- Home
- देश
- लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर से करीब आठ किलोमीटर दूर खीरी-धौरहरा राज्य राजमार्ग पर रवाही पुल पर शनिवार को जा रही तेज रफ्तार बस ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी जिससे पति और पत्नी की मौत हो गई जबकि उनके दो बेटे गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार जिला मुख्यालय के लिए बाइक से जा रहे शहर कोतवाली क्षेत्र के सिरकिरहा गांव निवासी अनूप कुमार शुक्ला (40) और उनकी पत्नी वंदना शुक्ला (38) की तेज रफ्तार बस की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दो बेटे- प्रांजल (10) और दिव्यांश (8) गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली पुलिस ने कहा कि दुखद दुर्घटना के बाद गलती करने वाला बस चालक मौके से फरार हो गया। उन्होंने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
नई दिल्ली। केरल सरकार ने कोविड मामलों में वृद्धि के बाद सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना और अगले छह महीने के लिए सैनिटाइज़र का उपयोग अनिवार्य कर दिया है।राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने एक अधिसूचना में कहा कि सार्वजनिक स्थानों, सभाओं, कार्य स्थलों और परिवहन के दौरान मास्क पहनना अनिवार्य है। संस्थानों, दुकानों, थिएटरों और सार्वजनिक समारोहों के आयोजकों से कहा गया है कि वह सैनिटाइजर आसानी से इस्तेमाल के लिए उपलब्ध कराएं।
-
नई दिल्ली। देशभर के डाकघर स्वतंत्रता दिवस से पहले सभी अवकाश दिनों में खुले रहेंगे। ये डाकघर हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत राष्ट्रीय ध्वज का वितरण और बिक्री करेंगे। संचार मंत्रालय की विज्ञप्ति में कहा गया कि सात, नौ और 14 अगस्त को सभी डाकघरों में राष्ट्र ध्वज की बिक्री के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।
- नई दिल्ली। वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल वीआर चौधरी ने कल बेंगलुरु में तीन स्वदेशी विमान उड़ाए। स्वदेशी एयरक्राफ्ट लाइट कॉम्बेट एयरक्राफ्ट तेजस, लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर और हिन्दुस्तान टर्बो ट्रेनर-40 विमानों को आत्मनिर्भर भारत की दिशा में आईएएफ में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने वर्तमान स्थिति और भविष्य की योजनाओं को समझने के लिए डिजाइनरों और परीक्षण दल के साथ भी वार्तालाप किया। वायु सेना प्रमुख ने भविष्य के लिए एक त्वरित लड़ाकू बल बनाने की दिशा में भारतीय वायुसेना की क्षमता और बल विकास योजनाओं पर भी चर्चा की।
-
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो ने आज अपने सबसे छोटे प्रक्षेपण यान एसएसएसएलवी-डी-1 का प्रक्षेपण किया। इसे सवेरे नौ बजकर 18 मिनट पर आंध्र प्रदेश में श्रीहरीकोटा स्थित सतीश धनव अंतरिक्ष केंद्र से छोड़ा गया। एसएसएसएलवी-डी-1 रॉकेट ने पृथ्वी पर्यवेक्षण उपग्रह-ई.ओ.एस.-02 और एक अन्य लघु उपग्रह आजादी सैट पृथ्वी की कक्षा में भेजे।
आजादी सैट को स्पेस किड्ज इंडिया की छात्राओं ने तैयार किया है। देश के 75वें स्वतंत्रता दिवस के सिलसिले में देशभर के सरकारी स्कूलों की छात्राओँ ने इस उपग्रह को बनाने में भागीदारी की। आजादी सैट में 75 पे-लोड लगे हैं। एसएसएलवी को इसरो ने विकसित किया है। - नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल के पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ देश के नए उपराष्ट्रपति होंगे। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी और विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा को हराया। धनखड़ को 528 वोट मिले। इसमें से 15 वोट अमान्य रहे। वहीं मार्गरेट अल्वा को कुल 182 वोट मिले। इस तरह धनखड़ ने विपक्ष के उम्मीदवार को 346 मतों के अंतर से हराया। लोकसभा के महासचिव उत्पल कुमार ने प्रेस कांफ्रेंस कर उनकी जीत का औपचारिक ऐलान किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत करीब 93 प्रतिशत सांसदों ने मतदान किया, जबकि 50 से अधिक सांसदों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल नहीं किया। अधिकारियों ने बताया कि शाम पांच बजे जब मतदान संपन्न हुआ, तब तक कुल 780 सांसदों में से 725 ने मतदान किया था। मतदान संपन्न होने के बाद मतगणना आरंभ हो गई। मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ था। संसद के दोनों सदनों को मिलाकर कुल सदस्यों की संख्या 788 होती है, जिनमें से उच्च सदन की आठ सीट फिलहाल रिक्त है। ऐसे में उपराष्ट्रपति चुनाव में 780 सांसद वोट डालने के लिए पात्र थे। तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही घोषणा कर दी थी कि वह मतदान से दूर रहेगी। उसके दोनों सदनों को मिलाकर कुल 39 सांसद हैं।
- फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार रात पेट्रोल भरवाने आए युवकों ने पैसा मांगने पर पेट्रोल पंप कर्मचारी को कथित तौर पर कार से कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अखिलेश नारायण ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शिकोहाबाद थाना क्षेत्र के एटा चौराहे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता सुरेश यादव का एस एन फिलिंग स्टेशन नाम का पेट्रोल पंप है। शुक्रवार रात करीब 10.30 बजे चार युवक एक वैगन आर कार में सवार होकर पेट्रोल पंप पर आए और कर्मचारी शेर सिंह (50 वर्ष) से 1,020 रुपये का पेट्रोल भरवाया। नारायण के मुताबिक, कर्मचारी द्वारा पैसा मांगने पर युवक गाली-गलौज करते हुए कार लेकर भागने लगे। उन्होंने बताया कि युवकों ने कार के पीछे भागे कर्मचारी शेर सिंह को कथित तौर पर लेकर कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे शिकोहाबाद के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नारायण के अनुसार, पुलिस ने शनिवार तड़के फरार युवकों को कार सहित हिरासत में ले लिया और घटना के संबंध में उनसे पूछताछ कर रही है। उन्होंने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने कहा है कि एक लाख पचास हजार आयुष्मान भारत- स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्र संचालित करने का लक्ष्य इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। राज्यसभा में स्वास्थ्य का अधिकार विधेयक 2021 पर चर्चा का जवाब देते हुए डॉक्टर मांडविया ने कहा कि देश में अब तक एक लाख 22 हजार स्वास्थ्य कल्याण केन्द्रों ने काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्रों में स्तन और मुंह के कैंसर सहित तीन प्रकार के कैंसर तथा 13 गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। डॉक्टर मांडविया ने स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवा को सस्ता तथा सुलभ बनाने के लिए किए गए विभिन्न उपायों पर भी प्रकाश डाला।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने देश के स्वास्थ्य बजट को सकल घरेलू उत्पाद के 2.5 पांच प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में स्वास्थ्य बजट एक दशमलव नौ प्रतिशत है। स्वास्थ्य बजट में किए गए आवंटन का विवरण देते हुए डॉक्टर मांडविया ने कहा कि वर्ष 2014 के दौरान कुल स्वास्थ्य बजट 33 हजार करोड़ रुपये था, जो अब 2022-23 में बढकर 83 हजार करोड़ रुपये हो गया है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने सूचित किया है कि स्नातक पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिये आज होने वाली साझा विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा- सीयूईटी-यूजी प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से 13 राज्यों के 53 केन्द्रों पर स्थगित कर दी गई है। एनटीए ने एक बयान में कहा कि स्थगित परीक्षा अब 12 से 14 अगस्त के बीच होगी। इसके लिए समान प्रवेश पत्र मान्य रहेगा। परीक्षार्थियों को परीक्षा स्थगित होने के बारे में एसएमएस और ई-मेल से सूचित कर दिया गया है। एनटीए ने कहा कि नयी तिथि उपयुक्त नहीं होने की स्थिति में उम्मीदवार अपना रोल नम्बर और वांछित तिथि का उल्लेख करते हुए डेट चेंज@एनटीए डॉट एसी डॉट आईएन पर ई-मेल भेज सकते हैं।
