- Home
- देश
-
पुरी। भारतीय वायुसेना ने देश की आजादी के 75 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में बंगाल की खाड़ी के ऊपर रविवार को यहां हवाई करतबों का शानदार प्रदर्शन किया। पूर्वी वायु कमान की सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम के नौ विमानों ने सुबह यहां ब्लू फ्लैग बीच पर हवाई करतब दिखाए। तीर्थयात्रियों के शहर पुरी में समुद्र किनारे हजारों पर्यटकों ने मंत्रमुग्ध होकर यह नजारा देखा। इस कार्यक्रम में ओडिशा के राज्यपाल गणेशी लाल भी शामिल हुए। सूर्यकिरण विमानों के बेड़े ने कई फ्लाईपास्ट किए और करतब दिखाए। एक करतब में एक विमान सीधे ऊपर से नीचे आया और वापस लौटते समय घूमता नजर आया। इस रोमांचक प्रदर्शन में दो विमान विपरीत दिशाओं से 1,500 किमी प्रति घंटे से अधिक की गति से आमने-सामने आए और फिर दर्शकों को मंत्रमुग्ध करते हुए बाईं तथा दाईं ओर निकल गए। हालांकि, वायुसेना की टीम कुछ अन्य करतबों का प्रदर्शन नहीं कर सकी, क्योंकि मानसूनी बादलों के कारण सीमित दृश्यता थी। टीम की एक महिला सदस्य ने बताया कि शुक्रवार को भुवनेश्वर में कुआखाई नदी तट पर इसी तरह के अभ्यास के दौरान आसपास की इमारतों के कारण कम ऊंचाई तक आना संभव नहीं था। उन्होंने शो के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘‘लेकिन पुरी के समुद्र तट के पास हम विमान को 100-300 फुट की ऊंचाई पर उड़ाने में सक्षम थे।
-
भद्रवाह/जम्मू। जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में रविवार को केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के एक जवान की कार सड़क से फिसलकर गहरी खाई में गिर जाने से उसकी मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक मोहम्मद जान नामक सीआईएसएफ का जवान किश्तवाड़ जिले में तैनात था और कुछ दिन पहले अपने पिता की मृत्यु के बाद रविवार को उधमपुर के कोरा गांव में अपने घर जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार असार गांव के पास पहुंचने पर सीआईएसएफ जवान ने अपनी कार पर से नियंत्रण खो दिया और वह एक गहरी खाई में जा गिरी। गंभीर रूप से घायल मोहम्मद जान को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी।
- -
जयपुर। राजस्थान के झुंझुनू जिले में रविवार को एक लग्जरी कार ने बाइक और स्कूटी को टक्कर मार दी जिससे चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा पचेरी कला थाना क्षेत्र के दिल्ली फतेहपुर राजमार्ग पर डुमोली गांव के पास उस वक्त हुआ जब एक लग्जरी कार पीछे से एक बाइक और स्कूटी को टक्कर मारने के बाद पलट गई। उन्होंने बताया कि कार चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया, हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। बुहाना के पुलिस उपाधीक्षक मुकेश चौधरी ने बताया, “चारो सिंघाना के पास शोक सभा में शामिल होने के बाद हरियाणा के नारनौल जा रहे थे।'' उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान विनोद जांगिड़ (55), उनकी पत्नी विमला (52) और सागरमल (50) और उनकी पत्नी उर्मिला (48) के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि सभी करीबी पारिवारिक रिश्तेदार थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। उन्होंने बताया कि कार चालक झुंझुनू जिले का रहने वाला है और कार कौन चला रहा था उसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
-
नई दिल्ली। मौजूदा वित्त वर्ष में सकल प्रत्यक्ष कर संग्रह 2021-22 की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक रहा। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि 2022-23 में 17 सितम्बर तक कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह आठ लाख 36 हजार करोड़ रुपये से अधिक रहा, जबकि पिछले वित्त वर्ष यह आंकड़ा छह लाख 42 हजार करोड़ रुपये से कुछ अधिक था। शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह में भी इस बार पिछले वित्त वर्ष की तुलना में 23 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मंत्रालय के अनुसार मौजूदा वित्त वर्ष में दाखिल आयकर रिटर्न के निपटान की प्रक्रिया में भी तेजी आई। इस महीने की 17 तारीख तक लगभग 93 प्रतिशत विधिवत सत्यापित आईटीआर निपटाए जा चुके हैं। इसके परिणामस्वरूप 2022-23 में जारी किए गए रिफंड की संख्या में लगभग 468 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। मौजूदा वित्त वर्ष में अब तक एक लाख 35 हजार करोड़ रुपये से अधिक का रिफंड जारी किया जा चुका है।
