- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने रविवार को कहा कि देश को अपना परिवहन उद्योग जल्द कार्बन-मुक्त करने की जरूरत है क्योंकि भारत के पास जैव ईंधन के क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने की क्षमता है। गडकरी ने 'चीनी मंडी' द्वारा आयोजित चीनी एवं इथेनॉल सम्मेलन को ऑनलाइन संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय परिवहन क्षेत्र की 80 प्रतिशत ऊर्जा जरूरत पेट्रोल-डीजल जैसे जीवाश्म ईंधन के आयात से पूरा किया जा रहा है।
इस पर आने वाली लागत देश में 16 लाख करोड़ रुपये सालाना से अधिक है। उन्होंने कहा, "यह एक आर्थिक और पर्यावरण समस्या है। परिवहन क्षेत्र भी 90 प्रतिशत कार्बन उत्सर्जन के लिए जिम्मेदार है। परिवहन क्षेत्र को कार्बन-मुक्त करने की तत्काल आवश्यकता है। केंद्र सरकार किफायती लागत, प्रदूषण-मुक्त तरीके से इन आयातों की जगह लेने के लिए सक्रिय रूप से जैव-ईंधन और संपीड़ित बायो-गैस को अपना रही है।"
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ''सरकार जैव ईंधन के उत्पादन और इसके चारों ओर एक स्थायी परिवेश के निर्माण के लिए नीतिगत ढांचे को प्रोत्साहित कर रही है। केंद्र ईंधन के रूप में इथेनॉल के उपयोग को बढ़ावा दे रहा है। खासकर जब यह चावल, मक्का और गन्ने जैसे खाद्यान्नों से उत्पन्न होता है जो अतिवृष्टि और क्षतिग्रस्त हो जाते हैं। हम जैव ईंधन के मामले में दुनिया का नेतृत्व कर सकते हैं।''
उन्होंने कहा कि अतिरिक्त चीनी, चावल और मक्का के भंडार के कुशल उपयोग के साथ-साथ बांस और कृषि जैव सामग्री जैसे कपास और पुआल से दूसरी पीढ़ी के इथेनॉल का निर्माण भारत में ईंधन परिदृश्य को पूरी तरह से बदल सकता है। -
लखीमपुर। असम के लखीमपुर जिले में 500 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि को खाली कराने के लिए प्रशासन मंगलवार को अभियान चलाएगा। इस अभियान से करीब 100 परिवार प्रभावित हो सकते हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने अभियान के लिए रविवार को ‘मॉक ड्रिल' की।
पावा आरक्षित वन की 2,560.25 हेक्टेयर में से केवल 29 हेक्टेयर जमीन ही इस समय किसी भी प्रकार के अतिक्रमण से मुक्त है। अधिकारियों ने कहा कि पहले चरण के तहत 10 जनवरी की कवायद में आधासोना और मोहाघुली गांवों में 500 हेक्टेयर क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। मई 2021 में सत्ता संभालने के बाद से हिमंत बिश्व शर्मा के नेतृत्व वाली सरकार राज्य में अलग-अलग जगहों पर बेदखली अभियान चला रही है।
पिछले महीने इस तरह के दो अभियान चलाए गए थे। नगांव के बटाद्रवा में 19 दिसंबर अभियान में 5,000 से अधिक कथित अतिक्रमणकारियों को हटा दिया गया था। सितंबर, 2021 में दरांग जिले के ढालपुर क्षेत्र में भी बेदखली अभियान चलाया गया, जिसके कारण हिंसा हुई।
घटना में दो लोगों की मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। लखीमपुर के मंडल वन अधिकारी (डीएफओ) अशोक कुमार देव चौधरी ने कहा कि पहले चरण में 10 जनवरी को आधासोना और मोहाघुली गांवों में पावा आरक्षित वन क्षेत्र को खाली करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले दशकों में पावा आरक्षित वन भूमि पर 701 परिवारों ने कब्जा कर लिया है। अवैध रूप से बसने वालों में राज्य के विभिन्न हिस्सों के लोग और साथ ही बाढ़ और कटाव के कारण विस्थापित हुए स्थानीय लोग शामिल हैं। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को वाराणसी में दुनिया के सबसे लंबे रिवर क्रूज को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, नदी में चलने वाला क्रूज जहाज ‘एमवी गंगा विलास' शुक्रवार को वाराणसी से अपने पहले सफर पर रवाना होगा। इस दौरान वह 3,200 किलोमीटर से अधिक लंबा सफर तय करेगा।
यह क्रूज भारत एवं बांग्लादेश से गुजरने वाली 27 नदी प्रणालियों के रास्ते अपनी मंजिल पर पहुंचेगा। इस लंबे सफर में एमवी गंगा विलास क्रूज पटना, साहिबगंज, कोलकाता, ढाका और गुवाहाटी जैसे 50 पर्यटक स्थलों से होकर गुजरेगा। इसका सफर 13 जनवरी को वाराणसी से शुरू होगा और इसके एक मार्च को अपने गंतव्य डिब्रूगढ़ पहुंचने की संभावना है।
