- Home
- देश
-
मुंबई। महाराष्ट्र में सोमवार को उद्धव सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हुआ। एनसीपी के अजित पवार एक बार फिर राज्य के उपमुख्यमंत्री बने। पहली बार आदित्य ठाकरे ने भी कैबिनेट मंत्री की जिम्मेदारी संभाली।कांग्रेस, एनसीपी और शिवसेना के खाते से कुल 36 नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली। मंत्रिमंडल में कुल 25 ने कैबिनेट मंत्री, 10 ने राज्य मंत्री और एक ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली।
इन नेताओं ने ली मंत्री पद की शपथ
1. अजित पवार, उपमुख्यमंत्री (एनसीपी)
2. अशोक चव्हाण, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
3. दिलीप वल्से पाटिल, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
4. धनंजय मुंडे, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
5. विजय वडेट्टीवार, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
6. अनिल देशमुख, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
7. हसन मश्रीफ, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
8. वर्षा गायकवाड़, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
9. राजेंद्र शिंगणे, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
10. नवाब मलिक, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
11. राजेश टोपे, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
12. केदार सुनील छत्रपाल, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
13. संजय राठौड़, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
14. गुलाब राव पाटिल, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
15. अमित देशमुख, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
16. भूसे दादाजी, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
17. जितेंद्र आव्हाड, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
18. संदीपन भुमरे, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
19. बालासाहेब पाटिल, कैबिनेट मंत्री (एनसीपी)
20. यशोमति ठाकुर, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
21. अनिल परब, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
22. उदय सामंत, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
23. केसी पाडवी, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
24. शंकर राव गडाख, कैबिनेट मंत्री (निर्दलीय विधायक, शिवसेना समर्थित)
25. असलम शेख, कैबिनेट मंत्री (कांग्रेस)
26. आदित्य ठाकरे, कैबिनेट मंत्री (शिवसेना)
इन नेताओं ने ली राज्य मंत्री पद की शपथ
1. अब्दुल सत्तार
2. बंटी पाटिल
3. शंभूराज देसाई
4. बच्चू कडू
5. विश्वजीत कदम
6. दत्तात्रेय भरणे
7. अदिति तटकरे
8. संजय बनसोंडे
9. प्राणक्त तनपुरे
10. राजेंद्र पाटिल
-
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई है। हादसे में पांच लोग घायल भी हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों में दो नाबालिग भी शामिल हैं। कार सवार सभी लोग हयातनगर संभल से दिल्ली गृह प्रवेश के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा दनकौर थानाक्षेत्र के खेरली गांव के पास हुआ। रविवार देर रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक अर्टिगा कार संभल से दिल्ली जा रही थी, थाना दनकौर इलाके के खेरली नहर में गिर गई है। कार में कुल 11 लोग सवार थे। हादसे में सभी लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि पांच लोग घायल हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि इस कार के साथ एक और कार जा रही थी, जिसमें इनके परिवार वाले थे। सभी के परिजन और परिचित साथ हैं। मृतकों में महेश पुत्र महेन्द्र उम्र 35 वर्ष, किशनलाल पुत्र छोटे उम्र 50 वर्ष, नीरेश पुत्र रामदास उम्र 17 वर्ष, राम खिलाड़ी पुत्र रामफल उम्र 75 वर्ष, मल्लू पुत्र झासन उम्र 12 वर्ष, नेत्रपाल पुत्र गजराम उम्र 40 वर्ष के रूप में हुई है। ये सभी संभल जिले के रहने वाले थे। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि पिछले छह महीने में 17वीं लोकसभा के दोनों सदन बहुत ही उत्पादक रहे हैं जहां लोकसभा ने 114 प्रतिशत और राज्यसभा ने 94 प्रतिशत काम किया जिसके लिए दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारी, सभी राजनीतिक दल और सभी सांसद बधाई के पत्र हैं।
आकाशवाणी पर प्रसारित ‘मन की बात’ कार्यक्रम में अपने संबोधन में उन्होंने कहा, ‘‘हमारी संसद को, लोकतंत्र के मंदिर के रूप में हम जानते हैं. एक बात का मैं आज बड़े गर्व से उल्लेख करना चाहता हूं कि आपने जिन प्रतिनिधियों को चुन करके संसद में भेजा है, उन्होंने पिछले 60 साल के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं. पिछले छह मास में, 17वीं लोकसभा के दोनों सदन, बहुत ही उत्पादक रहे हैं।’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि लोकसभा ने 114 प्रतिशत काम किया, तो राज्य सभा ने 94 प्रतिशत काम किया. इससे पहले, बजट-सत्र में, करीब 135 फ़ीसदी काम किया गया था और देर-देर रात तक संसद चली. मोदी ने कहा कि सभी सांसद इसके लिए बधाई और अभिनंदन के पात्र हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आपने जिन जन-प्रतिनिधियों को भेजा है, उन्होंने, 60 साल के सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं. इतना काम होना, अपने आप में, भारत के लोकतंत्र की ताकत का भी, और लोकतंत्र के प्रति आस्था का भी परिचायक है।
मोदी ने कहा, ‘‘मैं दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों, सभी राजनीतिक दलों को, सभी सांसदों को, उनकी इस सक्रिय भूमिका के लिए बहुत-बहुत बधाई देना चाहता हूं.’’