-
देवरिया (उप्र) | देवरिया जिले के रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के रामपुर कस्बे में बारिश की वजह से शनिवार शाम को लगभग सात बजे एक कच्चे मकान की दीवार गिरने के कारण तीन वर्षीय बालक की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उप जिलाधिकारी (सदर) सौरभ सिंह तथा पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) यश त्रिपाठी ने बताया कि मृतक का नाम आर्यन है और उसकी घायल मां का नाम सुनीता (40) है। उन्होंने बताया कि सुनीता को गंभीर चोट आई है और उसे गोरखपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया है। उल्लेखनीय है कि देवरिया जिले में पिछले तीन दिनों से मूसलाधार बारिश हो रही है। इस वजह से जगह-जगह भारी जलजमाव भी हो गया है और सड़कों पर पानी भर गया है। कई मुहल्लों में लोगों के घरों में भी पानी घुस गया है जिससे लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
-
कोलकाता | केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि देश में लॉजिस्टिक लागत चीन, अमेरिका और यूरोपीय देशों से ज्यादा है और इसमें कमी लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसके लिए जलमार्ग को यात्रियों और माल के परिवहन के लिए एक लोकप्रिय साधन बनाना होगा, इससे पेट्रोल और डीजल की आयात लागत कम होगी। अभी यह सालाना 16 लाख करोड़ रुपये है। यंग इंडियंस और इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स द्वारा शुक्रवार शाम को आयोजित एक कार्यक्रम में गडकरी ने कहा, ‘‘हमारी पहली प्राथमिकता जलमार्ग, दूसरी रेलवे, तीसरी सड़क और अंतिम हवाई मार्ग है। लॉजिस्टिक्स लागत में कमी आने से देश में रोजगार सृजन में मदद मिलेगी।'' केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में लॉजिस्टिक्स लागत सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) की 16 फीसदी है और यह बहुत ज्यादा है। चीन में यह दस फीसदी और अमेरिका तथा यूरोप में आठ फीसदी है। उन्होंने कहा, ‘‘रेल और सड़क परिवहन को जलमार्ग से जोड़ने की जरूरत है।'' गडकरी ने कहा कि बायो-डीजल, बायो-सीएनजी जैसे टिकाऊ ईंधन का अधिक इस्तेमाल करना होगा। उन्होंने गन्ने और बांस की अधिक खेती पर जोर दिया जिससे कि एथनॉल और बायो-एथनॉल जैसे सस्ते ईंधन का उत्पादन हो सके। उन्होंने कहा कि इससे प्रदूषण की भी रोकथाम होगी। -
इंदौर (मध्यप्रदेश। चेन मार्केटिंग' के नाम पर धन दोगुना करने का झांसा देकर निवेशकों को कथित तौर पर चार करोड़ रुपये से ज्यादा का चूना लगाने के आरोप में आर्थिक अपराध जांच दस्ते (ईओडब्ल्यू) ने इंदौर में चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ईओडब्ल्यू के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। ईओडब्ल्यू के पुलिस अधीक्षक धनंजय शाह ने बताया कि नवीन कुमार लोधी और उसके तीन अन्य साथियों पर आरोप है कि वे एक ‘चेन मार्केटिंग' फर्म के नाम पर निवेशकों से धन जमा कराते थे। उन्होंने बताया कि आरोपियों द्वारा निवेशकों को झांसा दिया जाता था कि अगर उन्होंने अन्य लोगों से भी फर्म में पूंजी लगवा दी तो उन्हें इतना कमीशन दिया जाएगा कि उनका निवेश किया गया धन तय समय में दोगुना हो जाएगा। पुलिस अधीक्षक ने शुरुआती जांच के हवाले से बताया कि कथित ठगी के इस तरीके से फर्म के बैंक खाते में 14 सितंबर 2018 से 24 अप्रैल 2019 के बीच 4.09 करोड़ रुपये जमा कराए गए और इनमें से 3.09 करोड़ रुपये निकाल लिए गए। शाह ने बताया कथित ठगी के बाद आरोपी अपना इंदौर स्थित दफ्तर और मोबाइल नम्बर बंद कर फरार हो गए।
उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश के अलग-अलग जिलों के निवेशकों के साथ ही गुजरात के एक निवेशक ने भी ठगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों पर भारतीय दंड विधान और मध्यप्रदेश निक्षेपकों के हितों का संरक्षण अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और उनकी तलाश की जा रही है। -