बयान के मुताबिक, वाराणसी में गंगा नदी पर होने वाली मशहूर गंगा आरती के साथ यह क्रूज अपने सफर पर निकलेगा। इस सफर में वह प्रसिद्ध बौद्ध तीर्थस्थल सारनाथ, तंत्र गतिविधियों के लिए मशहूर मायोंग और नदी में बने द्वीप माजुली भी जाएगा। क्रूज के इस पहले सफर में स्विट्जरलैंड के 32 सैलानी शामिल होंगे।
केंद्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन एवं जलमार्ग मंत्री सर्वानंद सोनोवाल ने कहा है कि एमवी गंगा विलास का उद्घाटन होने के साथ ही भारत नदियों से क्रूज सफर के वैश्विक मानचित्र का हिस्सा बन जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे देश में नदी पर्यटन के क्षेत्र में असीम संभावनाओं का द्वार खुलेगा। फिलहाल देश में वाराणसी और कोलकाता के बीच आठ रिवर क्रूज संचालित हो रहे हैं। इसके अलावा दूसरे राष्ट्रीय जलमार्ग (ब्रह्मपुत्र नदी) पर भी क्रूज का आवागमन जारी है। -
पालघर (महाराष्ट्र)। जिले के मुंबई-अहमदाबाद राजमार्ग पर रविवार को एक कार ने एक ट्रक को टक्कर मार दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसे में एक शिशु सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए है।
अधिकारी ने बताया कि एक परिवार के सात सदस्य कार से मुंबई से गुजरात में वलसाड जिले के भिलाड जा रहे थे, तभी कासा थाना क्षेत्र में एक मंदिर के निकट पूर्वाह्न करीब पौने बारह बजे यह हादसा हुआ।
पालघर पुलिस के प्रवक्ता सचिन नवाडकर ने बताया, ‘‘मृतकों की पहचान नरोत्तम राठौड़ (65), उनके पुत्र केतन राठौड़ (32), एक साल के बच्चे आरवी राठौड़ के रूप में हुई है। घायलों की पहचान कार चला रहे दीपेश राठौड़ (35), तेजल राठौड़ (32), मधु राठौड़ (58) और ढाई साल की बच्ची स्नेहल राठौड़ के रूप में हुई है।'' उन्होंने बताया कि घायलों का अभी तक बयान नहीं लिया जा सका है, इसलिए पुलिस ने अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया है। -
सीतापुर। जिले के बिसवां क्षेत्र में ठंड से बचने के लिए जलाई गई पेट्रोमैक्स से निकली जहरीली गैस के संपर्क में आने से एक दंपति और उनके दो बच्चों की मृत्यु हो गई। पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि विश्वा थाना क्षेत्र के झज्जर इलाके में मदरसा शिक्षक आसिफ (32), उसकी पत्नी शगुफ्ता (30) और उनके बच्चे जैद (तीन) और मायरा (दो) के शव रविवार सुबह उनके घर में बिस्तर पर पाए गए।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक प्रताप ने बताया कि आसिफ और उसका परिवार शनिवार रात प्रचंड सर्दी के बीच कमरे में गैस की पेट्रोमैक्स जलाकर सोए थे जिस से निकली गैस से दम घुटने के कारण पूरे परिवार की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सुबह जब दूधिया ने दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला; पास पड़ोस के लोगों ने संदेह होने पर घटना की सूचना पुलिस को दी।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने दरवाजा तुड़वाया तो अंदर आसिफ उसकी पत्नी और दोनों बच्चों के शव बिस्तर पर पाए गए। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की है।फाइल फोटो
-
पणजी। उत्तरी गोवा जिले में दो नाबालिग बच्चे अपने घर में मृत पाये गये, जबकि उनका पिता घर के पीछे एक पेड़ पर फांसी पर लटका मिला। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) निधिन वालसन ने संवाददाताओं को बताया कि प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि गला दबाकर बच्चों की हत्या करने के बाद इस व्यक्ति ने खुदकुशी कर ली।
उन्होंने बताया कि शनिवार रात को कैंडोलिम गांव में 14 साल के लड़के और आठ साल की उसकी बहन के शव उनके घर में मिले और जब इन बच्चों की मौत हुई, तब उनकी मां घर पर नहीं थी। उन्होंने कहा, ‘‘जब बच्चों ने घर का दरवाजा नहीं खोला तब उनकी मां ने पड़ोसियों की मदद से उसे तुड़वाया और उन दोनों बच्चों को उसने मृत पाया।'' वालसन के अनुसार, पुलिस को शनिवार रात साढ़े दस बजे इस घटना की सूचना मिली।
उन्होंने बताया कि तब कालनगुट पुलिस ने बच्चों के पिता को तलाशना शुरू किया, जो बच्चों के मृत मिलने के बाद से गायब था। उनके मुताबिक, रविवार सुबह घर के पीछे एक पेड़ पर इन बच्चों का पिता फांसी पर लटका मिला। एक अन्य अधिकारी के अनुसार, उसकी उम्र 40 साल के आसपास होगी। वालसन ने कहा, ‘‘प्रथमदृष्टया ऐसा लगता है कि गला घोंटकर बच्चों की हत्या करने के बाद पिता ने खुदकुशी कर ली।'' उन्होंने कहा कि इस घटना की जांच की जा रही है। -
ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में 22 वर्षीय एक महिला की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। कसारा पुलिस थाने के निरीक्षक संदीप गीते ने बताया कि महिला की हत्या करने और उसके शव को एक गांव में फेंकने के आरोप में पुलिस ने भिवंडी शहर से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा कि महिला शुक्रवार शाम कसारा के पास एक जंगल में मृत पाई गई, जिस पर चाकू से कई हमले किए गए थे। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान, पुलिस को शव के पास पीड़िता का एक मोबाइल फोन मिला और उसकी पहचान की गई। अधिकारी ने बताया कि इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की।
उन्होंने कहा कि आरोपियों में से एक पीड़िता के साथ ‘लिव-इन रिलेशनशिप' में था और दंपति अक्सर छोटी-छोटी बातों पर झगड़ते थे। अधिकारी ने कहा कि आरोपी कथित तौर पर पीड़िता को कसारा के वारलीपाड़ा ले गया, जहां उसने अपने साथी के साथ मिलकर उसकी चाकू मारकर हत्या कर दी। -
वडोदरा। गुजरात के वडोदरा जिले में एक व्यक्ति ने अपने 11 वर्षीय बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी और उसके बाद अपने घर में आत्महत्या कर ली। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार को घटनास्थल से बरामद एक पत्र के आधार पर मृतक व्यक्ति की पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त एम. पी. भोजानी ने कहा कि वडोदरा शहर के बाहरी बापोड़ इलाके में शनिवार को परेश सिकलीगर (32) और उनका बेटा चर्मिश अपने घर में मृत मिले। उन्होंने कहा, “बापोड़ थाने के अधिकारी जब घटनास्थल पर पहुंचे तो उन्होंने परेश और उनके बेटे चर्मिश को अलग-अलग कमरों में लटका पाया।”
उन्होंने कहा कि सिकलीगर ने पहले अपने बेटे की हत्या की, फिर अपने फ्लैट के दूसरे कमरे में फांसी लगा ली। भोजानी ने कहा कि घटनास्थल से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें पीड़ित ने अपनी पत्नी पर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उसकी पत्नी का व्यवहार बहुत कठोर था और उसे परेशान करती थी, इसलिए वह इतना बड़ा कदम उठा रहा है। उन्होंने कहा कि पीड़ित ऑटोरिक्शा चालक था और दंपति की शादी को करीब 15 साल हो गए थे।
अधिकारी ने कहा कि पीड़ित की पत्नी आरोपी आशाबेन के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 306 (आत्महत्या के लिए उकसाना) के तहत मामला दर्ज किया गया और आगे की जांच की जा रही है। -
प्रतापगढ़. उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के अंतू थाना क्षेत्र में लखनऊ राजमार्ग पर पारा हमीदपुर कामापुर मोड़ के पास शनिवार सुबह एक ट्रक की चपेट में आने से कार सवार एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसे में मारे गए पुलिस निरीक्षक की पहचान प्रयागराज कोतवाली के प्रभारी अमर सिंह रघुवंशी के रूप में हुई है।
अंतू थाने के प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार के मुताबिक, शनिवार सुबह हुई भीषण टक्कर में कार और ट्रक दोनों पलट गए। उन्होंने बताया कि हादसे में कार इतनी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई कि गैस कटर से शीशा काटकर पुलिस निरीक्षक के शव को बाहर निकला गया। कुमार के अनुसार, हादसे में मारे गए पुलिस निरीक्षक अमर सिंह रघुवंशी (55) अमेठी के गंगागंज नगर के निवासी थे। वह अदालत में गवाही देने के लिए प्रयागराज से रायबरेली जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
कुमार के मुताबिक, हादसे की सूचना पाकर अपर पुलिस अधीक्षक विद्यासागर मिश्रा और पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) सुबोध गौतम दुर्घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस निरीक्षक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजवाया। -
तिरुवनंतपुरम. मुख्यमंत्री पिनारायी विजयन ने शनिवार को घोषणा की कि केरल देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसने अपनी बैंकिंग सेवा को पूरी तरह से डिजिटल कर दिया है। विजयन ने कहा कि इस उपलब्धि से राज्य की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा।