पीएम ने की स्वदेशी उत्पादों के इस्तेमाल की अपीलप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से अपील की कि वे भारत की आजादी की 75वीं वर्षगांठ पूरी होने तक अगले तीन साल स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा दें. मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने की अपील की और कहा कि दूसरों को भी स्थानीय उत्पाद खरीदने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा, ‘‘मेरे प्यारे देशवासियो क्या हम संकल्प ले सकते हैं कि 2022 तक जब आजादी के 75 वर्ष पूरे होंगे, इन 2-3 साल हम स्थानीय उत्पाद खरीदने के आग्रही बनें?’’
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘भारत में बना, हमारे देशवासियों के हाथों से बना, हमारे देशवासियों के पसीने की जिसमें महक हो, ऐसी चीजों को हम खरीदने का आग्रह कर सकते हैं क्या? मैं लंबे समय के लिए नहीं कहता हूं, सिर्फ 2022 तक. आजादी के 75 साल हों, तब तक.’’ मोदी ने कहा कि यह काम सिर्फ सरकार द्वारा नहीं किया जाना चाहिए, बल्कि देशभर में युवाओं को आगे आना चाहिए।
-
नई दिल्ली। 67 वर्षीय कोचनियान मेनन और 65 वर्षीय लक्ष्मी अम्मल विवाह सूत्र में बंध गए है। ओल्ड एज होम के सुप्रीटेंडेंट जयकुमार मीडिया को बताया कि बुजुर्गो का भव्य समारोह मेें विवाह कराया। लक्ष्मी अम्मल और कोचनियान 30 साल से एक-दूसरे को जानते हैं और कुछ साल पहले दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था। कोचनियान लक्ष्मी अम्मल के पति के असिस्टेंट थे, जिनका निधन 21 साल पहले हो गया था। पति की मौत के बाद वह अपने रिश्तेदारों के साथ थीं और दो साल पहले ओल्ड एज होम आ गईं। दो महीने पहले कोचनियान भी इसी ओल्डएज होम में आए। दोनों के बीच दोस्ती हुई और फिर विवाह सूत्र में बंधने का निर्णय लिया। लक्ष्मी अम्मल ने कहा कि यह भगवान् का आशीर्वाद है। “हमें नहीं पता कि हम कितने वक्त तक साथ रहेंगे क्योंकि हम बहुत बूढ़े हो चुके हैं। लेकिन हम खुश है कि कोई अब मेरे पास है। विवाह समारोह में राज्य के कृषि मंत्री वीएस सुनील कुमार ने शिरकत की। nवीएस सुनील कुमार ने कहा “यह मेरे जीवन के सबसे सुखद क्षणों में से एक था। कोचनियान और लक्ष्मी अम्मल की शादी हमेशा एक यादगार पल होगा। प्रबंधन, सामाजिक कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने इस शादी को यादगार बना दिया है। राज्य के इस वृद्धाश्रम में यह पहली शादी है। 67 वर्षीय दूल्हा और 65 वर्षीय दूल्हन मंडपम में6 प्रवेश करते समय बहुत खुश लग रहे थे।. मैं दिल से चाहता हूं कि उनका विवाहित जीवन खुशहाल और शांतिपूर्ण हो।
-
केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने आज कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, सीआरपीएफ ने 1980 और 1990 के दशकों में पंजाब और त्रिपुरा से आतंकवाद को समाप्त करने और सीमावर्ती राज्यों मे पूरी शांति बहाल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। नई दिल्ली में सीआरपीएफ मुख्यालय के शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पड़ोसी देशों ने देश को विखंडित करने के लिए युवाओं को दिग्भ्रमित करने के द्वारा दो राज्यों में आतंकवाद भड़काने की कोशिश की लेकिन उनकी सभी कोशिशें सीआरपीएफ द्वारा बेअसर कर दी गईं।श्री शाह ने कहा कि चाहे नक्सलवाद या दंगे की स्थिति से निपटना हो या जम्मू-कश्मीर में शांतिपूर्ण तरीके से अमरनाथ यात्रा का संचालन करना हो या भारत की संसद को सुरक्षाचक्र उपलब्ध कराना हो, सीआरपीएफ के जवान हमेशा आग्रणी बने रहते हैं।