नयी दिल्ली। कोलकाता के औपनिवेशिक युग के घरों की एक झलक चाहते हैं? तो... इस दुर्गा पूजा में दिल्ली के चितरंजन पार्क पहुंचें जहां कारीगर झीनी खिड़कियों, प्रांगण और सीढ़ियां युक्त थीम-आधारित पंडाल को अंतिम रूप दे रहे हैं। शहर में एक अन्य दुर्गा पूजा आयोजन समिति कार्डबोर्ड, लकड़ी से निर्मित डिस्पोजेबल चम्मच और चावल की भूसी से पर्यावरण के अनुकूल पंडाल बना रही है। कोविड के चलते दो साल की खामोशी के बाद दिल्ली नवरात्रि और दुर्गा पूजा को उत्साह के साथ मनाने के लिए तैयार है, वहीं कारीगरों को महामारी के दौरान हुए नुकसान की भरपाई की उम्मीद है। चितरंजन पार्क के सहकारी मैदान में दुर्गा पूजा समिति के सचिव सौरव चक्रवर्ती ने कहा, ‘‘पंडाल कोलकाता के पारंपरिक घर की तरह दिखेगा। हम विशेष रूप से झीनी खिड़कियों और औपनिवेशिक युग के लोहे के ताले और दरवाजों के लिए जंजीरों जैसी विशेषताओं पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।'' सहकारिता मैदान में खाने, साड़ियों और खिलौनों के स्टॉल लगाए गए हैं तथा दो साल में पहली बार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भी योजना बनाई गई है।
चितरंजन पार्क के के-ब्लॉक में एक पूजा पंडाल को कागज, कार्डबोर्ड, लकड़ी से निर्मित डिस्पोजेबल चम्मच और चावल की भूसी से डिजाइन किया जा रहा है। के-ब्लॉक पंडाल को सजाने वाली टीम का हिस्सा रहे पिंटू हलदर ने कहा, ‘‘हम इसे हंसों से सजा रहे हैं जो हमने कागज की लुग्दी से बनाए हैं। देवी दुर्गा के चेहरे को कार्डबोर्ड पर चावल की भूसी के साथ डिजाइन किया जा रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘पिछले दो वर्षों में हममें से अधिकतर के पास काम नहीं था। इस साल, हम नुकसान की भरपाई होने की आशा कर सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि इस साल समारोह के लिए आयोजकों में उत्साह है। के-ब्लॉक में एक अन्य पूजा पंडाल के डिजाइनर राकेश डे ने कहा कि कुछ थीम आधारित पूजा पंडालों को डिजाइन करने में आमतौर पर एक महीने का समय लगता है। उन्होंने कहा, ‘‘महामारी से पहले, हमें काम पूरा करने में कम से कम दो महीने लगते थे। लेकिन इस बार, हम ऑर्डर की संख्या के बारे में निश्चित नहीं थे।'' न्यू अशोक नगर में इस साल के पंडाल की थीम पर्यावरण के अनुकूल रही है। आयोजकों में से एक ने कहा कि पंडाल और दुर्गा की मूर्तियों के निर्माण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली सामग्री ‘पर्यावरण के अनुकूल' है। न्यू अशोक नगर में दुर्गा पूजा के मूर्तिकार मनोज प्रधान ने कहा, ‘‘मूर्ति मिट्टी का उपयोग करके बनाई जा रही है। हम प्लास्टर ऑफ पेरिस का उपयोग बिलकुल नहीं कर रहे हैं। मूर्तियों को पेंट करने के लिए वाटर कलर का इस्तेमाल किया जा रहा है क्योंकि इसे सबसे सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल माध्यमों में से एक माना जाता है।' -
मेदिनीनगर । पलामू जिले के मेदिनीनगर ग्रामीण थाना क्षेत्र के टिकुलिया के पास शनिवार को एक युवक ने रेलगाड़ी के आगे कूद कर जान दे दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । घटना स्थल पर पहुंचे थानेदार कमलेश कुमार ने बताया कि अब तक आत्महत्या करने वाले युवक की पहचान नहीं हो पायी है और उसकी उम्र करीब 25 वर्ष है। उन्होंने बताया कि शव के पास ही एक मोटर साइकिल पड़ी मिली है । मोटरसाइकिल के बारे में पता किए जाने पर ज्ञात हुआ कि वह मेदिनीनगर शहर थानान्तर्गत भट्ठी मोहल्ले के श्याम नारायण गुप्ता के नाम निबंधित है। युवक ने किस ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या की यह ज्ञात नहीं हो सका है। शव पटरी पर कई टुकड़ों में कटा हुआ बरामद हुआ। शव को पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल भेजा गया है । पुलिस मामले की जांच कर रही है ।--file photo
-
नई दिल्ली। रक्तदान अमृत महोत्सव के तहत एक लाख सात हजार से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 72वें जन्मदिन के अवसर पर कल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पंद्रह दिवसीय देशव्यापी स्वैच्छिक रक्तदान अभियान की शुरुआत की थी। ई-रक्त कोष पोर्टल पर पंजीकृत दो लाख चौदह हजार से अधिक रक्तदाताओं के साथ इस अभियान के लिए अब तक छह हजार से अधिक शिविरों का पंजीकरण किया जा चुका है। श्री मांडविया ने कहा कि 87 हजार 137 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर पहले ही दिन नया विश्व रिकॉर्ड बनाया। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने अंडमान निकोबार द्वीप समूह को भारत का पहला स्वच्छ सुजल प्रदेश घोषित किया है। पोर्ट ब्लेयर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे श्री शेखावत ने कल एक समारोह में उपराज्यपाल एडमिरल डी. के. जोशी को इसका प्रमाण पत्र सौंपा।
