- Home
- देश
-
पुणे | पुणे के सीमा शुल्क अधिकारियों ने यहां लोहेगांव अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर एक महिला को सोना तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 26 लाख रुपये से अधिक कीमत का सोना बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी महिला के अलावा तस्करी का सोना प्राप्त करने आये व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया। सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी महिला यात्री पांच मई को हवाई अड्डे पर उतरी थी।
पुणे के एक सीमा शुल्क अधिकारी ने सोमवार को कहा कि विस्तृत पड़ताल के दौरान सामने आया कि आरोपी महिला कच्ची चूड़ियों और चेन के रूप में 26.45 लाख रुपये कीमत का 24 कैरेट सोना तस्करी कर लायी है। उन्होंने बताया कि महिला यात्री को लेने पहुंचे एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। अधिकारी ने बताया कि दोनों के खिलाफ सीमा शुल्क अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 मई को वर्चुअल माध्यम से मध्य प्रदेश की स्टार्टअप नीति का शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी स्टार्टअप पोर्टल की भी शुरूआत करेंगे और स्टार्टअप समुदाय को संबोधित करेंगे।
इस अवसर पर राज्य के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान चुनिंदा स्टार्टअप की सफलता का विवरण जारी करेंगे। इंदौर में आयोजित इस कार्यक्रम में अनेक नीति निर्माता, नवाचारी उद्यमी, केन्द्र और राज्य सरकार के प्रशासक और निजी क्षेत्र के प्रतिनिधि शामिल होंगे। -
नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि भारत के कोविड रोधी टीकाकरण कार्यक्रम को सफल बनाने में कोविन पोर्टल की डिजिटल तौर पर महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मंत्रालय ने कहा कि इस पोर्टल में पंजीकरण से देश में 100 करोड़ से अधिक लोगों को 190 करोड़ से अधिक कोविडरोधी डोज लगाया जाना संभव हो पाया है। इतने बड़े स्तर पर टीकाकरण बिना एक भी दिन रूके पूरा किया गया है। मंत्रालय ने कहा है कि कोविन पोर्टल में शिकायत प्रबंधन प्रणाली की मजबूत व्यवस्था भी शामिल है।
मंत्रालय का बयान उन मीडिया खबरों के बाद आया है जिसमें कहा गया है कि कोविन पोर्टल में तकनीकी गड़बड़ी से पुणे जिले में कोविड का पहला टीका लेने वाले ढ़ाई लाख लाभार्थियों को दो प्रमाण पत्र जारी किए गए।मंत्रालय ने कहा कि कोविन प्लेटफॉर्म का उपयोग काफी सरल है। इस पोर्टल पर पंजीकरण के लिए लाभार्थियों को तीन माध्यम उपलब्ध कराए गए हैं- पहला स्वयं टीकाकरण केन्द्र में जाकर पंजीकरण, दूसरा ऑनलाइन पंजीकरण और तीसरा हेल्पलाइन और सामान्य सेवा केन्द्रों की सहायता। इस पोर्टल से देश की बड़ी आबादी का रिकॉर्ड रफ्तार से टीकाकरण हो सका है। पोर्टल की डिजिटल टीम ने दिन-रात लग कर इस महत्वपूर्ण काम को अंजाम दिया है और सिर्फ एक तकनीकी त्रुटि से पोर्टल क्षमता में कमी निकालना उचित नहीं है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने आपराधिक और आतंकी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कल मुंबई और आस-पास के क्षेत्रों में भगोडे आतंकवादी दाऊद इब्राहिम से जुड़े 29 स्थानों पर छापेमारी की। दाउद इब्राहिम के सहयोगियों हाजी अनीस, छोटा शकील, जावेद पटेल और टाइगर मेमन के परिसरों पर छापे मारे गए। जांच एजेंसी का मानना है कि दाऊद इब्राहिम के ये सहयोगी लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और अलकायदा जैसे आतंकी संगठनों से जुडे हैं और हथियारों की तस्करी, धन शोधन, जाली करंसी चलाने और आतंकवाद के लिये धन उपलब्ध कराने जैसे अपराधों में लगे हैं।
छापेमारी के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रियल एस्टेट में निवेश के कागजात, नकद राशि और हथियार सहित आपत्तिजनक सामग्री जब्त की गई है। एजेंसी ने बताया कि इस मामले में आगे की जांच जारी है।राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने इस वर्ष 3 फरवरी को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। -
नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने कल उच्चतम न्यायालय में बताया कि उसने देशद्रोह पर भारतीय दंड संहिता की धारा 124 ए के प्रावधानों पर पुनर्विचार और फिर से जांच करने का फैसला किया है। उच्चतम न्यायालय इस संबंध में दायर याचिकाओं पर आज सुनवाई करेगा।
सरकार ने शीर्ष न्यायालय से आग्रह किया कि जब तक यह काम पूरा नहीं हो जाता, तब तक इससे संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई न की जाए।गृह मंत्रालय ने शपथ पत्र में कहा है कि प्रधानमंत्री का मानना है कि इस समय देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है, और ऐसे में यह आवश्यक है कि उपयोगिता खो चुके औपनिवेशिक कानूनों का बोझ कम करने के प्रयास किए जाएं। -
नई दिल्ली। गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि अगली जनगणना शतप्रतिशत सटीकता के साथ पूरी तरह डिजिटल होगी। उन्होंने कहा कि जन्म और मृत्यु रजिस्टर को जनगणना के साथ जोड़ा जाएगा। गृहमंत्री ने कहा कि देश में प्रत्येक जन्म और मृत्यु के बाद इलेक्ट्रॉनिक प्रक्रिया से स्वतः जनगणना अद्यतन की जाएगी। उन्होंने कहा, सॉफ्टवेयर के जरिए लोगों के निवास बदलने और 18 वर्ष पूरे होने पर मतदाता बनने का ब्यौरा भी अद्यतन हो जाएगा। कल असम के कामरूप जिले के अमीन गांव में जनगणना संचालन निदेशालय के नए कार्यालय भवन का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना अगले 25 वर्ष के लिए देश की नीतियों को आकार देगी। उन्होंने कहा कि 2021 की जनगणना में कोविड महामारी के कारण विलम्ब हुआ और यह 2024 तक पूरी कर ली जाएगी। गृह मंत्री ने कहा कि सही जनगणना के बिना किसी भी विकास कार्य या परियोजना को अंतिम रूप देना संभव नहीं है।
-
नोएडा. नोएडा थाना सेक्टर 113 में महागुन सोसाइटी के पास से सोमवार दोपहर बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक कलेक्शन एजेंट से 6 लाख 80 हजार रुपये लूट लिए। पुलिस शिकायत दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) राजेश एस. एस. ने बताया कि खोड़ा कॉलोनी के नेहरू गार्डन के रहने वाले प्रमोद कुमार साहनी सीएमएस इंफोसिस कंपनी में कलेक्शन एजेंट के रूप में काम करते हैं। अधिकारी ने कहा कि साहनी ने बताया कि आज जब वह गाजियाबाद में विभिन्न जगहों से पैसा इकट्ठा करके नोएडा के सेक्टर 78 स्थित महागुन सोसाइटी के पास पहुंचे, तभी बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर बैग लूट लिया। उन्होंने बताया कि कलेक्शन एजेंट के बैग में 6,80,000 रुपये नकदी रखी हुई थी।
उन्होंने बताया कि पुलिस की तीन टीमें मामले की जांच कर रही हैं।
डीसीपी ने बताया कि पुलिस महागुन सोसायटी के पास लगे सीसीटीवी कैमरे व सर्विलांस की सहायता से बदमाशों की तलाश कर रही है। पुलिस को शक है कि इस घटना में कलेक्शन एजेंट के किसी परिचित का हाथ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
-- -
आइजोल. मिजोरम में हुए 'मारा स्वायत्त जिला परिषद' (एमएडीसी) चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और उसने 25 सदस्यीय एमएडीसी में 12 सीटों पर जीत हासिल की। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। दक्षिणी मिजोरम के सियाहा जिले में हाल में हुए एमएडीसी चुनाव के नतीजे सोमवार को घोषित किए गए।
सियाहा के उपायुक्त एवं निर्वाचन अधिकारी लालसांगलियाना ने बताया कि 24 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने 12 पर जीत दर्ज की जोकि बहुमत से एक कम है। उन्होंने बताया कि राज्य के सत्तारूढ़ दल मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) ने नौ जबकि कांग्रेस ने चार सीटें जीतीं। एमएडीसी चुनाव के लिए पांच मई को मतदान हुआ था।
इस बीच, एमएनएफ के उपाध्यक्ष वनलालजावमा ने कहा कि उनकी पार्टी ने परिषद में भाजपा से गठबंधन को लेकर अभी कोई फैसला नहीं किया है। -