उम्मीदवारों को परीक्षा से संबंधित अद्यतन जानकारी के लिए एनटीए की वेबसाइट देखते रहने को कहा गया है।जिन केन्द्रों पर परीक्षा स्थगित की गई है उनमें नई दिल्ली के अलावा उत्तर प्रदेश में गोंडा, नोएडा और वाराणसी, हरियाणा में अंबाला और गुरूग्राम, अरूणाचल प्रदेश में पासी घाट, असम में नलबाड़ी, छत्तीसगढ़ में बिलासपुर, झारखंड में बोकारो, जमशेदपुर और रामगढ़, लद्दाख में लेह, महराष्ट्र में औरंगाबाद, मिजोरम में आईजॉल, तमिलनाडु में डिंडिगुल, पश्चिम बंगाल में हुगली, और ओडि़सा में भुवनेश्वर शामिल हैं।राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी 15 जुलाई से 20 अगस्त तक देश के लगभग 259 शहरों और विदेश के नौ शहरों में चार सौ नवासी परीक्षा केन्द्रों पर सीयूईटी-यूजी का संचालन कर रहा है। -
पटना। पटना के मनेर के रामपुर घाट पर सिलेंडर ब्लास्ट हो गया। इसमें 5 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि नाव पर खाना बनाया जा रहा था। इसी दौरान सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। -
पटना। बिहार के मधेपुरा में एक पति ने कथित रूप से अपनी पत्नी और बेटी की सिर काटकर हत्या कर दी। इतना ही नहीं, पत्नी का कटा सिर लेकर आरोपी अपने ससुराल पहुंचा और घर से 200 मीटर की दूरी पर एक पुलिया पर रखकर फरार हो गया। कटे सिर के नीचे एक पर्ची भी रखी थी। मधेपुरा में आरोपी के घर में पत्नी और बेटी का धड़ पड़ा था, जबकि बेटी का कटा सिर टेबल पर रखा हुआ था।
मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पत्नी के अवैध संबंध के शक में आरोपी पति ने वारदात को अंजाम दिया है। मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने पत्नी के धड़ के साथ सेल्फी भी ली थी। इसके बाद उसने इस फोटो को अपने फेसबुक अकाउंट से शेयर भी किया। इसमें वो धड़ और सिर के साथ दिख रहा है। इसके बाद उसने पत्नी का सिर थैले में भरा और उसे ससुराल लेकर पहुंचा।
मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि शनिवार सुबह आरोपी पति महिला का कटा हुआ सिर अपने घर (श्रीनगर थाना क्षेत्र स्थित पोखरिया गांव) से लेकर उसके मायके (सदर थाना क्षेत्र के गोढाईला गांव) पहुंचा। महिला के मायके से 200 मीटर पहले एक पुलिया पर कटे सिर को रख फरार हो गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने सिर देखा तो इलाके में सनसनी फैल गई। इधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला का कटा हुआ सिर लेकर उसके ससुराल पहुंची तो दंग रह गए। वहां बेटी की भी लाश मिली।
मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने बताया कि मृतकों की पहचान आरोपी जिब्राहिल की पत्नी रुकसाना (30) और उसकी बेटी जिया (4) के रूप में हुई। घटनास्थल से खून से सना एक लेटर मिला है। उसमें कुछ आपत्तिजनक बातें लिखी हैं। इसके साथ लिखा है शानदार, जबरदस्त। मामले में मधेपुरा एसपी राजेश कुमार ने कहा कि मां-बेटी की क्षत-विक्षत हालत में लाश है। आरोपी की तलाश में छापेमारी चल रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। मामले में कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। -
प्रयागराज। प्रयागराज के झलवा में रिक्शा चालक का शुक्रवार रात 100 रुपए के भाड़े के चक्कर में विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी चालक ने युवक पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। पुलिस ने युवक को हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहां शुक्रवार देर रात युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि फूलमंडी नैनी के 28 साल का कुदरू पेंटिंग करता था। शुक्रवार रात को धूमनगंज में किसी के यहां उसे काम मिला था। ई रिक्शा से वह झलवा पहुंचा। इसके बाद 100 रुपए के भाड़े को लेकर मारपीट हुई। आरोपी ई-रिक्शा चालक ने धारदार हथियार से युवक की गर्दन पर वार कर दिया। इससे उसकी नस कट कई और खून बहने लगा। खून बहता देख आरोपी ई रिक्शा चालक वहां से भाग निकला। धूमनगंज पुलिस जख्मी हालत में कुदरू को हॉस्पिटल ले गई। जहां थोड़ी देर बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
धूमनगंज इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी ई रिक्शा चालक ने युवक की हत्या की है। रात की घटना थी, इसलिए आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज नहीं खंगाले जा सके थे। अब फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -
अजमेर। पारिवारिक कलह ने हंसते-खेलते परिवार को लगभग खत्म कर दिया। बच्चों के साथ कुएं में कूदी मां तो बच गई, लेकिन चार मासूमों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