अर्ध सैन्य बलों के कल्याण के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री ने कहा कि अगस्त-सितम्बर, 2020 तक ऐसी सभी योजनाओं को अंतिम आकार दे दिया जाएगा, उनमें प्रमुख कदम यह होगा कि सभी जवान 365 दिनों में से कम से कम 100 दिन अपने परिजनों के साथ व्यतीत करेंगे। एक कमेटी इस पर काम कर रही है और इस योजना को शीघ्र कार्यान्वित करने के लिए सैन्य बलों के महानिदेशकों से सुझाव मांगे जा रहे हैं। श्री शाह ने कहा कि गृह मंत्रालय जवानों के परिजनों को स्वास्थ्य जांच और अन्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए इलेक्ट्रॉनिक स्वास्थ्य कार्ड उपलब्ध कराने हेतु एम्स के साथ बातचीत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यात्रा एवं परिवहन के लिए एयर कैरियर सुविधाओं का विस्तार, त्वरित पदोन्नति के लिए 35 हजार से अधिक रिक्तियों का सृजन, नए पुरस्कारों का गठन और सीआरपीएफ के महानिदेशक को अधिक प्रशासनिक और वित्तीय अधिकारों की घोषणा इस दिशा में उठाए गए महत्वपूर्ण कदम हैं।श्री शाह ने कहा कि मोदी सरकार का यह मंत्र है कि जवान सरहदों की सुरक्षा का ध्यान रखें, उनके परिवार के कल्याण का ध्यान रखना सरकार की जिम्मेदारी है।श्री शाह ने अक्तूबर, 1959 में चीन के साथ और 1965 में गुजरात के कच्छ की सरदार चौकी पर युद्ध सहित आंतरिक सुरक्षा कर्तव्यों पर लगभग 2184 सीआरपीएफ जवानों द्वारा सर्वोच्च बलिदान का स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें विश्व के सबसे बड़े और सबसे बहादुर बल के नए मुख्यालय का उद्घाटन करते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने बताया कि 2019 में भी सीआरपीएफ ने 75 बहादुरी पदक प्राप्त किए, जो किसी भी बल के लिए सर्वाधिक है।श्री शाह ने कहा कि 280 करोड़ की लागत से बने नए भवन में सभी आधुनिक और हरित सुविधाएं होंगी। इसके अतिरिक्त, साढ़े तीन लाख संख्या वाले इस बल की संचालनगत क्षमता को बढ़ाने के लिए आधुनिक प्रशिक्षण मॉड्यूल के साथ प्रभावी नियंत्रण एवं कमान प्रणाली भी होगी।गृह मंत्री ने आम जनों तथा बेहद महत्वपूर्ण व्यक्तियों (वीआईपी) को सुरक्षा प्रदान करने में लगे जवानों के लिए एक नया लोगो ‘गरुड़’भी लॉन्च किया और कहा कि यह उन्हें एक नई पहचान देगा।
-
हिन्दुओं का पवित्र तीर्थ स्थल गंगा सागर पर ग्लोबल वार्मिंग का जबरदस्त असर हुआ है | यहां स्थित कपिलमुनि आश्रम मंदिर के चारों ओर समुद्र का पानी दिनों दिन बढ़ रहा है | अंदेशा जाहिर किया जा रहा है कि जिस तेजी से समुद्री जल में बढ़ोत्तरी हो रही है , उससे कहीं ऐतिहासिक कपिलमुनि आश्रम डूब ना जाएं | विशेषज्ञ इसे ग्लोबल वार्मिंग से जोड़कर देख रहे है | मकर संक्राति पर लाखों श्रद्धालु गंगा सागर में जुटते है | एक अनुमान के अनुसार गंगा सागर तीर्थ में यूँ तो सालाना लाखों लोग आते है , लेकिन मकर संक्रांति के दिन यहां श्रद्धालुओं की संख्या 12 से 15 लाख के लगभग होती है | गंगा सागर में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु कपिलमुनी आश्रम मंदिर में दर्शन करते है | लेकिन अब जन भावनाओं से जुड़े गंगासागर स्थित कपिलमुनि मंदिर का अस्तित्व खतरे में पड़ता जा रहा है |जानकारों के मुताबिक समुद्र के बढ़ते जलस्तर से बंगाल की खाड़ी के अंतर्गत सागर तट पर स्थित इस मंदिर पर खतरा मंडराने लगा है | विशेषज्ञों के अनुसार गत महीने चक्रवाती तूफान बुलबुल के बाद एक तरफ समुद्र का जलस्तर तेजी से बढ़ता जा रहा है | लिहाजा निकट भविष्य में समुद्र का जल कपिलमुनि मंदिर की चौखट को पर कर सकता है | यदि ऐसा हुआ तो इस मंदिर के अस्तित्व पर सवालियां निशान लग जाएगा |