कोटा . राजस्थान के बारां जिले में एक कार रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद आग लगने से 38 वर्षीय व्यक्ति और उसके ढाई वर्षीय भतीजे की झुलसकर मौत हो गई जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को कहा कि कार बारां शहर में हाडोती पैनोरमा संग्रहालय के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर एक नाले के ऊपर रेलिंग से टकरा गई, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। लोकसभा अध्यक्ष और कोटा-बूंदी से सांसद ओम बिरला ने दुर्घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्ति की। बारां के क्षेत्राधिकारी मनोज गुप्ता ने बताया कि कोटा के कंसुवा गांव के निवासी मनीष चौधरी रविवार रात अपने भतीजे अनिरुद्ध, बड़े भाई की पत्नी लक्ष्मी (30) और 24 वर्षीय चचेरे भाई सागर के साथ कार में घर लौट रहे थे तभी उनका वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गुप्ता ने कहा कि कार में आग लगने के कारण इसमें सवार लोग फंस गए, जिसके बाद गांववालों ने उन्हें बचाने के लिये अभियान चलाया। अधिकारी ने कहा कि गांववालों ने कार की खिड़की तोड़कर लक्ष्मी और सागर को तो बचा लिया, लेकिन दो अन्य लोगों को नहीं बचा सके। चारों को कार से बाहर निकाले जाने के बाद घटना स्थल पर पहुंची पुलिस उन्हें अस्पताल ले गई, जहां चौधरी और अनिरुद्ध को मृत घोषित कर दिया गया और लक्ष्मी व सागर का इलाज चल रहा है। चारों बारां जिले के किशनगंज अनुमंडल के खेरुना गांव में सागर के सगाई समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि मृतकों के शव परिवार के सदस्यों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस आगे मामले की जांच कर रही है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बिहार के सुल्तानगंज में एक निर्माणाधीन सड़क पुल का हिस्सा गिरने के लिए 'तेज हवाओं' को जिम्मेदार बताने वाले एक वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के अधिकारी के बयान पर सोमवार को आश्चर्य जताया। गत 29 अप्रैल को सुल्तानगंज में गंगा नदी पर बन रहे एक सड़क पुल का एक हिस्सा आंधी के दौरान गिर गया था। हालांकि, इस हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं थी। गडकरी ने यहां आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘बिहार में 29 अप्रैल को एक पुल गिर गया था। अपने सचिव से इसका कारण पूछने पर उन्होंने जवाब दिया कि ऐसा तेज हवा और धुंध के कारण हुआ था।'' केंद्रीय मंत्री ने आश्चर्य जताते हुए कहा कि एक आईएएस अधिकारी इस तरह के स्पष्टीकरण पर विश्वास कैसे कर सकता है? गडकरी ने कहा, ‘‘मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि हवा और धुंध के कारण पुल कैसे गिर सकता है? जरूर कुछ गलती हुई होगी जिससे यह पुल गिरा।'' कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने गुणवत्ता से समझौता किए बिना पुलों के निर्माण की लागत कम करने की जरूरत पर बल दिया। बिहार में सुल्तानगंज से अगुआनी घाट के बीच इस पुल का निर्माण कार्य वर्ष 2014 में शुरू हुआ था। हालांकि, इसका निर्माण 2019 में ही पूरा हो जाना था लेकिन अभी भी यह पूरा नहीं हो पाया है। -
नयी दिल्ली. रेलटेल ने प्रधानमंत्री वाई-फाई एक्सेस नेटवर्क इंटरफेस (पीएम-वाणी) योजना पर आधारित अपनी सार्वजनिक वाईफाई सेवाओं तक पहुंच की शुरुआत की है। रेलवे के सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रम ने सोमवार को एक बयान में बताया कि इस सुविधा की शुरुआत 100 रेलवे स्टेशनों पर हुई है। इस सुविधा की शुरुआत यहां सोमवार को एक कार्यक्रम में रेलटेल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक पुनीत चावला ने की। रेलटेल की सार्वजनिक वाई-फाई सेवाओं का विस्तार जून, 2022 के अंत तक सभी 6,102 रेलवे स्टेशनों (जहां वाई-फाई सुविधा पहले से उपलब्ध है) में किया जाएगा। इस वाईफाई नेटवर्क को एक्सेस करने के लिए 'वाई-डॉट' नामक मोबाइल ऐप का उपयोग किया जा सकता है, जो गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध है। -