मांगलियावास थाना पुलिस ने चारों बच्चों के शव पीसांगन अस्पताल की मॉच्र्यूरी में रखवाए हैं। मामला अजमेर जिले के गांव गीगलपुरा (गोला) का है। पुलिस शुक्रवार रात करीब 10 बजे हुई इस वारदात की जांच में जुट गई है।
थाना प्रभारी सुनील ताड़ा ने बताया कि शुक्रवार रात को आरोपी मोती देवी (32) का परिवार में झगड़ा हो गया और इसी से परेशान होकर वह कुएं में अपने 4 बच्चे के साथ कूद गई। आरोपी मोतीदेवी को जिंदा बाहर निकाल लिया गया, लेकिन कोमल (4), रिंकू (3), राजवीर (2) और देवराज(एक माह) को नहीं बचाया जा सका। कुछ देर बाद इनकी बॉडी निकाली गई। देवराज की बॉडी कांटों में फंसी थी। उसके लिए अजमेर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई और काफी मशक्कत के बाद शनिवार सुबह 7 बजे के करीब उसकी लाश निकाली जा सकी। अब चारों के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। एसपी चूनाराम जाट और एएसपी वैभव शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इसके बाद आईजी रूपेन्द्रसिंह सिंह भी पीसांगन अस्पताल पहुंचे। - छपरा (बिहार) । बिहार के सारण जिले में जहरीली शराब पीने के कारण अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 12 अन्य गंभीर रूप से बीमार हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक, जहरीली शराब पीने वाले कुछ लोगों की आंखों की रोशनी चली गई है।जिलाधिकारी राजेश मीणा और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पांच लोगों को कथित रूप से अवैध शराब बनाने और उसकी बिक्री में शामिल होने को लेकर गिरफ्तार किया गया है, जबकि संबंधित थाने के एसएचओ और स्थानीय चौकीदार को निलंबित किया गया है।उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘‘ सूचना मिली थी कि शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत हो गई और कई लोग बीमार हो गए। यह घटना मेकर थाना क्षेत्र के फुलवरिया पंचायत के गांवों से सामने आयी थी।’’उन्होंने बताया, ‘‘पुलिस, आबकारी और चिकित्सा अधिकारियों की एक टीम को मौके पर भेजा गया और बीमार पड़ गये लोगों को यहां सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिनकी हालत बिगड़ गई उन्हें पटना के पीएमसीएच अस्पताल ले जाया गया।’’अधिकारियों ने बताया कि अब तक इस घटना में 11 लोगों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।उन्होंने बताया कि एसएचओ और चौकीदार को निलंबित कर दिया गया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जब मुख्यमंत्री के करीबी एवं मंत्रिमंडलीय सहयोगी अशोक चौधरी से कहा गया कि ऐसी घटनाओं के आलोक में मद्यनिषेध कानून की प्रभावकारिता पर प्रश्न उठाये जा रहे हैं तब उन्होंने कहा, ‘‘ दहेज, बलात्कार एवं बिना लाइसेंस वाले हथियार भी रूके नहीं है , लेकिन क्या इससे उनके विरूद्ध बने कानूनों को निरस्त करने की मांग उठती है। ऐसे तत्व हैं जो बिहार में मद्यनिषेध अभियान को सफल नहीं देना चाहते हैं।’’(प्रतीकात्मक फोटो)
-
नई दिल्ली। देश के नए उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए आज सुबह दस बजे से संसद भवन में मतदान शुरू हुआ। मतदान शाम पांच बजे तक चलेगा। श्री जगदीप धनकड़ उपराष्ट्रपति पद के लिये राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए के उम्मीदवार हैं, जबकि सुश्री मार्गरेट अल्वा विपक्ष की उम्मीदवार हैं। वोटों की गिनती आज ही की जाएगी और नए उपराष्ट्रपति 11 अगस्त को पद की शपथ लेंगे। मौजूदा उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू का कार्यकाल 10 अगस्त को समाप्त होगा।

-
नई दिल्ली। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय ने वरिष्ठ नागरिकों के राष्ट्रीय पुरस्कार-वयोश्रेष्ठ सम्मान- 2022 के लिए नामाकंन आमंत्रित किए हैं। पहली अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय वृद्ध दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार 13 श्रेणियों में वरिष्ठ नागरिकों के लिए काम करने वाले लोगों को प्रदान किया जाएगा। नामांकन वेबसाइट awards.gov.in पर इस महीने की 19 तारीख तक डाले जा सकते हैं। इस संबंध में ज्यादा जानकारी मंत्रालय की वेबसाइट socialjustice.gov.in पर उपलब्ध है।