विजयन ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि यह उपलब्धि स्थानीय स्वशासन संस्थानों के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के विकास और बैंकिंग क्षेत्र में तकनीकी विकास के माध्यम से सामाजिक भागीदारी के कारण संभव हो पाई है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैं इस उपलब्धि के लिए काम करने वाले सभी लोगों को बधाई देना चाहता हूं और केरल को देश का पहला पूर्ण डिजिटल बैंकिंग राज्य घोषित करना चाहता हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘डिजिटल सेवाओं को सार्वभौमिक रूप से सुलभ बनाने के लिए, हमें यह सुनिश्चित करने की आवश्यकता है कि समाज में डिजिटल भेद पूरी तरह से समाप्त हो जाए। -
विशाखापत्तनम. केंद्रीय एजेंसी राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) के अधिकारियों ने यहां दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके पास से 1.86 किलोग्राम सोना जब्त किया है। डीआरआई ने शनिवार को यह जानकारी दी। डीआरआई के मुताबिक, इस सोने को कथित तौर पर बांग्लादेश से तस्करी कर लाया गया था।
डीआरआई ने एक विज्ञप्ति में कहा कि विशाखापत्तनम क्षेत्रीय इकाई-2 के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार तड़के दो व्यक्तियों को रोका, जिनमें से एक कोलकाता से आया था और उनके पास से 1.07 करोड़ रुपये मूल्य का सोना जब्त किया। देश की सर्वोच्च तस्करी रोधी एजेंसी ने कहा, ‘‘सोने की दुकान के मालिक के आवास पर और तलाशी ली गई, जहां कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली।'' डीआरआई ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रारंभिक जांच से पता चला है कि तस्करी का सोना बांग्लादेश से भेजा जाता है और इसके बाद आगे की आपूर्ति के लिए कोलकाता में पिघलाया जाता है और उसे विभिन्न आकार के सोने की छड़ों/टुकड़ों में बदला जाता है।'' गिरफ्तार किए गए लोगों पर सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया और उन्हें विशाखापत्तनम केंद्रीय कारागार में न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले की विस्तृत जांच जारी है। - शिमला। सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश मंत्रिपरिषद का रविवार को विस्तार किया गया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह समेत सात मंत्रियों को इसमें शामिल किया गया है। राजभवन में मंत्रियों की शपथ के लिए शपथ ग्रहण समारोह हुआ। मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना ने कार्यवाही का संचालन किया। धनीराम शांडिल ने सबसे पहले शपथ ली।इसके बाद चंद्र कुमार ने दूसरे स्थान पर शपथ ली। तीसरे स्थान पर हर्षवर्द्धन चौहान, चौथे स्थान पर जगत सिंह नेगी ने शपथ ली। पांचवें स्थान पर रोहित ठाकुर ने मंत्री पद की शपथ ली। अनिरुद्ध सिंह ने छठे स्थान पर और विक्रमादित्य सिंह ने सातवें स्थान पर मंत्री पद की शपथ ली।शिमला को पहली ही सूची में तीन मंत्री मिले हैं। मंत्रियों के तीन पद अभी खाली रहेंगे। इससे पहले मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने छह विधायकों को मुख्य संसदीय सचिव और संसदीय सचिवों को शपथ दिलाई। सुक्खू सरकार में छह मुख्य संसदीय सचिव और संसदीय सचिव बनाए गए हैं। सुंदर सिंह ठाकुर को मुख्मयंत्री ने मुख्य संसदीय सचिव की शपथ दिलाई। रामकुमार चौधरी, मोहन लाल ब्राक्टा को भी मुख्य संसदीय सचिव और रामकुमार को संसदीय सचिव की शपथ दिलाई गई।आशीष बुटेल भी मुख्य संसदीय सचिव बनाए गए हैं। उन्होंने भी शपथ ली। किशोरीलाल , संजय अवस्थी को भी मुख्य संसदीय सचिव बनाया गया। मुख्य संसदीय सचिव बनाने की पहल वीरभद्र सरकार में शुरू हुई थी। जब मंत्रियों को बनाने की सीमा तय हुई थी कि मुख्यमंत्री के अलावा केवल 11 मंत्री ही बनाए जा सकते हैं।