चेन्नई विश्वविघालय के विशेषज्ञ इंजीनियरों की टीम ने हाल ही में इस मंदिर के इर्द गिर्द बढ़ते जल स्तर की समीक्षा की है | इस खतरे को भांपते हुए शहरी विकास विभाग, पर्यावरण विभाग, गंगासागर- बकखाली विकास बोर्ड और दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन के प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श भी हुआ | इस बैठक में समुद्र के बढ़ते जलस्तर के खतरे से मंदिर को बचाने के लिए कपिलमुनि मंदिर से 2.5 किमी के दायरे में समुद्र तट पर कंक्रीट की दीवार बनाने पर सहमति व्यक्त की गई | विशेषज्ञों ने स्पष्ट कर दिया है कि दीवार निर्माण का काम 2020 के दिसंबर तक पूरा करना अनिवार्य है | अन्यथा मंदिर को नुकसान हो सकता है | इस बार 14 जनवरी 2020 को आयोजित मकर संक्रांति महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए अभी से श्रद्धालुओं का जत्था गंगा सागर पहुँचने लगा है |
-
यह साल तो बारिश के लिहाज से धमाकेदार रहा। मानसून की बारिश ने देश भर को तरबतर कर दिया। साल के आखिरी महीने में भी बैमौसम बारिश ने आमद दी। मौसम के जानकारों का अनुमान है कि नए साल 2020 का आगाज कुछ राज्यों के लिए बारिश के साथ होने वाला है। अगले 24 घंटों में भी कुछ स्थानों पर बारिश होगी। पिछले दो दिन से सर्दी ने अपना असर दिखाना शुरू किया है। ऐसे में बारिश के चलते ठंड गहरा सकती है। आइये जानें देश में मौसम का क्या अनुमान है।
1 जनवरी व 2 जनवरी को पंजाब और हरियाणा के अलग-अलग हिस्सों में बारिश की संभावना है। यहां गरज के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं।
– नई दिल्ली के कुछ अलग-थलग इलाकों में 1 और 2 जनवरी को बारिश के साथ ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। दिल्ली के पालम और सफदरगंज में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी भारत के कई शहरों में बारिश हो सकती है। यहां काकीनाड़ा, मछलीपट्टनम, नेल्लोर, तिरुपति, कुरनूल, अनंतपुर, हैदराबाद, महबूब नगर, विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा जैसी जगहों पर गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने की संभावना है। गरज व चमक के साथ छींटे भी पड़ सकते हैं।– अगले 24 से 48 घंटों के दौरान महाराष्ट्र के नागपुर, अकोला, अमरावती, गोंदिया, चंद्रपुर, नांदेड़, लातूर, परभणी और औरगांगाद आदि स्थानों पर बारिश की संभावना है।1 जनवरी के आसपास तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के उत्तरी भागों में बादल छाएंगे जो बारिश लाएंगे। इसके बाद यहां दिन के तापमान में कमी महसूस की जाएगी।– साल के अंत तक महाराष्ट्र के विदर्भ, मराठवाड़ा, मुंबई, नागपुर और पुणे में बेमौसम बारिश हो सकती है। हालांकि यह बारिश हल्की रहेगी लेकिन इससे कंपकंपी बढ़ेगी।– 1 जनवरी को श्रीनगर, शिमला, नैनीताल, कुल्लू, मनाली, पटनीटॉप, उत्तरकाशी, चमोली, और कई अन्य आस-पास के इलाकों सहित कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।अगले दो दिनों में आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, मराठवाड़ा, दक्षिण मध्य महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तरी केरल, खाड़ी द्वीप समूह और लक्षदीप क्षेत्र के दक्षिणी हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
नए साल में बिहार में भी बारिश की संभावना है। अनुमान है कि 1 और 2 जनवरी को राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश देखी जा सकती है।