नयी दिल्ली. सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) रेलवे को विदेशी प्रौद्योगिकी पर निर्भरता कम करने के लिए 2,114 करोड़ रुपये मूल्य के स्थानीय स्तर पर विकसित प्रौद्योगिकी समाधान मुहैया कराएगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि सी-डॉट और रेलवे के बीच इस आशय के समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत सी-डॉट रेलवे में इस्तेमाल होने वाली विदेशी प्रौद्योगिकी के घरेलू समाधान मुहैया कराएगा। अधिकारी ने कहा, ‘‘वित्तीय संदर्भ में रेलवे सी-डॉट की 2,114 करोड़ रुपये मूल्य की प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करेगा।'' सी-डॉट के कार्यकारी निदेशक राजकुमार उपाध्याय ने कहा कि इस भागीदारी से न केवल रेलवे की विदेशी प्रौद्योगिकी पर निर्भरता कम होगी बल्कि सुरक्षा से जुड़े जोखिम भी कम होंगे। उन्होंने कहा कि रेलवे की जरूरतों के हिसाब से प्रौद्योगिकी समाधान पेश किए जाएंगे। इस व्यवस्था के तहत सी-डॉट स्वदेशी तकनीकों के विकास में अपनी शोध एवं विकास विशेषज्ञता का इस्तेमाल करेगा और रेलवे अपने विशाल नेटवर्क में उन्हें लागू करेगा। रेलवे बोर्ड की अतिरिक्त सदस्य (दूरसंचार) अरुणा सिंह ने कहा कि सी-डॉट एवं रेल मंत्रालय के बीच तालमेल से रेलवे को अपनी दूरसंचार जरूरतें पूरा करने में मदद मिलेगी। यह आत्मनिर्भर भारत की बुनियाद को भी मजबूत करेगा। -
नयी दिल्ली. शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के सुझावों के आधार पर तीन से 23 वर्ष की आयु के लोगों को भारतीय ज्ञान परंपरा तथा संस्कृत के ज्ञान एवं कौशल से जोड़ने के लिए संस्कृत विद्यालय समूहों से अभिनव उपाय तलाशने की अपील की। केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 'उत्कर्ष महोत्सव' को संबोधित करते हुए प्रधान ने कहा कि पिछले 100-150 सालों में हमारी संस्कृत विधा को योजनाबद्ध तरीक़े से केवल औपचारिकता तक सीमित रखने का प्रयोजन किया गया। उन्होंने कहा, ‘‘एक माहौल बनाया गया जैसे संस्कृत केवल पूजा-पाठ की भाषा हो । ऐसा करके संस्कृत को सीमित करने का प्रयास किया गया।'' उन्होंने कहा कि ह्वेन त्सांग के समय से लेकर आज के रायसिना डायलॉग तक संस्कृत की सहजता, आधुनिकता और वैज्ञानिकता को प्रमाण की ज़रूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इसमें एक बड़ा विषय संस्कृत को लेकर श्रेष्ठता का भाव भी रहा ।
प्रधान ने कहा कि संस्कृत श्रेष्ठ है, इसमें कोई शक नहीं लेकिन इस श्रेष्ठता के भाव को त्याग कर इसे कैसे लोकभाषा बनाया जाए, यह महत्वपूर्ण चुनौती है। उन्होंने कहा, ‘‘ भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने की चुनौती, संस्कृत एवं भारतीय भाषाओं को लोक मानस, लोक भाषा का हिस्सा बनाने की चुनौती, अगली पीढ़ी के अज्ञान के अंधेरों से उजाले की ओर ले जाने की चुनौती हम सब को स्वीकारनी पड़ेगी। '' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी बच्चों को औपचारिक शिक्षा के दायरे में लाने की पहल की है, इसके तहत तीन वर्ष के बच्चों को बाल बाटिका में लाया जायेगा । शिक्षा मंत्री ने कहा, ‘‘ अगर हम तीन से 23 वर्ष आयु वर्ग का विचार करें तो इसके तहत 50 करोड़ आबादी आती है।'' उन्होंने कहा कि इनकी शिक्षा दीक्षा, कौशल विकास को लेकर व्यवस्था सीमित है, ऐसे में इनके लिये अभिनव उपाय खोजने होंगे ताकि यह आयु वर्ग ज्ञान, शिक्षा एवं कौशल से जुड़े । प्रधान ने कहा, ‘‘ संस्कृत विद्यालय समूह इस संबंध में एक प्रमुख दायित्व ले । ऐसा भारतीय ज्ञान परंपरा एवं संस्कृत की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। '' शिक्षा मंत्री ने नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत मातृभाषा एवं स्थानीय भाषा में शिक्षा के महत्व को भी रेखांकित किया । उन्होंने कहा कि भारत की सारी भाषाएं श्रेष्ठ हैं और भारतीय भाषाओं की विविधता में भी जो एकता है, उसमें संस्कृत का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति की परिकल्पना के अनुरूप हमें संस्कृत समेत सभी भारतीय भाषाओं को महत्व देना होगा। -
