर रहे हैं। तमिलनाडु 29 प्रतिशत वैट लगाने वाले चुनिंदा राज्यों में शामिल है।” उन्होंने कहा कि तमिलनाडु बहुत ज्यादा कर लगा रहा है। उन्होंने कहा कि डेढ़ साल पहले देश के 12 राज्यों में विमानन ईंधन पर वैट एक से चार प्रतिशत के बीच था जबकि 24 राज्यों में 20-30 प्रतिशत तक था। सिंधिया ने कहा, “मैं उन सभी राज्य सरकारों के मुख्यमंत्रियों का धन्यवाद देना चाहता हूं, जिन्होंने हमारी अपील पर वैट कम किए हैं। 24 राज्यों में से 16 राज्य सरकारों ने वैट 20-30 प्रतिशत से घटाकर एक-चार प्रतिशत कर दिया।” उन्होंने कहा कि इस समय देश के 28 राज्यों में विमानन टरबाइन ईंधन पर वैट एक से चार प्रतिशत के बीच लग रहा है, जबकि आठ राज्यों में 20-30 प्रतिशत वैट लग रहा है। उन्होंने कहा, “अगर आप वैट कम कर देंगे तो आपके यहां हवाई संपर्क बढ़ जाएगा, आपके यहां अच्छे आर्थिक अवसर आएंगे।” मंत्री ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि तमिलनाडु सरकार हमारी मदद करेगी, जिससे हम बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध करा सकें।”
-
लॉकहीड मार्टिन ‘एयरो-इंडिया 2023' में एफ-21 लड़ाकू विमान का प्रदर्शन करेगी
नयी दिल्ली. रक्षा क्षेत्र की प्रमुख अमेरिकी कंपनी लॉकहीड मार्टिन बेंगलुरु में आगामी ‘एयरो-इंडिया' प्रदर्शनी में अपने एफ-21 लड़ाकू विमान, एस-92 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर, एमएच-60आर रोमियो मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर और टैंक विध्वंसक अस्त्र जेवलिन का प्रदर्शन करेगी। एशिया की सबसे बड़ी एयरोस्पेस प्रदर्शनी के रूप में जानी जाने वाली ‘एयरो-इंडिया' प्रदर्शनी का 14वां संस्करण 13 से 17 फरवरी तक कर्नाटक के बेंगलुरु में आयोजित किया जाएगा। दुनियाभर की लगभग सभी प्रमुख एयरोस्पेस कंपनियों के वायुसेना स्टेशन, येलहंका में लगभग 35,000 वर्ग मीटर के कुल क्षेत्र में होने वाले इस कार्यक्रम में भाग लेने की उम्मीद है। कंपनी ने कहा कि वह एयरो-इंडिया में अपनी उन्नत रक्षा क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी और प्रदर्शनी में एफ-21 लड़ाकू विमान, सी-130जे परिवहन विमान, एमएच-60आर ‘रोमियो' मल्टी-मिशन हेलीकॉप्टर, एस-92 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर आदि शामिल होंगे। लॉकहीड मार्टिन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी विलियम ब्लेयर ने कहा, ‘‘हम अपनी उन्नत क्षमताओं का प्रदर्शन करने और 21वीं सदी के लिए अपने ग्राहकों की सबसे बड़ी चुनौतियों का समाधान करने के लिए एयरो-इंडिया 2023 में भाग लेने को लेकर उत्साहित हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम रणनीतिक सुरक्षा और रक्षा क्षेत्र में अधिक आत्मनिर्भरता के लिए भारत में अपनी साझेदारी को मजबूत और विकसित करना जारी रखेंगे।'' ब्लेयर ने कहा, ‘‘हमें भारतीय उद्योग की विनिर्माण और तकनीकी क्षमताओं में पूरा विश्वास है।''कंपनी ने कहा कि लॉकहीड मार्टिन बूथ पर मुख्य आकर्षण एफ-21 लड़ाकू विमान होंगे।इसने एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘कार्यक्रम में लॉकहीड मार्टिन की उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए सी-130जे सुपर हरक्यूलिस विमान और एस-92 मल्टी-रोल हेलीकॉप्टर होंगे, जो दोनों भारतीय रक्षा उद्योग के साथ साझेदारी की एक मजबूत विरासत को दर्शाते हैं।'' -
मामी से अवैध संबंध के चलते भांजे ने मामा की गोली मारकर हत्या की....!, दोनों हिरासत में
मेरठ (उप्र) .मेरठ जिले के सरूरपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कथित तौर पर मामी से अवैध संबंधों के चलते भांजे ने शनिवार को अपने मामा की गोली मारकर हत्या कर दी। मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रोहित सिंह सजवान ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मामले में महिला और आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया है।मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रोहित सिंह सजवान ने बताया कि थाना सरूरपुर के अंतर्गत डहार गांव से पुलिस को सूचना मिली कि संदीप (32) नाम के व्यक्ति की उसके भांजे आरोपी जॉनी (28) ने गोली मारकर हत्या कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और छानबीन शुरू कर दी। सजवान ने बताया कि आरोपी जॉनी और मृतक की पत्नी प्रीति (27) को हिरासत में लिया गया है। एसएसपी के अनुसार पूछताछ में प्रीति ने बताया कि उसका जॉनी के साथ संबंध था, इस वजह से आरोपी जॉनी ने साजिश कर संदीप की हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि मामले में तहरीर लेकर विधिक कार्यवाही की जा रही है। -
बेटे ने चाकू मारकर मां की हत्या की...!, पुलिस कर रही पूछताछ
बागपत (उप्र) .बागपत जिले के छपरौली थानाक्षेत्र में शनिवार को एक बेटे द्वारा अपनी मां की कथित रूप से चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। बागपत के पुलिस अधीक्षक नीरज जादौन ने बताया कि तुगाना गांव में महक देवी (60) की शनिवार शाम उसके आरोपी बेटे ने चाकू मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि आरोपी राहुल (26) को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है, वह मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है। श्री जादौन ने बताया कि आज शाम चार बजे महक देवी का अपने छोटे बेटे आरोपी राहुल से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ और आरोपी राहुल ने चाकू मारकर अपनी मां की हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार घटना के वक्त महक देवी का पति ओमवीर अपने बड़े बेटे धर्मेंद्र के साथ खेत में गया हुआ था। निरीक्षक रत्नवीर सिंह के अनुसार घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है और आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।



.jpg)



















.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)