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए यूनिवर्सिटी बनाया जाएगा। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार ने यह फैसला लिया है। इसका मकसद ट्रांसजेंडर समुदाय को कक्षा एक से स्नातकोत्तर (पोस्ट ग्रेजुएशन) तक की पढ़ाई की सुविधा मुहैया कराना है। साथ ही वे शोध और पीएचडी की डिग्री भी हासिल कर सके। अपनी तरह का यह देश का पहला यूनिवर्सिटी होगा। यह विश्वविद्यालय उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के फजीलनगर ब्लॉक में बनेगा। इसे अखिल भारतीय किन्नर शिक्षा सेवा ट्रस्ट बनाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. कृष्ण मोहन मिश्रा ने बताया कि यह अपनी तरह का देश का पहला विश्वविद्यालय होगा, जहां ट्रांसजेंडर समुदाय के छात्र शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अगले साल 15 जनवरी से इस यूनिवर्सिटी में छात्रों को दाखिला मिलेगा। फरवरी-मार्च से कक्षाएं शुरू हो जाएंगी। मिश्रा ने कहा कि विश्वविद्यालय में ट्रांसजेंडर समुदाय कक्षा एक से स्नातकोत्तर तक की पढ़ाई कर सकेंगे। यहां तक कि शोध भी कर सकेंगे और पीएचडी की डिग्री प्राप्त कर सकेंगे। विधायक गंगा सिंह कुशवाहा ने कहा कि समुदाय के सदस्य शिक्षा प्राप्त करेंगे। देश को एक नई दिशा देने में सक्षम होंगे।
-
अलवर। शाहजहांपुर से सटी हरियाणा सीमा में बावल के पास शनिवार सुबह करीब दो दर्जन वाहन कोहरे के कारण टकरा गए। हादसे में 2 व्यक्ति की मौत हो गई। करीब 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को रेवाड़ी और बावल जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार देर रात से ही क्षेत्र में कोहरे छाया हुआ था। जिसकी वजह से सबसे ज्यादा वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कम विजिबिलिटी की वजह से हरियाणा की सीमा बावल क्षेत्र में हाइवे पर 2 दर्जन से अधिक वाहन आपस में एक के बाद एक भिड़ते चले गए। घायलों को मशक्कत के बाद निकाला गया। कोहरे के कारण हादसे के बाद हाइवे पर लंबा जाम लग गया। पेट्रोलिंग और पुलिस की टीम के द्वारा क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हाइवे से हटाया गया, जिसके कारण ट्रैफिक रेंग कर चल रहा है। -
पत्नी के नाम कई कंपनियां मिली
1985 बैच के आईएएस अफसर हैं गुप्ता
अहमदाबाद । ED ने एक अहम कार्यवाही करते हुए गुरुवार को पूर्व आईएएस संजय गुप्ता व उनकी पत्नी नीलू गुप्ता की 36 करोड़ 12 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की है। प्रवर्तन निदेशालय ED ने इस कार्यवाही में नीसा ग्रुप ऑफ कंपनीज की आधा दर्जन कंपनी व फर्म, उनके 4 फ़लैट, कैम्बे होटल, चांगोदर, विसापुर, दस्क्रोई की फैक्टरी व प्लाॅट आदि को अहमदाबाद प्रवर्तन निदेशालय ने जब्त कर लिया है। ईडी ने गुप्ता दंपती की 36 करोड़ 12 लाख की संपत्ति जब्त की है।
भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 1985 बैच के अधिकारी रहे गुप्ता ने वर्ष 2002 में नौकरी छोड़कर आतिथ्य सेवा (हॉस्पिटैलिटी) का कारोबार शुरू किया था, जिसका नाम नीशा ग्रुप ऑफ कंपनीज है। ईडी ने उनके खिलाफ मेट्रो लिंक एक्सप्रेस फॉर गांधीनगर एंड अहमदाबाद कंपनी लिमिटेड (एमईजीए) से संबंधित गबन तथा आपराधिक कदाचार के मामले में मुकदमा दर्ज किया है। गुप्ता अप्रैल 2011 से अगस्त 2013 के बीच एमईजीए के चेयरमैन थे।आरोपी संजय गुप्ता 1985 बैच के गुजरात कैडर के आईएएस अधिकारी हैं जिन्होंने 2002 में अपनी नौकरी से इस्तीफा दे दिया था. इसके बाद उन्होंने नीसा ग्रुप ऑफ कंपनीज के नाम से अपना हॉस्पिटलटी का बिजनेस शुरू किया था. बाद में अप्रैल 2011 में उन्हें MEGA का चेयरमैन बना दिया गया था. इस पद वे गुप्ता 2013 तक रहे.ईडी का आरोप है कि इन फर्जी कंपनियों की तरफ से बिना किसी सप्लाई के फर्जी बिल तैयार किए गए. ईडी का कहना है, “जांच में सामने आया है कि संजय गुप्ता ने MEGA में नियुक्तियों के लिए कभी कोई विज्ञापन मीडिया में जारी नहीं किया न ही तय प्रक्रिया का पालन किया. सामानों की सप्लाई के लिए फर्जी कंपनियों से कॉन्ट्रैक्ट दिखाया गया और फर्जी बिल बनाए गए. इन बिलों को MEGA के अधिकारियों ने मंजूरी दी और अंतत: गुप्ता ने इन्हे पास किया. इस पद पर रहते हुए प्रशासनिक और आर्थिक शक्ति गुप्ता के ही पास थी, जिसका उन्होंने दुरुपयोग किया”. -