मुंबई. पश्चिमी रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं सोमवार सुबह व्यस्त समय के दौरान तकनीकी खामी आने के कारण बाधित हुईं, जिससे कई यात्री ट्रेनों से उतर गए और अपने कार्यालय तक पहुंचने के लिए पटरियों पर पैदल चल पड़े। पश्चिमी रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब पांच बजकर 50 मिनट पर दहीसर और बोरीवली के बीच बिजली का तार टूट जाने के कारण ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया। उन्होंने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताते हुए कहा कि इसके कारण तेज गति से चलने वाली लोकल ट्रेनों में 15 मिनट तक की देरी हुई। चूंकि कुछ ट्रेन खामी के कारण बीच रास्ते में ही रुक गयी थी तो कई यात्री बोगियों से उतरे और अपने गंतव्यों तक पहुंचने के लिए पटरियों पर पैदल चलने लगे। पटरियों पर चलते हुए यात्रियों की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी सार्वजनिक हुईं। अधिकारी ने बताया कि तकनीकी खामी को सुबह सात बजकर 23 मिनट पर ठीक कर दिया गया। बाद में ट्रेनों की सामान्य आवाजाही बहाल हो गयी। मध्य रेलवे और पश्चिमी रेलवे रोज तकरीबन 3,000 उपनगरीय ट्रेन सेवाओं का संचालन करता है और हर दिन करीब 75 लाख यात्री इन ट्रेन से यात्रा करते हैं। लोकल ट्रेनों को मुंबई की जीवनरेखा माना जाता है। -
जींद . हरियाणा के जींद में उचाना रेलवे स्टेशन के निकट सोमवार को रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से पुलिस कर्मी की मौत हो गई। जीआरपी चौकी प्रभारी राजेश ने बताया कि मृतक की शिनाख्त उचाना कलां गांव के निवासी संजय (42) के रूप में हुई है और वह हरियाणा पुलिस ने हवलदार के पद पर कार्यरत थे एवं उनकी डयूटी पंचकुला हैडक्वार्टर में थी। उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़ौदा की तरफ जा रही रेलगाडी की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई जिसके बाद रेलवे पुलिस मौके पर पहुंच गई। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के अनुसार फिलहाल संजय छुट्टी पर घर आये थे। बताया जाता है कि वह सुबह सैर के लिए खेतों की तरफ गये थे और वापसी के दौरान रेलवे लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गये जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। रेलवे पुलिस मामले की जांच कर रही है। -
राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में तारागंज के पास आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को तेज रफ्तार जीप से मोटर साइकिल के टकरा जाने से एक बच्चे और उसके पिता की मौत हो गयी जबकि बच्चे की मां गंभीर रुप से घायल हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। सारंगपुर के थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि सद्दाम (24) अपने डेढ़ साल के बेटे और अपनी पत्नी के साथ जिले के पडाना से सारंगपुर की ओर जा रहा था तभी तेज रफ्तार जीप ने उसकी मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि हादसे में सद्दाम और उसके बेटे की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी को सारंगपुर के सिविल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उपचार के लिए शाजापुर रेफर कर दिया गया। पुलिस इस घटना की जांच कर रही है। -
बनिहाल/जम्मू, जम्मू कश्मीर के रामबन जिले में विषाक्त जंगली जड़ी-बूटी खाने से 12 वर्षीय एक लड़के की मौत हो गई, जबकि तीन लड़कियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि बटोटे इलाके के रखजरोह गांव के पास जंगल में रविवार को कुछ बच्चे खेल रहे थे, तभी उन्होंने कुछ जंगली जड़ी-बूटी खा ली। उन्होंने कहा कि उल्टी होने के बाद वे बेहोश हो गए और उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बटोटे ले जाया गया, जहां उनमें से एक मोहम्मद बासित की मौत हो गई। बासित की बहन शबनम (10) और पड़ोसी सानिया बानो (10) तथा रजिया बानो (8) को बेहतर इलाज के लिए सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल जम्मू भेजा गया है।
-
कोलकाता. कोलकाता के वित्तीय सेवा प्रदाता पीयरलेस समूह के प्रबंध निदेशक (एमडी) सुनील कांति रॉय का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। पारिवारिक सूत्रों से यह जानकारी मिली। सूत्रों के मुताबिक, पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित 78 वर्षीय रॉय वृद्धावस्था संबंधी बीमारियों से पीड़ित थे। रॉय की तबीयत बिगड़ने के बाद सात मई को उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था और रविवार की रात उनका निधन हो गया। उन्होंने 1985 में अपने बड़े भाई बी के रॉय की मृत्यु के बाद पीयरलेस समूह की जिम्मेदारी संभाली थी।