- नयी दिल्ली। टाटा समूह के स्वामित्व वाली एअर इंडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) कैंपबेल विल्सन ने नवंबर में न्यूयॉर्क से आई एक उड़ान में एक पुरुष यात्री द्वारा महिला सहयात्री पर पेशाब करने की घटना के लिए शनिवार को माफी मांगी और कहा कि चालक दल के चार सदस्यों तथा एक पायलट को जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है तथा एअरलाइन विमान में शराब परोसने की अपनी नीति की समीक्षा कर रही है। घटना से उचित तरीके से न निपटने के लिए आलोचनाओं के बीच विल्सन ने एक बयान में कहा कि एअरलाइन इस मामले से बेहतर तरीके से निपट सकती थी और उन्होंने ऐसे अनुचित व्यवहार की शिकायत करने के लिए मजबूत तंत्र बनाने का वादा किया। उन्होंने कहा, ‘‘एअर इंडिया उड़ान के दौरान ऐसी घटनाओं को लेकर बहुत चिंतित है जहां उपभोक्ताओं को हमारे विमान में अपने सहयात्रियों के निंदनीय कृत्यों को सहना पड़ा है। हम इन घटनाओं से दुखी हैं तथा खेद जताते हैं।'' विल्सन ने कहा, ‘‘एअर इंडिया यह मानती है कि वह उड़ान के दौरान तथा बाद में इन मामलों से बेहतर तरीके से निपट सकती थी और वह कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।'' एअरलाइन के आरोपी यात्री को कानून प्रवर्तन अधिकारियों को तुरंत न सौंपने को लेकर उठे सवालों को लेकर उन्होंने कर्मियों को सभी घटनाओं की जानकारी देने की सलाह दी, भले ही वे सुलझ ही क्यों न गयी हों। उन्होंने कहा, ‘‘26 नवंबर 2022 को न्यूयॉर्क-दिल्ली उड़ान- एआई-102 में हुई घटना में चालक दल के चार सदस्यों और एक पायलट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उन्हें जांच पूरी होने तक ड्यूटी से हटा दिया गया है।'' विल्सन ने कहा कि इस बात की आंतरिक जांच की जा रही है कि क्या अन्य कर्मियों से भी चूक हुई थी।एअरलाइन विमान में शराब परोसने की नीति, घटना से निपटने, उड़ान के दौरान शिकायत दर्ज कराने और शिकायत से निपटने समेत अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
- नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर सहित पूरे उत्तर भारत कड़ाके की ठंड से कांप रहा है। शीतलहर और कोहरे के चलते आम जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर के साथ-साथ रविवार सुबह कोहरा छाया रहा। कोहरे की मोटी परत ने राष्ट्रीय राजधानी को ढक लिया जिससे दृश्यता कम हो गई। बढ़ती ठंड को देखते हुए लोग घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घने कोहरे के चलते सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित है। राष्ट्रीय राजधानी में भीषण कोहरे और ठंड के कारण हवाई यात्री भी परेशान हैं। कोहरे के चलते दिल्ली एयरपोर्ट से उड़ने वाली कई फ्लाइट्स लेट हो गई। खराब मौसम के कारण दिल्ली एयरपोर्ट पर करीब 20 फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं। यात्रियों का कहना है कि कड़ाके की ठंड के बीच एयरपोर्ट पर दृश्यता बहुत कम है। वहीं, कोहरे के कारण उत्तर रेलवे क्षेत्र में 42 ट्रेनें देरी से चल रही हैं।वहीं, शनिवार को सर्दी ने इस सीजन का रिकॉर्ड तोड़ दिया। न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रिज इलाका एक बार फिर ठिठुरा, यहां तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम 1.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। लोदी रोड में 2.0, आयानगर में 3.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। इससे पहले वर्ष 2021 में एक जनवरी को तापमान 1.1 डिग्री दर्ज हुआ था। जबकि बीते साल 2022 में सीजन के सबसे ठंडे दिन का रिकॉर्ड एक जनवरी को था जब तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा था। वहीं 2020 में एक जनवरी को तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस था।दिल्ली-एनसीआर में हिल स्टेशन से भी ज्यादा ठंड पड़ रही है। शनिवार को इन इलाकों में तापमान चार डिग्री से ऊपर रहा। जबकि एनसीआर के इलाकों में न्यूनतम तापमान दो से चार डिग्री के बीच दर्ज हुआ। शिमला में न्यूनतम तापमान 7.8, नैनीताल में 5.8, मनाली में पारा 4.0 डिग्री सेल्सियस रहा। जबकि गुरूग्राम में न्यूनतम तापमान 2.5, फरीदाबाद में 3.4, नोएडा में 3.7 और गाजियाबाद में न्यूनतम तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा।मौसम विभाग के अनुसार उत्तर पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ दस्तक दे रहा है। इसका असर तीन से चार दिन बाद मैदानी इलाकों में पड़ेगा। इस कारण से एक बार फिर से गला देने वाली ठंड की वापसी होगी। अभी विभाग ने सोमवार से शीत लहर से राहत मिलने की संभावना जताई है। इस कारण से 13 जनवरी तक न केवल अधिकतम तापमान बढ़ेगा, बल्कि न्यूनतम तापमान भी 8 डिग्री तक पहुंच जाएगा। यह केवल फौरी राहत होगी। कोहरे से अगले सप्ताह तक राहत मिलने की संभावना नहीं है।