नई दिल्ली। देश की राजधानी सहित पूरा उत्तर भारत में इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। कई इलाके शीतलहर की चपेट में हैं। दिल्ली में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। आज राजधानी में इस साल का सबसे ठंडा दिन है और न्यूनतम तापमान 4.7 डिग्री पर पहुंच गया है। दिल्ली में दिसंबर की ठंड कई रिकॉर्ड तोड़ रही है। सर्दी का आलम यह है कि 118 साल बाद ऐसा हो सकता है कि दिसंबर के महीने में दिल्ली में सबसे ज्यादा सर्दी पड़ी हो। 1901 के बाद दूसरी बार राज्य में सबसे तेज सर्दी पडऩे जैसे हालात बनने लगे हैं। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में साल के आखिरी दिन 31 दिसंबर को तापमान में और भी गिरावट दर्ज हो सकती है। दिल्ली में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री रहा था, जबकि अधिकतम तापमान 13.4 डिग्री मापा गया था जो कि सामान्य से 7 डिग्री कम रहा। भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक देश के कई राज्यों में तेज ठंड पड़ेगी। इसमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के साथ राजस्थान यूपी भी शामिल हैं। इन राज्यों में अगले 2 दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ सकती है। इसके अलावा उत्तरपूर्वी राज्यों में अगले 4 से 5 दिनों तक तक ऐसे हालात रह सकते हैं।
नए साल में हिल स्टेशनों पर भारी बर्फबारी हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक 3 जनवरी तक हिल स्टेशनों में जमकर बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही पहाड़ी इलाकों में भी बर्फबारी की आशंका जताई जा रही है। राजस्थान के फतेहपुर में रात का तापमान 0 से 3 डिग्री के बीच और सीकर में 0 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। कई इलाकों में रात का तापमान एक डिग्री सेल्सियस से पांच डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है।
हिमाचल, कश्मीर में हालत खराब
हिमाचल प्रदेश और कश्मीर में भी जमकर ठंड पड़ रही है। बर्फबारी होने की वजह से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया है। बता दें कि पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की वजह से नजदीकी मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पडऩे लगी है। जो नए साल में भी जारी रहेगी।
--- -
रायपुर। छत्तीसगढ़ में राजधानी समेत कई इलाके में जिस तरह से मौसम करवट ले रहा है. उससे ठंड पूरी तरह प्रभावित हो रही है. सर्दी के इस मौसम में जिस तरह से कड़ाके की ठंड पड़ना चाहिए उस तरह का असर देखने को नहीं मिल रहा है. वहीं रायपुर में गुरूवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ दिख रहा है. सुबह से ही शहर के कई हिस्सों में बूंदा-बांदी देखने को मिली है तो वहीं बादल पूरी छाए हुए हैं.
मौसम में बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण देखने को मिल रहा है. 24 घंटो तक बादल छाए रह सकते हैं. तो वहीं हल्की बूंदा-बांदी भी हो सकती है. पिछले दो महीने से ठंड को रोकने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर अभी भी जारी है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार उत्तरी छत्तीसगढ़ में ओले पड़ने के भी आसार हैं. मिनिमम तापमान में गिरावट नहीं आएगी.
मौसम वैज्ञानिक एसके अवस्थी ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण ऐसी स्थिती बनी हुई है. आने वाले दो दिनों तक मौसम ऐसे ही रहेगा. इसके कारण प्रदेश में हल्की बारिश होगी और कोहरा छाए रहने के भी आसार है. इसके साथ ही उत्तरी छग में ओले पड़ने की भी संभावना है. बादल छटने के बाद ही ठंड बढ़ेगी.
छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों का तापमान
रायपुर 29.8 डिग्री सेल्सियस
बिलासपुर 28.3 डिग्री सेलसियस
पेंड्रा रोड 25.0 सेल्सियस
अंबिकापुर 23.3 डिग्री सेल्सियस
जगदलपुर 30.2 डिग्री सेल्सियस
दुर्ग 30.4 डिग्री सेल्सियस
राजनांदगांव 29.2 डिग्री सेल्सियस
-
रायपुर। 2019 का सबसे बड़ा और आखिरी सूर्य ग्रहण शुरू हो चुका है. इससे पहले इस साल 6 जनवरी और 2 जुलाई को आंशिक सूर्यग्रहण लगा था. यह सूर्य ग्रहण खंडग्रास वलयाकार ग्रहण है. राजधानी रायपुर में सूर्यग्रहण को लोग उत्सव के रूप में मना रहे हैं. नगर निगम में इस मौके पर विज्ञान सभा द्वारा सूर्य उत्सव का आयोजन किया गया है. सूर्य ग्रहण की रोमांचक खगोलीय घटना को दिखाने टेलीस्कोप लगाया गया है. यहां खगोलीय घटनाओं में रूचि रखने वालों को ग्रहण का नजारा दिखाने के लिए टेलीस्कोप लगाया गया है.हालांकि बादल छाए रहने की वजह से स्पष्ट रूप से सूर्यग्रहण नहीं दिखाई दे रहा है. यहां बच्चों के मनोरंजन के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता भी रखी गई हैं. विज्ञान सभा से आये विशेषज्ञों ने लोगो में सूर्यग्रहण को लेकर फैले भ्रम को लोगों के सवालों के जवाब के माध्यम से दूर किया जा रहा है. सूर्यग्रहण के संबंध में वैज्ञानिकों और लोगो सवाल-जवाब का कार्यक्रम रखा गया. इस दौरान वैज्ञानिकों ने लोगों के मन में सूर्यग्रहण को लेकर कई तरह की पल रही मान्यताओं का वैज्ञानिक द्रष्टिकोण से समाधान किया गया.विज्ञान सभा से जुड़े डॉक्टर केबी बंसोड़े ने बता कि सूर्यग्रहण जो हो रहा है यह एक खगोलीय घटना हैं. इसको लेकर भारत मे अलग- अलग तरह की मान्यताएं है कि हमको यह नहीं करना चाहिए,खाना नहीं खाना चाहिए. गर्भवती महिलाओं को बाहर नहीं निकलना चाहिए. यह जो भ्रम लोगों में है उसको दूर करने के लिए विज्ञानसभा ने एक कार्यक्रम रखा है. इसमे हम यह बताना चाहते है कि यह घटना बेसिकली खगोलीय घटना है. इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं. इसको हम लोगो को एन्जॉय करना चाहिए. इससे शरीर और हमारे एक्टिविटी पर कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता. यह सिर्फ भारत में नहीं कई सारे देशों में पड़ रहा है. बता दें कि नासा ने सूर्य ग्रहण लगने से पहले एक चेतावनी जारी की है कि इसे नग्न आंखों से देखने का प्रयास न करें. इसे देखने के लिए सनग्लास का इस्तेमाल करना सही होगा. इसके अलावा इसे ऑनलाइन भी देखा जा सकता है.
-
, मुख्यमंत्री रहते कार्यक्रम में हो चुके हैं शामिल
रायपुर- पंडित सुंदरलाल शर्मा की जन्मतिथि पर सियासी बखेड़ा खड़ा हो गया है. पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी ने छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से जयंती के मौके पर अखबारों में छपवाए गए विज्ञापन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि जयंती पांच दिन पहले थी. जोगी ने कहा कि 1916 में छत्तीसगढ़ को राज्य बनाने की सबसे पहले मांग करने वाले सुंदरलाल शर्मा का यह घोर अपमान है. उन्होंने कहा कि कंडेल सत्याग्रह में बापू (महात्मा गांधी) ने उन्हें अपना गुरू माना था. जोगी ने मांग की है कि गलत विज्ञापन जारी करने के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को माफी मांगी जानी चाहिए.
हालांकि इस ट्वीट के सामने आने के बाद पंडित सुंदरलाल शर्मा जयंती समारोह का आयोजन करने वाली समिति ने अजीत जोगी की टिप्पणी पर कहा है कि यह कोई सियासी मुद्दा नहीं है, जिस पर इस तरह की टिप्पणी आनी चाहिए. पंडित सुंदरलाल शर्मा को यह याद किए जाने का मौका है. उनके कार्यों को चिरस्थायी बनाने का अवसर है. उन्होंने छत्तीसगढ़ के लिए बहुत कुछ ऐसा किया है, जिस पर चर्चा कर संदर्भों को पोषित किए जाने की जरूरत है. वर्ष 1980 से हर साल जयंती समारोह का आयोजन करने वाले सुभाष शर्मा ने कहा कि पंडित सुंदरलाल शर्मा का जन्म पौष कृष्ण अमावस्या को हुआ था. यह इत्तेफाक ही है कि उनकी पुण्यतिथि पौष कृष्ण अमावस्या ही है. इसलिए हर साल जयंती-पुण्यतिथि का आयोज इस तरह से किया जाता है.