कोलकाता के महापौर फिरहाद हाकिम ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “पद्मश्री सुनील कांति रॉय के निधन पर गहरा दुख हुआ। उनके निधन से बंगाल में व्यापार के एक युग का अंत हो गया। उनके मित्रों और परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं। -
अंबाला (हरियाणा). भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने सोमवार को देश के स्वास्थ्य क्षेत्र एवं स्वदेशी कोविड रोधी टीकों के विकास की सराहना करते हुए कहा कि भारत नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एक ऐसा ‘‘बदलता हुआ देश'' बन गया है जो अब दुनिया को कुछ न कुछ देने का काम करता है, न कि लेने का। नड्डा ने यहां 72 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित अटल कैंसर केयर सेंटर का उद्घाटन करते हुए स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘‘बड़ा बदलाव'' लाने का श्रेय मोदी सरकार को दिया। सभा की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “किसी ने भी मास्क नहीं पहना है। यह 'सुरक्षा कवच' किसने दिया?" नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश में 130 करोड़ लोगों को कोरोना वायरस से "बचाया" है। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों के तहत चेचक और पोलियो जैसी बीमारियों के टीके भारत तक पहुंचने में कई साल लग गए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष ने कहा कि जब जनवरी 2020 में भारत में कोविड महामारी आई, तो मोदी सरकार ने एक कार्यबल का गठन किया और नौ महीने के भीतर दो टीके विकसित किए गए। उन्होंने कहा, "यह एक बदलता देश है। अब हम लेने वाले नहीं हैं, देने वाले हैं।"
नड्डा ने दावा किया कि अपनी बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के बावजूद अमेरिका ने महामारी के सामने खुद को असहाय महसूस किया। उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन द्वारा मास्क पहने जाने का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत द्वारा शुरू किए गए "दुनिया के सबसे बड़े टीकाकरण कार्यक्रम" में 190 करोड़ से अधिक खुराक दी जा चुकी हैं। भाजपा नेता ने कहा कि देश ने 100 देशों को टीके की 18.50 करोड़ खुराक दीं हैं जिनमें से 1.43 करोड़ खुराक 48 देशों को मुफ्त दी गई हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा में एक अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भी बनेगा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसकी आधारशिला रखेंगे। नड्डा ने कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा, "स्वास्थ्य क्षेत्र में अब एक बड़ा बदलाव आया है।" उन्होंने कहा कि केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी की भाजपा नीत सरकार के सत्ता में आने से पहले देश में केवल एक एम्स था। उन्होंने कहा कि वाजपेयी सरकार ने छह एम्स और स्थापित किए लेकिन संप्रग के 10 साल के शासन में कोई नया एम्स नहीं बना। नड्डा ने कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 16 और एम्स स्थापित किए गए हैं।
यूक्रेन के खिलाफ रूस के युद्ध पर नड्डा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार यूक्रेन में फंसे 23,000 भारतीय छात्रों को वापस लेकर आई जिनमें से लगभग 1,700 हरियाणा से थे। नड्डा ने कहा, "क्या दुनिया में कोई देश है जो अपने लोगों को वहां से लाया है? क्या अमेरिका, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, पाकिस्तान और बांग्लादेश ने अपने लोगों को बाहर निकाला? यह प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत है जिसने एक महीने के भीतर 23,000 छात्रों को सुरक्षित निकाला।'' उन्होंने कहा, "यहां तक कि कुछ अन्य देशों के लोग भी तिरंगा लेकर सुरक्षित आ गए।"
नड्डा ने कहा, ‘‘आज मोदी जी के नेतृत्व में हमारी राजनीतिक संस्कृति बदल गई है। अब कोई नेता आता है और अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करता है। दूसरे दलों के नेताओं को भी कहना पड़ता है कि वे भी ऐसा प्रयास करेंगे। -