-
नई दिल्ली । स्विस पर्यटकों को लेकर लग्जरी क्रूज गंगा विलास शनिवार को उत्तर प्रदेश के गाजीपुर पहुंचा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का 13 जनवरी को विश्व के सबसे बड़े नदी क्रूज गंगा विलास को झंडी दिखाने का कार्यक्रम है। इस क्रूज की यात्रा उत्तर प्रदेश में वाराणसी से आरंभ होगी और असम के डिब्रूगढ़ पहुंचेगी। यह क्रूज पचास दिन में तीन हजार दो सौ किलोमीटर की यात्रा करेगा और भारत तथा बांग्लादेश की 27 नदियों से गुजरेगा। गंगा विलास क्रूज वाराणसी से चलकर यात्रा के आठवें दिन पटना पहुंचेगा। यह बक्सर, राम नगर और गाजीपुर में रूकेगा। इसके बाद यह क्रूज फरक्का और मुर्शिदाबाद के रास्ते बीस दिन में कोलकाता पहुंचेगा।
-
संभल. उत्तर प्रदेश के संभल जिले के चंदौसी थाना क्षेत्र में एक युवक द्वारा अपनी पत्नी के चरित्र पर शक के चलते कथित तौर पर अपने छह वर्षीय बेटे की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) चक्रेश मिश्रा के मुताबिक, चंदौसी थाना क्षेत्र के सैंजनी गांव निवासी आरोपी धर्मेश ने बृहस्पतिवार को सूचना दी थी कि उसका बेटा रजत घर के बाहर खेलते समय गायब हो गया है। इसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर बच्चे की तलाश शुरू कर दी थी। मिश्रा ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज और छानबीन के आधार पर शुक्रवार को बच्चे का शव गांव में गन्ने के एक खेत से बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी धर्मेश ने बताया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, इसलिए उसने अपने बेटे को खेत में ले जाकर जूते के फीते से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। मिश्रा के अनुसार, पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने शनिवार को ओडिशा सरकार से राज्य में आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने का आग्रह किया ताकि लाभार्थी अस्पताल में भर्ती होने पर नकदी रहित उपचार का लाभ उठा सकें। भुवनेश्वर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान के चौथे वार्षिक दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेने के बाद मीडिया से बातचीत में मांडविया ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्रालय ने इस संबंध में राज्य सरकार को पत्र भी लिखा है। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (एबी-पीएमजेएवाई) का उद्देश्य सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज के लक्ष्य को प्राप्त करना और दूर दराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को मुफ्त और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है। इस योजना का उद्देश्य सामाजिक-आर्थिक जाति जनगणना (एसईसीसी) -2011 के आंकड़ों के अनुसार 10.74 करोड़ से अधिक गरीब और कमजोर परिवारों (53 करोड़ से अधिक लाभार्थी) को प्रति वर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक मुफ्त और कैशलेस स्वास्थ्य सेवा प्रदान करना है। एबी-पीएमजेएवाई पश्चिम बंगाल, दिल्ली और ओडिशा को छोड़ कर पूरे देश में लागू है । -
चंडीगढ़. हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज शनिवार को कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बच गए। यह बीते तीन सप्ताह में विज के साथ हुई इस तरह की दूसरी दुर्घटना है। ताजा घटना बहादुरगढ़ शहर के निकट उस स्थान के पास हुई, जहां 19 दिसंबर को पिछली दुर्घटना हुई थी। दोनों मौकों पर वह अपने निर्वाचन क्षेत्र अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे। गत 19 दिसंबर को हुई दुर्घटना के बाद उन्हें आधिकारिक वाहन के रूप में वॉल्वो की कार दी गयी थी।