अब अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के सभी गांवों को हर घर जल सुविधा और खुले में शौच से मुक्त घोषित किया गया है। जल शक्ति मंत्री ने अपने संबोधन में इस प्रमुख उपलब्धि के लिए सभी द्वीपवासियों को बधाई देते हुए उनके योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश के मुख्य भू-भाग से दूर स्थित होने पर भी इस द्वीप की उपलब्धि बाकी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रेरणास्रोत होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ये उनके लिए सबसे अच्छा उपहार है। उन्होंने कहा कि अब देश संपूर्ण स्वच्छता के लक्ष्य को पूरा करने की ओर बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में केंद्र सरकार पिछले कुछ वर्षों में व्यापक रूप से स्वच्छता और स्वच्छ तथा सुरक्षित पेयजल की उपलब्धता पर ध्यान केंद्रित कर रही है। इन प्रयासों से देश में स्वच्छता का स्तर बढ़ा है और सतत विकास लक्ष्यों के तहत खुले में शौच से मुक्त बनाने का निर्धारित लक्ष्य समय से पहले ही पूरा किया गया है जो उल्लेखनीय है। श्री शेखावत ने कहा कि एक लाख 10 हजार से अधिक गांवों के खुले में शौच से मुक्त होने के बाद अब पेयजल, स्वच्छता और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं पर ध्यान दिया गया है। -
मजदूर की हत्या में शामिल तीन आतंकवादी गिरफ्तार
श्रीनगर | जम्मू कश्मीर के बांदीपोरा में पिछले महीने एक गैर स्थानीय मजदूर की हत्या में शामिल रहे तीन आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उत्तर कश्मीर के सदुनारा इलाके में 11 और 12 अगस्त की दरम्यानी रात को बिहार के एक मजदूर मोहम्मद अमरेज की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। बांदीपोरा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहम्मद जाहिद ने कहा कि घटना के तत्काल बाद पुलिस के एक विशेष जांच दल का गठन किया गया था। एसएसपी ने कहा, “हमने एक महीने में ही मामले को सुलझा लिया। पुलिस, सेना और केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के एक संयुक्त दल ने तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। अपराध में प्रयुक्त हुआ हथियार भी बरामद किया गया है।” उन्होंने कहा कि सभी आरोपी सदुनारा के हैं और उनकी पहचान वसीम, यावर और मुजम्मिल के रूप में की गई है। - चेन्नई। दुबई से यहां पहुंचे एक विमान के शौचालय से सीमा शुल्क अधिकारियों ने 1.64 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की लगभग तीन किलोग्राम सोने की छड़ें बरामद कीं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। सीमा शुल्क के प्रधान आयुक्त एम. मैथ्यू जॉली की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि शुक्रवार को एक निजी कंपनी का विमान दुबई से यहां हवाई अड्डे पर पहुंचा। विज्ञप्ति में कहा गया कि सीमा शुल्क विभाग की विमानतल इकाई ने विमान की तलाशी के दौरान उसके शौचालय में छिपाकर रखी गई सोने की 32 छड़ें बरामद कीं। विभाग ने कहा, “सीमा शुल्क अधिनियम 1962 के तहत 1.64 करोड़ रुपये मूल्य की 3.73 किलोग्राम छड़ें जब्त की गई और इस संबंध में जांच जारी है।” (प्रतीकात्मक फोटो)
- गुरुग्राम। ठगों ने एक ऑटो मोबाइल कंपनी के वाइस चेयरमैन के नाम से उसके मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) को व्हाट्सऐप पर संदेश भेजकर कथित रूप से एक करोड़ रुपये से अधिक ठग लिए हैं। पुलिस ने शनिवार को बताया कि इन साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप संदेश भेजकर सीएफओ से अलग-अलग खातों में पैसे अंतरित कराए। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध थाने में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।जेबीएम समूह के सीएफओ विवेक गुप्ता द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, शुक्रवार को उन्हें व्हाट्सऐप पर संदेश आया कि उसमें दिए गए बैंक खातों में बतायी गयी राशि का अंतरण कर दें। शिकायत के अनुसार, ‘‘ठग ने दावा किया कि वह जेबीएम समूह का वाइस चेयरमैन निशांत आर्य है। उसके व्हाट्सऐप की डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) में आर्य की तस्वीर थी। ट्रूकॉलर पर नंबर की पुष्टि करने पर भी सामने आया कि नंबर आर्य का है। चूंकि संदेश भेजने वाले ने कहा कि वह किसी बैठक में है, मैं पुष्टि करने के लिए सीधे कॉल नहीं कर पाया।'' गुप्ता ने शिकायत में कहा है, ‘‘मैंने संदेश भेजने वाले को निशांत आर्य समझकर सभी पैसे की लेन-देन पूरी कर ली। सारा पैसा जेबीएम समूह की दो कंपनियों जेबीएम इंडस्ट्रीज और जेबीएम ऑटो के खातों से भेजा गया है।'' शिकायत के अनुसार, अलग-अलग खातों में कुल 1,11,71,696 रुपये भेजे गए हैं।पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।(प्रतीकात्मक फोटो)