अमृतसर (पंजाब) .आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक इंदरबीर सिंह निज्जर रविवार को यहां सदी पुरानी धर्मार्थ-सह-शैक्षिक संस्था चीफ खालसा दीवान (सीकेडी) के नये अध्यक्ष चुने गए। निज्जर अमृतसर दक्षिण निर्वाचन क्षेत्र से विधायक हैं। सीकेडी अध्यक्ष पद के चुनाव में निज्जर को अपने प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार सरबजीत सिंह के 243 वोट के मुकाबले 329 वोट मिले। सीकेडी अध्यक्ष रहे निर्मल सिंह का लंबी बीमारी के बाद 12 मार्च को निधन हो गया था। उनके निधन के बाद निज्जर को कार्यवाहक अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सीकेडी पूरे पंजाब में 47 स्कूल, तीन कॉलेज, अनाथालय, वृद्धाश्रम और अस्पताल का संचालन करता है।
-
हैदराबाद | तेलंगाना के कामारेड्डी जिले में रविवार शाम एक लॉरी और एक छोटे (मिनी) ट्रक की टक्कर होने से छह महिलाओं सहित आठ व्यक्तियों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। कामारेड्डी जिले के पुलिस अधीक्षक बी श्रीनिवास रेड्डी ने बताया कि यह दुर्घटना येलारेड्डी मंडल में शाम करीब पांच बजे हुई, जब लॉरी का चालक सड़क पर विपरीत दिशा की ओर अपना वाहन मोड़ दिया और मिनी ट्रक को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस कारण से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनमें से एक व्यक्ति की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा, मामले की जांच जारी है। -
चंडीगढ़ | हरियाणा के करनाल जिले में एमबीबीएस अंतिम वर्ष के एक छात्र की रविवार को अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक से सिर में कथित तौर पर गोली मारने के बाद मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। निसिंग पुलिस थाने के थाना प्रभारी अजायब सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान आर्यमन (23) के रूप में हुई है। उसके माता-पिता चिकित्सक हैं और घर पर ही निजी क्लिनिक चलाते हैं। सिंह ने कहा, ''आर्यमन ने अपने पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को सिर में गोली मार ली। वह बेंगलुरु के एक मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस के अंतिम वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और पिछले महीने घर आया था।'' अजायब सिंह ने बताया, ''गुरुग्राम के एक अस्पताल में आर्यमन का मनोरोग का इलाज चल रहा था।''
पुलिस के मुताबिक घटना के समय उसके माता-पिता घर के भूतल पर कुछ मरीजों को देख रहे थे। उन्होंने कहा, ''आर्यमन ने अपने कमरे को अंदर से बंद कर लिया, अपने पिता की बंदूक ली और खुद को गोली मार ली। मृतक के परिवार का कहना है कि ऐसा कोई संकेत नहीं था कि आर्यमन किसी बात को लेकर नाराज था और वह इतना बड़ा कदम उठाएगा।'' पुलिस ने बताया आर्यमन की दो बहनों की शादी हो चुकी है और वह अमेरिका में रहती हैं। -
भुवनेश्वर । प्रतिष्ठित ओड़िया साहित्यकार एवं पद्मश्री से सम्मानित रजत कुमार कार का रविवार को भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 88 वर्ष के थे। उनके परिवार ने यह जानकारी दी। परिवार के सदस्यों ने बताया कि रजत हृदय संबंधी बीमारियों से ग्रसित थे।
उन्होंने बताया कि रजत ने शाम करीब पांच बजे सीने में दर्द की शिकायत की। इसके बाद रजत को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने रजत के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि ओड़िया संस्कृति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। ओडिशा प्रदेश कांग्रेस समिति के अध्यक्ष निरंजन पटनायक और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष समीर मोहंती समेत कई हस्तियों ने रजत के निधन पर शोक जताया। रजत को साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 2021 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। वह जगन्नाथ संस्कृति के एक कुशल वक्ता थे, जोकि छह दशकों तक टीवी और रेडियो पर वार्षिक रथ यात्रा के दौरान अपनी 'कमेंट्री' के लिए खासतौर पर पहचाने जाते थे। -