विज ने कहा कि शनिवार की घटना उस समय हुई, जब वह कुछ देर के लिए केएमपी एक्सप्रेसवे पर रुके थे। विज ने फोन पर कहा, “आज की घटना उसी जगह के करीब हुई, जहां पिछली घटना हुई थी। हम कुछ देर केएमपी पर रुके थे और मैं अपनी कार में बैठा था कि अचानक एक ट्रक ने मेरे काफिले में शामिल वाहन को टक्कर मार दी, जो मेरी कार से लगभग 10 फुट पीछे था। इसके बाद काफिले में शामिल वाहन मेरी कार से टकरा गया। मेरी कार क्षतिग्रस्त हो गई। सभी बाल-बाल बच गए।” उन्होंने कहा कि घटना के समय वह गुरुग्राम जा रहे थे।
गत 19 दिसंबर को केएमपी एक्सप्रेसवे पर विज के सरकारी वाहन का ‘शॉक एब्जॉर्बर' खराब हो गया था, जिसमें विज बाल-बाल बच गए थे। उस वक्त भी वह अंबाला कैंट से गुरुग्राम जा रहे थे। -
नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को कहा कि सॉफ्टवेयर क्षेत्र में अपनी ताकत दिखाने के बाद भारत को सॉफ्टवेयर उत्पादों का केंद्र बनने का प्रयास करना चाहिए। मुर्मू ने 'डिजिटल इंडिया' पुरस्कार के सातवें संस्करण को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी आंकड़ों के लोकतंत्रीकरण पर ध्यान देना चाहिए ताकि देश में प्रौद्योगिकी के प्रति उत्साही लोग स्थानीय डिजिटल समाधान विकसित करने के लिए आगे आएं।
उन्होंने कहा, ''हमें मौजूदा नीतियों का लाभ उठाना चाहिए और भारत को देश में विकसित तकनीक की मदद से सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर उत्पादों के वैश्विक शक्ति-केंद्र के रूप में स्थापित करना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि भारत खासतौर से कोविड-19 महामारी के दौरान जन-केंद्रित शासन के लिए प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करने वाला प्रमुख देश बनकर उभरा। मुर्मू ने कहा, ''डिजिटल इंडिया भी विश्व मंच पर देश के महत्व को बढ़ाने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
भारत के जी20 समूह की अध्यक्षता संभालने के साथ ये सभी घटनाएं अधिक प्रासंगिक हो जाती हैं।'' भारत ने औपचारिक रूप से एक दिसंबर 2022 को जी20 की अध्यक्षता संभाली है। राष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने स्वदेशी रूप से विकसित 5जी दूरसंचार तकनीक को लागू किया है और 5जी सेवाओं के शुरू होने से शासन में भी बदलाव आएगा। मुर्मू ने कहा, ''हमें सरकारी आंकड़ों के लोकतंत्रीकरण पर ध्यान देना चाहिए, ताकि युवा इसका इस्तेमाल स्थानीय जरूरत के अनुसार डिजिटल समाधान बनाने के लिए कर सकें।'' इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति ने डिजिटल शासन के क्षेत्र में 22 सरकारी संस्थाओं को पुरस्कार प्रदान किए। -
नयी दिल्ली। दूरसंचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि सरकार वर्ष 2023 में डिजिटल प्रौद्योगिकियों की मदद से रेहड़ी-पटरी वालों को 5,000 रुपये तक की सूक्ष्म ऋण सुविधा देने पर खास जोर देगी। वैष्णव ने डिजिटल इंडिया पुरस्कार वितरण समारोह में कहा, ''2023 में रेहड़ी-पटरी वालों की 3,000 रुपये से 5,000 रुपये तक छोटी ऋण जरूरतों को पूरा करने के लिए सरल तरीके से ऋण सुविधाएं मुहैया करने पर खास ध्यान दिया जाएगा।''
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रत्येक नागरिक को डिजिटल रूप से जोड़ने के लिए देश के सभी हिस्सों तक 4जी और 5जी दूरसंचार सेवाएं पहुंचाने को लगभग 52,000 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। मंत्री ने कहा कि देश इस साल स्वदेशी रूप से विकसित 4जी और 5जी प्रौद्योगिकियों को लागू होते देखेगा।
उन्होंने कहा कि प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रधानमंत्री मोदी के विजन के अनुसार देश में बहुत जल्द एक इलेक्ट्रॉनिक चिप विनिर्माण संयंत्र की स्थापना की जाएगी। प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (स्वनिधि) योजना को सूक्ष्म-ऋण सुविधा के रूप में जून 2020 में शुरू किया गया था। इस योजना का मकसद कोविड-19 महामारी के चलते हुए नुकसान की भरपाई के लिए रेहड़ी पटरी वालों को सशक्त बनाना है। -
मुंबई। मुंबई के सांताक्रूज में शनिवार तड़के एक बार में छापेमारी कर 69 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार लोगों में 44 ग्राहक, 21 कर्मचारी और चार कलाकार शामिल हैं।