-
नई दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ने सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों से 14 अगस्त को विभाजन त्रासदी दिवस के रूप में याद करने को कहा है। इस दिवस पर 1947 के विभाजन के दौरान लाखों लोगों की यातनाओं और बलिदान पर कार्यक्रम और संगोष्ठियों का आयोजन करने को कहा गया है। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष प्रोफेसर एम. जगदीश कुमार ने कहा कि विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य कर्मचारियों को बड़ी संख्या में इन कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना जरूरी है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले वर्ष घोषणा की थी कि 14 अगस्त का दिन लाखों लोगों की पीड़ा और यातना को याद करते हुए विभाजन त्रासदी दिवस के रूप में आयोजित किया जाएगा। -
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर मनसुख मांडविया ने कहा है कि एक लाख पचास हजार आयुष्मान भारत - स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र स्थापित करने का लक्ष्य इस साल दिसंबर तक पूरा हो जाएगा। शुक्रवार को राज्यसभा में स्वास्थ्य का अधिकार विधेयक 2021 पर चर्चा का जवाब देते हुए डॉक्टर मांडविया ने कहा कि देश में अब तक एक लाख 22 हजार स्वास्थ्य कल्याण केन्द्रों ने काम करना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि इन स्वास्थ्य और आरोग्य केंद्रों में स्तन और मुंह के कैंसर सहित तीन प्रकार के कैंसर और 13 गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। डॉक्टर मांडविया ने स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवा को सस्ता और सुलभ बनाने के लिए किए गए विभिन्न उपायों पर भी प्रकाश डाला। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार ने देश के स्वास्थ्य बजट को सकल घरेलू उत्पाद के दो दशमलव पांच प्रतिशत तक बढ़ाने का लक्ष्य रखा है। वर्तमान में स्वास्थ्य बजट एक दशमलव नौ प्रतिशत है। स्वास्थ्य बजट में किए गए आवंटन का विवरण देते हुए डॉक्टर मांडविया ने कहा कि वर्ष 2014 के दौरान कुल स्वास्थ्य बजट 33 हजार करोड़ रुपये था, जो अब 2022-23 में बढकर 83 हजार करोड़ रुपये हो गया है। उन्होंने कहा कि इस समय देश में 622 चिकित्सा महाविद्यालय हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले सात-आठ वर्ष में चिकित्सा स्नातक सीटों की संख्या 51 हजार से बढ़कर एक लाख हो गई है। डॉक्टर मांडविया ने कहा कि डॉक्टर जनसंख्या अनुपात में भी सुधार होकर आठ सौ व्यक्तियों पर एक डॉक्टर का हो है।
उन्होंने कोविड टीकाकरण अभियान के बारे में कहा कि इसे पिछले वर्ष 16 जनवरी को शुरू हुए अभियान के अंतर्गत नौ महीने में 100 करोड़ टीके लगाए गए और 18 महीनों में यह संख्या 200 करोड़ तक पहुंच गई।राष्ट्रीय जनता दल सदस्य मनोज झा ने यह विधेयक सदन में पेश किया था। इस विधेयक का उद्देश्य सभी नागरिकों के लिए स्वास्थ्य को मौलिक अधिकार के रूप में प्रदान करना और शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के मानक की समान पहुंच और रखरखाव सुनिश्चित करना है।जवाब पूरा करने के बाद, स्वास्थ्य मंत्री ने श्री झा से विधेयक को वापस लेने का अनुरोध किया, लेकिन समय की कमी के कारण इस पर विचार नहीं किया जा सका।चर्चा में भाग लेते हुए मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के संतोष कुमार ने कहा कि देश में चिकित्सा व्यय बहुत अधिक है और स्वास्थ्य को मौलिक अधिकार बनाने की आवश्यकता है। उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र पर खर्च बढ़ाने और स्वास्थ्य नीति पर फिर से विचार करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। भारतीय जनता पार्टी के अनिल अग्रवाल ने बेहतर स्वास्थ्य सुविधा के लिए केंद्र सरकार के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश में स्वास्थ्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। तृणमूल कांग्रेस के जवाहर सरकार ने देश में स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति पर प्रकाश डालते हुए विधेयक का समर्थन किया। चर्चा जारी है।इससे पहले कई निजी सदस्य विधेयक सदन में पेश किए गए। इनमें महामारी रोग (रोकथाम, तैयारी और प्रबंधन) विधेयक 2021, पूजा का स्थान (विशेष प्रावधान) निरसन विधेयक, 2022, भारतीय रिजर्व बैंक (संशोधन) विधेयक 2022, प्रेस परिषद (संशोधन) विधेयक 2022 और न्यूनतम समर्थन मूल्य गारंटी विधेयक, 2022 शामिल हैं। -