- नयी दिल्ली। सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) 2030 से पांच साल पहले टीबी को खत्म करने के उद्देश्य से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा नौ सितंबर को शुरू ‘प्रधानमंत्री-टीबी मुक्त भारत अभियान' के तहत 9.5 लाख से अधिक तपेदिक रोगियों को देखभाल के लिए अपनाया गया है। इस कार्यक्रम के तहत तपेदिक रोगियों की विशेष व्यक्ति, निर्वाचित प्रतिनिधियों या संस्थानों के संरक्षण में देखभाल की जाएगी। एक अधिकारी ने कहा कि नि-क्षय पोर्टल 2.0 पर ‘नि-क्षय मित्र' (टीबी रोगी की देखभाल करने वाले) के तहत 15,415 पंजीकरण कराए गए हैं, जिसमें व्यक्ति, संगठन, उद्योग और निर्वाचित प्रतिनिधि शामिल हैं।सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में वर्तमान में इलाज के लिए बहु-दवा प्रतिरोधी सहित कुल 13,53,443 टीबी रोगियों में से 9.57 लाख रोगियों ने देखभाल के लिए अपनाए जाने को लेकर अपनी सहमति दी है और उनमें से लगभग सभी (9,56,352) को शनिवार तक देखभाल के लिए अपनाया जा चुका है। सरकार का लक्ष्य 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन तक सभी सहमति वाले टीबी रोगियों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। टीबी के मरीजों की देखभाल के लिए आगे आने वाले लोगों और संस्थाओं को ‘‘नि-क्षय मित्र'' कहा जाएगा। लोग प्रखंड, जिलों को अपना सकते हैं या किसी मरीज को देखभाल के लिए अपना सकते हैं और उन्हें ठीक होने में मदद करने के लिए पोषण तथा उपचार सहायता प्रदान कर सकते हैं। चार-आयामी समर्थन में पोषण, अतिरिक्त निदान, अतिरिक्त पोषक तत्वों की खुराक और व्यावसायिक सहायता शामिल है। मरीजों की देखभाल करने वाले दानकर्ताओं में हितधारक, निर्वाचित प्रतिनिधि, राजनीतिक दलों से लेकर कॉरपोरेट, गैर सरकारी संगठन, संस्थान शामिल हो सकते हैं। कार्यक्रम के तहत, प्रत्येक तपेदिक रोगी के लिए तीन किलोग्राम चावल, 1.5 किलोग्राम दाल, 250 ग्राम वनस्पति तेल और एक किलोग्राम दूध पाउडर या छह लीटर दूध अथवा एक किलोग्राम मूंगफली युक्त मासिक भोजन की सिफारिश की गई है। एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार, इसमें तीस अंडे भी जोड़े जा सकते हैं। अधिकारी ने बताया कि वर्तमान में 65 से 70 प्रतिशत टीबी के मरीज 15 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के हैं। एक टीबी के मरीज को अतिरिक्त सहायता प्रदान करने की प्रतिबद्धता की न्यूनतम अवधि एक वर्ष होगी। हालांकि, इसे दो या तीन साल तक बढ़ाया जा सकता है। अधिकारी ने कहा कि यह एक स्वैच्छिक पहल है।
-
नयी दिल्ली। उत्तर-पश्चिमी दिल्ली की आजादपुर मंडी में फलों और सब्जियों के ट्रकों से माल उतारने के काम को लेकर हुए विवाद के चलते 31 वर्षीय मजदूर की उसके साथी ने कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार रात करीब आठ बजकर 20 मिनट पर आजादपुर मंडी में गोलीबारी की सूचना मिली थी। पुलिस उपायुक्त (उत्तर-पश्चिम) उषा रंगनानी ने बताया कि घटना में एक व्यक्ति को सीने में गोली लगी थी और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी राजू के रूप में हुई है। उपायुक्त ने बताया कि महेंद्र पार्क थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि मामले में गांव सराय पीपल थला निवासी शांतू (28) को गिरफ्तार किया गया है।
-file photo
-
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शनिवार को 15 दिवसीय रक्तदान अभियान शुरू हुआ और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने यहां सफदरजंग अस्पताल में बने एक शिविर में रक्तदान किया। केंद्रीय मंत्री ने लोगों से ‘रक्तदान अमृत महोत्सव' के तौर पर रक्तदान करने के लिए आरोग्य सेतु ऐप या ई-रक्तकोष पोर्टल पर पंजीकरण कराने का अनुरोध किया। यह महोत्सव एक अक्टूबर-राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस तक मनाया जाएगा।