उन्होंने कहा, “प्रतिष्ठान से 14 महिलाओं को मुक्त कराया गया और 3.5 लाख रुपये नकद जब्त किए गए। वहां एक नृत्य कार्यक्रम की वीडियो क्लिप मिलने के बाद पुलिस की सामाजिक सेवा शाखा ने छापेमारी की।” उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र होटल, रेस्तरां एवं बार रूम में महिलाओं के अश्लील नृत्य पर रोक अधिनियम, 2016 व भारतीय दंड संहिता की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। -
जूनागढ़। गुजरात में जूनागढ़ जिले के गिर वन्यजीव अभयारण्य में शेरों का अपने वाहनों से पीछा कर उन्हें कथित तौर पर परेशान करने और मोबाइल फोन से वीडियो बनाने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक वन अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि इस घटना में शामिल छह लोगों में से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है जो राजस्थान के रहने वाले हैं।
वन अधिकारियों के अनुसार, जूनागढ़ जिले में सासन गिर के पास गिर वन्यजीव अभयारण्य में दो सप्ताह पहले इस घटना से संबंधित वीडियो रिकॉर्ड किये जाने की संभावना है। एक वीडियो में, कुछ लोगों को दो वाहनों पर शेरों के झुंड का पीछा करते हुए देखा जा सकता है। कुछ आरोपियों ने गांव की सड़क पर खतरनाक तरीके से शेरों के करीब गाड़ी चलाते हुए अपने मोबाइल फोन से वीडियो शूट किया।
जूनागढ़ वन्यजीव मंडल की मुख्य वन संरक्षक अराधना साहू ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारी ने कहा, ‘‘तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया, क्योंकि शेरों को परेशान करना एक गैर-जमानती अपराध है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।'' उन्होंने कहा कि गिरफ्तारियां उन वीडियो के आधार पर की गईं जो वायरल हुए और वन विभाग के संज्ञान में आई। साहू ने कहा, ‘‘हमने उनमें से तीन को पूछताछ के लिए बुलाया था और उन्हें हिरासत में लिया है।'' -
जयपुर। राजस्थान के अजमेर जिले में पुरानी रंजिश के चलते अज्ञात बदमाशों ने एक पूर्व पार्षद की गोली मारकर हत्या कर दी और एक अन्य को घायल कर दिया। गंज थाना प्रभारी धर्मवीर सिंह ने शनिवार को बताया कि यह घटना अजमेर जिले के पुष्कर कस्बे के बंसेली गांव में हुई जहां पूर्व पार्षद सवाई सिंह (70) और उनके दोस्त दिनेश तिवारी (68) को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी।
उन्होंने बताया कि कि दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान सवाई सिंह की मौत हो गई, जबकि उनके दोस्त का इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना पुरानी रंजिश का नतीजा लग रही है। मामले की जांच की जा रही है। -
नई दिल्ली। भारत और जापान की वायुसेनाएं 12 से 26 जनवरी तक पहला द्विपक्षी अभ्यास करेंगी। दोनों देशों के बीच होने वाला यह अभ्यास हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन की सैन्य ताकत को लेकर बढ़ती चिंताओं के बीच प्रगाढ़ होते रक्षा संबंधों को दर्शाता है। भारतीय वायु सेना (आईएएफ) और जापान एयर सेल्फ डिफेंस फोर्स (जेएएसडीएफ) के बीच 'वीर गार्जियन-2023' नामक यह अभ्यास जापान के हयाकुरी एयरबेस पर आयोजित किया जाएगा।
भारतीय वायुसेना ने शनिवार को कहा कि अभ्यास में उसकी तरफ से चार सू-30 एमकेआई विमान, दो सी-17 विमान और एक आईएल-78 विमान हिस्सा लेंगे। जेएएसडीएफ के चार एफ-2 और चार एफ-15 विमान अभ्यास में हिस्सा लेंगे।
आईएएफ ने एक बयान में कहा, “देशों के बीच वायु रक्षा सहयोग को बढ़ावा देने के लिए, भारत और जापान संयुक्त हवाई अभ्यास 'वीर गार्जियन-2023' आयोजित करने के लिए तैयार हैं।” -
शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश)। विवाह नहीं कर पाने से दुखी प्रेमी जोड़े ने झोपड़ी में फांसी लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि पुवाया थाना क्षेत्र के रहने वाले रोहित (22) का पड़ोसी गांव लक्ष्मीपुर में रहने वाली लड़की (17) से प्रेमसंबंध था। दोनों एक ही बिरादरी के थे और दोनों शादी करना चाहते थे, लेकन परिजन इसके लिए तैयार नहीं थे।
उन्होंने बताया कि विवाह नहीं होने से दुखी होकर झोपड़ी में रह रहे रोहित ने प्रेमिका को शुक्रवार रात में बुलाया और झोपड़ी की मुंडेर की बल्ली में तार की मदद से दोनों ने फांसी लगा ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।












.jpg)