जयपुर. राजस्थान के टोंक जिले के पुरानी टोंक थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार को कथित पुरानी रंजिश को लेकर बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि आपसी रंजिश के चलते कृषि उपज मंडी रोड इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने शाहरुख (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में नामजद बदमाशों में से मुख्य आरोपी और उसके साथियों को नाकाबंदी के दौरान सवाई माधोपुर में हिरासत में ले लिया गया है और टोंक पुलिस आरोपियों को लेकर आ रही है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृश्या मामला पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिया गया प्रतीत हो रहा है। मामले में लिप्त अन्य आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। - फिरोजाबाद. जिले के नगला खंगर के क्षेत्र फतेहपुर में बृहस्पतिवार को सुबह एक दंपति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अखिलेश नारायण ने बताया थाना नगला खंगर क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय आदेश पुत्र साधू सिंह अपनी पत्नी सीतावती (29) के साथ रहता था। आदेश, साधु सिंह का इकलौता बेटा था और उसकी एक बहन भी है। उन्होंने बताया कि पिता ने अपनी संपत्ति बेटी और दामाद के नाम कर दी। इसकी वजह से आदेश का पिता के साथ मनमुटाव हो गया और उसने कथित तौर पर दुखी होकर अपनी पत्नी सीतावती संग कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उन्होंने कहा कि दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का ही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
- गुवाहाटी। असम की प्रख्यात नृत्यांगना और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित गरिमा हजारिका का शुक्रवार को निधन हो गया। उनके परिवार के लोगों ने यह जानकारी दी।हजारिका वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। वह 83 वर्ष की थीं। हजारिका के परिवार में उनका बेटा, बहू और एक पोता है। उनके पति कृष्णमूर्ति हजारिका भी प्रख्यात शास्त्रीय नर्तक थे। गरिमा हजारिका ओडिसी और कथक नृत्य विधा में भी कुशल थीं।शास्त्रीय नृत्य परंपरा के तहत सत्रिया नृत्य विधा पहले ‘सत्रा’ या वैष्णव मठों तक ही सीमित थी और पुरुषों द्वारा इस नृत्य का अभ्यास किया जाता था। हजारिका ने नृत्य की इस परंपरा को दुनिया तक ले जाने और महिलाओं के बीच इसे लोकप्रिय बनाया। उन्होंने इसे मंच पर प्रदर्शन करने के लिए प्रशिक्षित करने के वास्ते प्रख्यात विद्वान महेश्वर निओग की मदद से अथक प्रयास किया था। हजारिका को मंच के लिए अधिक उपयुक्त रूप में सत्रिया नृत्य के लिए वेशभूषा डिजाइन करने का भी श्रेय दिया जाता है।हजारिका ने बहुत छोटी उम्र से ही गुरु चारु बोरदोलोई से कथक सीखना शुरू कर दिया था और बाद में कमलाबाड़ी सत्र के गुरु रोशेश्वर सैकिया और बोरबयान घाना कांता बोरा से सत्रिया की बारीकियां सीखी। उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ आर्ट में पढ़ाई की और 1968 तक राष्ट्रीय राजधानी में रहीं।हजारिका 16 असमिया फिल्मों में नृत्य निर्देशक थीं। वह राज्य के विभिन्न थिएटर में कोरियोग्राफी, स्टेज और कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग में सक्रिय रूप से शामिल थीं और प्रदर्शन के लिए 16 नृत्य नाटकों की रचना की। प्रख्यात नृत्यांगना को संगीत नाटक अकादमी, असम शिल्पी दिवस और असम नाट्य सम्मेलन पुरस्कार सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।हजारिका के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि राज्य ने एक प्रमुख सांस्कृतिक व्यक्तित्व खो दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘मैं दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं।’’ केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने अपने शोक संदेश में कहा कि नृत्य के क्षेत्र में हजारिका के आजीवन समर्पण ने सांस्कृतिक परिदृश्य को समृद्ध किया और उनका निधन राज्य के लिए एक बड़ी क्षति है।