इस संबंध में एक अधिकारी ने बताया कि अभी तक देशभर में 5,857 शिविरों की अनुमति दी गयी है और 5,58,959 लोगों ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने कहा कि अभी तक 4,000 लोगों ने रक्तदान किया है। मांडविया ने कहा, ‘‘रक्तदान एक महान काम है और हमारी समृद्ध संस्कृति तथा सेवा और सहयोग की परंपरा को देखते हुए मैं, सभी नागरिकों से आगे आने तथा देशभर में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान अभियान - रक्तदान अमृत महोत्सव के तौर पर रक्त दान करने की अपील करता हूं। रक्तदान से न केवल राष्ट्रीय आवश्यकता पूरी होती है बल्कि यह समाज एवं मानवता के प्रति एक बड़ी सेवा भी है।'' उन्होंने स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व पर जोर देते हुए कहा, ‘‘रक्तदान अमृत महोसत्व, आजादी का अमृत महोत्सव के जश्न समारोहों का हिस्सा है।'' मांडविया ने कहा कि भारत में 2021 के आंकड़ों के मुताबिक सालाना करीब 1.5 करोड़ यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि हर दो सेकंड में भारत में एक मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है और प्रत्येक तीन में से एक व्यक्ति को अपने जीवन में कभी न कभी रक्त की आवश्यकता पड़ती है। उन्होंने कहा, ‘‘प्रौद्योगिकी तरक्की के बावजूद रक्त का कोई विकल्प नहीं है और एक यूनिट रक्त तीन जिंदगियां बचा सकता है।'' उन्होंने शिविर में दानदाताओं से मुलाकात की और उनके प्रयासों की सराहना की। रक्तदान को लेकर भ्रांति दूर करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘एक व्यक्ति के शरीर में पांच से छह लीटर खून होता है और वह हर 90 दिन में रक्तदान कर सकता है।'' एक आधिकारिक सूत्र के अनुसार, इस अभियान का मकसद एक दिन में एक लाख यूनिट रक्त एकत्रित करना है। इसके अलावा लोगों को नियमित रक्तदान करने के प्रति जागरूक किया जाएगा। रक्त की एक यूनिट का मतलब 350 मिलीलीटर रक्त होता है।
केंद्र, राज्य तथा केंद्रशासित प्रदेशों के सभी मंत्रालय और विभाग, गैर-सरकारी तथा सामुदायिक संगठन और अन्य पक्षकार इस अभियान में हिस्सा लेंगे। मांडविया ने इस मौके पर स्वास्थ्य देखभाल की ओर सफदरजंग अस्पताल के योगदान का उल्लेख करने वाली किताब ‘फुटप्रिंट्स ऑफ द सैंड्स ऑफ टाइम' का भी विमोचन किया।
- -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर शनिवार को यहां जलसंरक्षण के महत्व को प्रदर्शित करने वाले एक संग्रहालय का उद्घाटन किया गया। सुलभ इंटरनेशनल के परिसर में स्थित इस संग्रहालय का लक्ष्य जल संबंधी शिक्षण एवं अनुसंधान के विभिन्न पहलुओं को प्रमुखता से सामने रखना एवं लोगों के बीच जल संरक्षण के प्रति जागरूकता पैदा करना है। सिक्किम के राज्यपाल गंगा प्रसाद ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में इस संग्रहालय का उद्घाटन किया। एक बयान के अनुसार, इस संग्रहालय का मकसद आंगुतकों को जल संसाधनों के महत्व के बारे में बताना तथा संभावित हल, पारंपरिक एवं आधुनिक जल प्रबंधन पद्धतियों के बारे में सिखाना भी है। सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक बिंदेश्वर पाठक ने कहा, ‘‘ जल संबंधी शिक्षण एवं संसाधन क्षेत्र के विशेषज्ञों से इस परियोजना पर संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘ हम सूचनाएं, तस्वीरें एवं आंकड़ा जुटाने के लिए दुनियाभर के विभिन्न जल संसाधन संगठनों से संपर्क करेंगे।
-
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में शनिवार को एक स्कूल की इमारत की छत पर उस समय एक देसी बम विस्फोट हुआ, जब कक्षाएं चल रही थीं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है क्योंकि छात्र और शिक्षक तीन मंजिला इमारत की पहली दो मंजिलों पर स्थित कमरों में थे। जिले के औद्योगिक क्षेत्र में टीटागढ़ स्थित राज्य सहायता प्राप्त संस्थान की प्रबंध समिति के सदस्य के अनुसार विस्फोट की आवाज सुनकर छात्र घबरा गए और परिसर से बाहर निकल गए। बैरकपुर पुलिस आयुक्तालय के एक शीर्ष अधिकारी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से कहा कि एक देसी बम से विस्फोट किया गया। उन्होंने कहा कि इस बात की जांच की जाएगी कि बम पास की किसी इमारत से फेंका गया था या उसे वहां रखा गया था और उसमें अचानक विस्फोट हो गया। बैरकपुर से सांसद अर्जुन सिंह ने मौके पर संवाददाताओं से कहा कि विस्फोट के लिए जो भी जिम्मेदार होगा, उसे गिरफ्तार कर दंडित किया जाना चाहिए। हुगली से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद लॉकेट चटर्जी ने इस घटना की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की। -