मुंबई। यूनिसेफ इंडिया ने कोरोना वायरस महामारी के दौरान शिशु एवं मातृव स्वास्थ्य पर रचनात्मक कार्यक्रम पेश करने वाले देशभर के 80 से ज्यादा रेडियो पेशेवरों को सम्मानित किया है। सयुंक्त राष्ट्र अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन बाल कोष (यूनिसेफ) की पहल “रेडियो फॉर चाइल्ड”' की ओर से मुंबई में शनिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में दो बार के ग्रैमी पुरस्कार विजेता संगीतकार, पर्यावरणविद् एवं यूनिसेफ ‘सेलिब्रिटी सपोर्टर' रिकी केज ने रेडियो पेशेवरों को सम्मानित किया। यूनिसेफ की ओर से जारी विज्ञप्ति के मुताबिक, यूनिसेफ ‘सेलिब्रिटी सपोर्टर' रिकी केज ने कहा कि मीडिया एक शक्तिशाली साधन है जो बच्चों के टीकाकरण के लिए प्रोत्साहित करने एवं उन्हें सेहतमंद जिंदगी जीने में योगदान दे सकता है। जागरूकता फैलाने तथा अफवाहों का मुकाबला करने के लिए इन कामों को जारी रखने का आह्वान करते हुए केज ने कहा, “श्रोताओं तक रचनात्मक तरीके से पहुंचने की आपकी क्षमता अहम है तथा इससे प्रभावी संदेश पहुंचता है, जिससे माता-पिता में टीके को लेकर झिझक खत्म होती है।” देशभर के निजी एफएम तथा आकाशवाणी के रेडियो पेशेवरों को कोविड-19 रोधी टीकाकरण के साथ-साथ नियमित टीकाकरण के प्रति प्रोत्साहित करने के वास्ते सम्मानित किया गया है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि महामारी के दौरान, ‘रेडियो फॉर चाइल्ड' ने कोविड-19, टीकाकरण एवं बच्चों पर इसके प्रभाव पर रचनात्मक कार्यक्रम को प्रोत्साहित करने के लिए समूचे भारत के दो हजार से अधिक रेडियो पेशेवरों को जोड़ा था। कोविड-19 महामारी की वजह से बच्चों का आवश्यक टीकाकरण नहीं हो सका। वे ऐसी बीमारियों के प्रति संवेदनशील हुए हैं जिन्हें टीकाकरण से रोका जा सकता है। यूनिसेफ इंडिया की संचार प्रमुख ज़फरीन चौधरी ने कहा कि ‘रेडियो फॉर चाइल्ड' मंच के जरिए रेडियो पेशेवरों और आरजे (रेडियो जॉकी) के साथ मिलकर बच्चों को प्रभावित करने वाली समस्याओं को सामने लाने का कार्य लगातार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत में बच्चों के टीकाकरण में काफी सुधार हुआ है, लेकिन शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में हाशिए पर पड़े समुदायों में टीकाकरण कवरेज में अब भी अंतर है। महाराष्ट्र सरकार के राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ सचिन देसाई ने कहा कि बच्चों समेत सभी लोगों का टीकाकरण और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का सरकार का काम अब पहले से कहीं अधिक अहम हो गया है।
-
नयी दिल्ली। विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी की पनामा, होंडुरास और चिली की हालिया यात्रा से भारत के साथ इन देशों के द्विपक्षीय संबंधों को नयी गति मिली। विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में यह बात कही। लेखी ने 28 अप्रैल से पांच मई के बीच तीनों देशों की यात्रा की।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ''पनामा, होंडुरास और चिली की यात्रा ने मध्य और दक्षिण अमेरिका के इन देशों के साथ भारत के संबंधों को नई गति प्रदान की।'' अपनी यात्रा के पहले पड़ाव में लेखी ने 28 अप्रैल से एक मई के बीच पनामा की यात्रा की और इस दौरान विदेश मंत्री इरिका एम. से मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि दोनों पक्ष व्यापार एवं निवेश, स्वास्थ्य एवं फार्मा, सूचना प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष और संस्कृति के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर सहमत हुए। वहीं, लेखी ने एक से तीन मई के बीच अपनी होंडुरास यात्रा के दौरान राष्ट्रपति आइरिस शियोमारा कास्त्रो सर्मिएन्टो से मुलाकात की। लेखी ने होंडुरास के कार्यकारी विदेश मंत्री एंटोनियो गार्सिया से भी मुलाकात की। विदेश मंत्रालय ने कहा कि लेखी और गार्सिया ने विभिन्न द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर चर्चा की। वहीं, चिली की यात्रा के दौरान लेखी ने विदेश मंत्री एंटोनियो उरेजोला से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।



