-
बरेली(उत्तर प्रदेश). पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल द्वारा संचालित उत्तरांचल सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस और रानीखेत एक्सप्रेस को यात्रियों की सुविधा के लिए रेलगाड़ियों के रखरखाव, सुरक्षित परिचालन और पर्यावरण एवं यात्री सुविधा के क्षेत्र में उन्नत तकनीक के निरन्तर प्रयोग को लेकर आईएसओ प्रमाण पत्र दिया गया है। पूर्वोत्तर रेलवे (इज्जतनगर मंडल) के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बृहस्पतिवार को बताया कि काठगोदाम स्टेशन से चलने वाली रानीखेत एक्सप्रेस तथा उत्तरांचल सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस को मानक के अनुरूप रख-रखाव एवं अनुरक्षण गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के लिए नवीनीकृत आईएसओ 9001: 2015 प्रमाण-पत्र प्राप्त हुआ है। यह प्रमाण पत्र बुधवार को प्राप्त हुआ है। मंडल रेल प्रबन्धक आशुतोष पंत ने बताया कि इज्जतनगर मण्डल के यान्त्रिक विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यात्री सुविधाएं प्रदान किए जाने पर सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस एवं रानीखेत एक्सप्रेस गाड़ियों को आईएसओ. 9001: 2015 प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ है। इस प्रमाण पत्र को सम्पर्क क्रांति एक्सप्रेस एवं रानीखेत एक्सप्रेस गाड़ियों के सभी सवारी यानों में लगवाया जाएगा। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि मंडल की सभी गाड़ियों की बेहतर साफ-सफाई एवं अन्य यात्री सुविधाओं की तरफ और भी ज्यादा ध्यान देने की आवश्यकता है। आईएसओ यानी ‘इंटरनेशनल ऑर्गेनाइजेशन फॉर स्टैंडर्डाइजेशन' का प्रमाण पत्र निर्धारित मानकों पर किसी सेवा की गुणवत्ता के प्रमाणन का दस्तावेज होता है।
-
नयी दिल्ली. देश में पिछले पांच साल में आम चुनाव और राज्य विधानसभा चुनावों के दौरान करीब 1.29 करोड़ मतदाताओं ने ‘नोटा' का विकल्प चुना। गैर-सरकारी संगठन ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (एडीआर) ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। एडीआर और नेशनल इलेक्शन वॉच (एनईडब्ल्यू) ने 2018 से 2022 के दौरान विभिन्न चुनावों में ‘नोटा' (उपरोक्त में से कोई नहीं) विकल्प के तहत डाले गए वोटों की संख्या का विश्लेषण किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस अवधि में राज्य विधानसभा चुनावों में नोटा के तहत औसतन 64,53,652 वोट डाले गए। वहीं, लोकसभा चुनावों में बिहार की गोपालगंज सीट पर सबसे अधिक 51,660 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना जबकि लक्षद्वीप लोकसभा सीट पर सबसे कम 100 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। रिपोर्ट के मुताबिक, विधानसभा चुनावों के दौरान 2020 में दो राज्यों में सर्वाधिक 1.46 प्रतिशत मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना, जिसमें बिहार विधानसभा चुनाव में 7,06,252 जबकि दिल्ली में 43,108 मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। इसके मुताबिक, 2022 में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में सबसे कम लोगों ने नोटा का विकल्प चुना। इनमें 0.70 प्रतिशत मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना, जिसमें गोवा में 10,629, मणिपुर में 10,349, पंजाब में 1,10,308, उत्तर प्रदेश में 6,37,304 और उत्तराखंड में 46,840 मतदाताओं ने ईवीएम में नोटा का बटन दबाया। रिपोर्ट के मुताबिक, 2019 में महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के दौरान सबसे अधिक 7,42,134 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना। वहीं, 2018 के मिजोरम विधानसभा चुनाव के दौरान नोटा के तहत सबसे कम 2,917 वोट डाले गए। इसके मुताबिक, 2018 में छत्तीसगढ़ राज्य विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना जोकि 1.98 फीसदी रहा। वहीं, दिल्ली विधानसभा चुनाव, 2020 और मिजोरम विधानसभा चुनाव, 2018 में नोटा के तहत सबसे कम प्रतिशत यानी 0.46 प्रतिशत मतदाताओं ने नोटा का बटन दबाया। एडीआर के मुताबिक, 2018 से लेकर अब तक विधानसभा चुनावों के दौरान ऐसी सीटों पर 26,77,616 मतदाताओं ने नोटा का विकल्प चुना, जहां चुनाव लड़ रहे तीन या इससे अधिक उम्मदीवारों के खिलाफ आपराधिक मामले चल रहे थे।