रांची। झारखंड के हजारीबाग जिले में शनिवार को करीब 50 यात्रियों को लेकर जा रही एक बस के पुल से नीचे गिर जाने से कम से कम छह यात्रियों की मौत हो गयी, जबकि कई अन्य घायल हो गये। पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने बताया कि गिरिडीह से रांची जा रही यह बस टाटीझरिया थानाक्षेत्र में पुल का रेलिंग तोड़ते हुए शिवानी नदी में गिर गयी। उन्होंने कहा, दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि चार अन्य को हजारीबाग के सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है, क्योंकि कुछ यात्री गंभीर रूप से घायल हैं। अधिकारी ने कहा कि यदि बस नदी के मध्य पानी में गिरती, तो नुकसान अधिक हो सकता था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस घटना पर दुख प्रकट किया है। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, टाटीझरिया में पुल से बस के गिरने से यात्रियों के हताहत होने से मन व्यथित है। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दे। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूँ।
- नयी दिल्ली। मूर्तिकार अरुण योगीराज द्वारा बनाई गई नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमूर्ति और राष्ट्रमंडल खेलों के विजेताओं द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भेंट किए गए उपहारों सहित तकरीबन 1,200 से ज्यादा उपहारों की नीलामी शनिवार को आरंभ हो गयी। यह नीलामी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर शनिवार सुबह शुरू हुई।केंद्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने ट्वीट किया, ‘‘वक्त आ गया है। सुबह के 10 बज गए हैं और प्रधानमंत्री के उपहारों की नीलामी अब शुरू हो गयी है और लाइव चल रही है। वेबसाइट पीएममोमेंटोज डॉट गॉव पर पंजीकरण करा नीलामी में शामिल हों , जिस पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को मिले खास तोहफे (नीलामी के लिए) रखे गए हैं।'' रेड्डी ने यहां आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में शुक्रवार को कहा था कि भगवान गणेश की प्रतिमा, अयोध्या में बन रहे राम मंदिर और वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर की प्रतिकृतियां भी प्रधानमंत्री को भेट किए गए उपहारों में शामिल हैं, जिनकी ई-नीलामी की जाएगी। ई-नीलामी से प्राप्त हुई धनराशि ‘नमामि गंगे' मिशन को दान की जाएगी। उत्तराखंड के केदारनाथ धाम में जगद्गुरु शंकराचार्य के समाधि स्थल पर स्थापित उनकी भव्य प्रतिमा का निर्माण करने वाले मूर्तिकार अरुण योगीराज ने इसी साल अप्रैल में प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी और उन्हें अखंड पत्थर से बनी नेताजी की दो फुट ऊंची प्रतिमा का मॉडल भेंट किया था। रेड्डी ने कहा कि खिलाड़ियों द्वारा विभिन्न अवसरों पर प्रधानमंत्री को सौंपे गए उपहार भी इस नीलामी का हिस्सा होंगे। एक अधिकारी ने बताया कि ऐसे 24 उपहारों की नीलामी की जाएगी। नीलामी दो अक्टूबर को समाप्त होगी। कुछ उपहारों को राष्ट्रीय आधुनिक कला संग्रहालय में प्रदर्शनी के लिए लगाया गया है।
-
नई दिल्ली।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति भारत में आवागमन व्यवस्था की दक्षता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रयास है। प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति का शुभारंभ किया। श्री मोदी ने कहा कि इस नीति के शुभारंभ और चीतों की पुनर्स्थापना के बीच एक संबंध है। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि देश की लॉजिस्टिक्स व्यवस्था चीते की गति के समान चले। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति पिछले आठ वर्षों के विचारों, परिकल्पना और रणनीतिक योजना का सामूहिक प्रयास है। उन्होंने कहा कि देश के निर्यात में सुधार के लिए 40 एयर कार्गो टर्मिनल बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत की मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर की परिकल्पना दुनिया भर में गूंज रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में 35 मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक्स केन्द्र स्थापित किए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने सेवा वितरण के साथ अपनी विकास क्षमता में समय पर सुधार किया है। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की 5वीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। राष्ट्रीय लॉजिस्टिक्स नीति देश में आवागमन की लागत को कम करेगी। इससे वस्तुओं की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित होगी। - नोएडा (उप्र), 17 सितंबर(भाषा) गौतमबुद्ध नगर जिले में नोएडा सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की नोएडा सेक्टर 57 पुलिस चौकी में तैनात पुलिस कर्मी द्वारा कथित तौर पर एक व्यक्ति से 20 हजार रुपये के रिश्चत लेने के मामले में एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस मामले में चौकी प्रभारी सहित चार पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई शुक्रवार को पुलिसकर्मी द्वारा कथित तौर पर रिश्वत लेने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद की। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने गांजा तस्करी के आरोप में एक युवक को हिरासत में लिया था और रिश्वत लेने के बाद उसे छोड़ दिया था। अपर पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर रिश्वत लेते हुए वीडियो में कैद हुए कांस्टेबल आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि चौकी प्रभारी आरोपी लोकेश शर्मा, एक हेड कांस्टेबल सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। गौरतलब है कि शुक्रवार की शाम एक वीडियो वायरल हुआ था जिसमें एक युवक और पुलिसकर्मी सहित तीन लोग नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक पुलिसकर्मी को 20 हजार रुपये देता हुआ नजर आ रहा है। मामले पर संज्ञान लेते हुए पुलिस आयुक्त कार्यालय ने जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान सामने आया कि संबंधित वीडियो नोएडा सेक्टर-58 थाना क्षेत्र की सेक्टर-57 चौकी का है। जांच में खुलासा हुआ कि पुलिस ने बिशनपुरा से नवरंग नाम के युवक को गांजा तस्करी के आरोप में 14 सितंबर को हिरासत में लिया था। नवरंग का आरोप है कि चौकी के एक पुलिसकर्मी ने देर शाम को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने के बाद उसे छोड़ दिया। इस दौरान पीड़ित के एक साथी ने वीडियो बना लिया।
-
नई दिल्ली। वाराणसी को वर्ष 2022-2023 के लिए शंघाई सहयोग संगठन -एससीओ की पहली पर्यटन और सांस्कृतिक राजधानी नामित किया गया है। यह निर्णय कल समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन के राष्ट्राध्यक्षों की 22वीं बैठक में लिया गया। विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इससे भारत और एससीओ सदस्य देशों के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक और मानवीय आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा। यह निर्णय एससीओ के सदस्य देशों, विशेष रूप से मध्य एशियाई गणराज्यों के साथ भारत के प्राचीन संबंधों को भी दर्शाता है।
इस प्रमुख सांस्कृतिक आउटरीच कार्यक्रम के अंतर्गत 2022-23 के दौरान वाराणसी में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे और इसमें एससीओ सदस्य देशों के मेहमानों को आमंत्रित किया जाएगा। इन आयोजनों में विद्वान, लेखक, संगीतकार और कलाकार, फोटो पत्रकार, यात्रा ब्लॉगर और अन्य अतिथि आमंत्रित होंगे। - हैदराबाद । गृहमंत्री अमित शाह ने आज हैदराबाद के परेड ग्राउंड में हैदराबाद मुक्ति दिवस के वर्ष भर चलने वाले समारोह का उद्घाटन किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। अर्द्ध सैनिक बलों ने उन्हें गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। समारोह में केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और कर्नाटक के परिवहन मंत्री श्री रामुलु शामिल थे। इस अवसर पर महाराष्ट्र, कर्नाटक और तेलंगाना के सैनिकों के सांस्कृतिक दल ने परेड में हिस्सा लिया।इससे पहले, केन्द्रीय संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि हैदराबाद को स्वतंत्रता दिलवाने के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले स्वतंत्रता सैनानियों को आज हैदराबाद में पहली बार आधिकारिक उत्सव के बाद सच्ची श्रद्धांजलि दी गई है।













.jpg)