-
नयी दिल्ली. देश में मंकीपॉक्स के बढ़ते मामलों के बीच इस बीमारी से निपटने को लेकर दिशा निर्देशों पर पुनर्विचार करने के लिए केंद्र ने बृहस्पतिवार को शीर्ष स्वास्थ्य विशेषज्ञों की एक बैठक बुलाई। देश में मंकीपॉक्स के अब तक नौ मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें से एक मरीज की मौत हो गयी है। एक अधिकारी ने बताया, ‘‘यह मौजूदा दिशा निर्देशों पर पुनर्विचार के लिए की गयी एक तकनीकी बैठक थी।'' बैठक की अध्यक्षता आपात चिकित्सा राहत के निदेशक डॉ. एल. स्वस्तिचरण ने की और इसमें राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन, राष्ट्रीय रोग नियंत्रण केंद्र और विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रतिनिधि शामिल हुए। केंद्र द्वारा ‘‘मंकीपॉक्स बीमारी के प्रबंधन पर जारी दिशा निर्देशों'' के अनुसार, अगर किसी व्यक्ति ने पिछले 21 दिनों के भीतर प्रभावित देशों की यात्रा की है और उसके शरीर पर लाल चकत्ते पड़ने, लसिका ग्रंथियों में सूजन, बुखार, सिर में दर्द, शरीर में दर्द और बहुत ज्यादा कमजोरी जैसे लक्षण दिखायी देते हैं तो उसे ‘संदिग्ध' माना जाएगा। संपर्क में आए लोगों को परिभाषित करते हुए दिशा निर्देशों में कहा गया है कि अगर कोई व्यक्ति किसी संक्रमित में पहला लक्षण दिखायी देने और त्वचा पर जमी पपड़ी के गिर जाने तक की अवधि के दौरान उसके संपर्क में एक से अधिक बार आता है तो उसे संपर्क में आया व्यक्ति माना जाएगा। यह संपर्क चेहरे से चेहरे का, शारीरिक संपर्क, जिनमें यौन संबंध शामिल है, कपड़ों या बिस्तर के संपर्क में आना हो सकता है। इसे मंकीपॉक्स का संदिग्ध मामला माना जाएगा। डब्ल्यूएचओ ने हाल में मंकीपॉक्स को वैश्विक सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति घोषित किया था। मंकीपॉक्स जानवरों से मनुष्यों में फैलने वाला संक्रमण है और इसके लक्षण चेचक जैसे होते हैं। किसी मरीज से अंतिम संपर्क के 21 दिनों तक उसके संपर्क में आए लोगों के लक्षणों पर नजर रखी जानी चाहिए। बुखार होने की स्थिति में प्रयोगशाला में इसकी जांच की जानी चाहिए। मरीज के संपर्क में आए बिना लक्षण वाले लोगों को निगरानी में रहने के दौरान रक्त, कोशिकाओं, ऊतक, अंगों का दान नहीं करना चाहिए। मंत्रालय के दिशा निर्देशों में कहा गया है कि मानव-से-मानव के बीच संचरण मुख्य रूप से श्वसन की बड़ी बूंदों के माध्यम से होता है। मंकीपॉक्स में लक्षण छह से 13 दिनों के बीच उभरते हैं और ऐतिहासिक रूप से इसमें मृत्यु दर 11 प्रतिशत है जबकि बच्चों के बीच मृत्यु दर अधिक है। हाल के दिनों में इस बीमारी में मृत्यु दर तीन से छह प्रतिशत रही है।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कहा कि उसे मराठी के अलावा किसी अन्य भाषा को प्राचीन भाषा का दर्जा प्रदान करने के लिए राज्य सरकारों की ओर से कोई प्रस्ताव नहीं मिला है। संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने एक सवाल के लिखित जवाब में राज्यसभा को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘मंत्रालय को मराठी से इतर भाषाओं को प्राचीन भाषा का दर्जा प्रदान करने हेतु राज्य सरकारों की ओर से कोई प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। तथापि, पाली, प्राकृत, बांग्ला, असमिया, मणिपुरी, सिंधी और मैथिली को प्राचीन भाषा का दर्जा प्रदान करने हेतु विभिन्न व्यक्तियों और संगठनों की ओर से कई पत्र प्राप्त हुए हैं।'' उन्होंने कहा कि लेकिन राज्य सरकारों की ओर से बिना किसी औपचारिक प्रस्ताव के इस संबंध में कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि अब तक छह भाषाओं - तमिल, संस्कृत, तेलुगु, कन्नड़, मलयालम व ओड़िया को प्राचीन भाषा का दर्जा प्रदान किया गया है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने मराठी को प्राचीन भाषा का दर्जा प्रदान करने हेतु प्रस्ताव भेजा था।



















.jpeg)


.jpeg)