सुभाष शर्मा ने कहा कि राज्य गठन के बाद जब अजीत जोगी पहले मुख्यमंत्री बने थे, उस वक्त 25 दिसंबर को पंडित सुंदरलाल शर्मा की जयंती के मौके पर आयोजन किया गया था. तब कार्यक्रम में वह बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए थे. ऐसे में उनकी यह टिप्पणी उचित नहीं है. सुभाष शर्मा ने कहा कि 1980 में अर्जुन सिंह भी ऐसे ही एक कार्यक्रम में रायपुर आ चुके हैं. तब भी पंडित सुंदरलाल शर्मा की जयंती को लेकर विवाद हुआ था कि जन्मतिथि 21 दिसंबर है या 28 दिसंबर. तब से यह विवाद चला आ रहा है. हालांकि पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में बनाए गए शोधपीठ ने यह तय किया है कि जन्मतिथि 21 दिसंबर को ही मनाया जाए. उन्होंने कहा कि चूंकि जन्म पौष कृष्ण अमावस्या को हुआ था, ऐसे में तारीखों के विवाद में पड़ना ही नहीं चाहिए.
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से जोगी के माफी मांगे जाने की मांग पर सुंदरलाल शर्मा जयंती समारोह का आयोजन करने वाली समिति बोली, कन्फ्यूज हैं अजीत जोगी, मुख्यमंत्री रहते खुद शामिल हुए थे
-
रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस काॅलेज मैदान में तीन दिवसीय राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव का शुक्रवार से आगाज होने जा रहा है. इसी बीच बेलारूस और युगांडा के आदिवासी लोक कलाकार रायपुर पहुंच गए है. स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में संस्कृति विभाग के अधिकारियों ने उनको गुलाब का फूल देकर आत्मीय स्वागत सत्कार किया. इससे पहले अरुणाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश अन्य कलाकर आ चुके हैं.
बता दें कि कल शाम तक बाकी राज्यों के दल भी रायपुर पहुंच जाएंगे. रायपुर के साइंस काॅलेज में पहली बार आयोजित हो रहे राष्ट्रीय आदिवासी नृत्य महोत्सव में 25 राज्यों के आदिवासी एक ही समय पर एक स्थान में उपस्थित रहेंगे. 27 दिसंबर को शुभारंभ के अवसर पर लद्दाख, सिक्किम, अरूणाचल प्रदेश, बेलारूस और छत्तीसगढ़ के कलाकारों द्वारा रंगारंग प्रस्तुति दी जाएगी.
इस महोत्सव में बांग्लादेश, श्रीलंका, थाईलैंड, यूगांडा, बेलारूस और मालदीव देश के कलाकार भी शामिल हो रहे हैं. आयोजन में प्रतियोगिता होंगी और चार वर्गों में आयोजित होने वाले इन प्रतियोगिताओं में प्रत्येक वर्ग में प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरस्कार तो होंगे ही साथ ही कई सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किये जायेंगे.\
-
दंतेवाड़ा। पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हाथ लगी है. इसी के तहत 1 लाख के एक इनामी नक्सली समेत 5 नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया है. समर्पण किए गए नक्सली पुलिस पार्टी पर हमला करने जैसे कई बड़ी वारदातों को अंजाम देने में शामिल थे.
शासन की पुनर्वास नीति से हुए प्रभावित…
शासन की पुनर्वास नीति से प्रभावि होकर समाज की मुख्यधारा से जुडने माओवादियों ने हिंसा का रास्ता छोड़ा है. आत्मसमर्पण करने वाले नकसलियों में 1 लाख के ईनामी नक्सली मड़कम देवा भी शामिल है. अन्य के नाम मड़कम मासा (जनमिलिशिया सदस्य), सोना हेमला (ग्राम कमेटी सदस्य), सुकड़ा मंडावी (जनमिलिशिया सदस्य), धुर्वा सोरी (संघम सदस्य) ने सरेंडर किया है. ये सभी मलंगीर एरिया में सक्रिय थे. पोटाली कैम्प की सक्रियता के चलते सभी ने सरेंडर किया है.
जानकारी के मुताबिक पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव के समक्ष इन नक्सलियों ने समर्पण किया है. आत्मसमर्पण किए गए नक्सलियों ने समाज की मुख्यधारा में शामिल होने की इच्छा जाहिर की. साथ ही सरकार की पुनर्वास एवं आत्मसमर्पण नीति से प्रभावित होकर आत्मसमर्पण किया है. नक्सलियों के आत्मसमर्पण से नक्सली संगठन को बड़ा झटका लगा है. सभी आत्मसमर्पण करने वाले सभी नक्सलियों को 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि एसपी अभिषेक पल्लव ने दी है.
-
पाटन.शिशुवती माताओ को टीकाकरण समय पर नियमित टीकाकरण के लाभ व समय पर टीकाकरण नही कराने पर शिशुओं को होने वाले नुकसान के बारे में स्वास्थ्य विभाग के गा्मीण स्वास्थ्य संयोजक व शहरी स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रभारी बीईईटीओ सैय्यद असलम ने बताया कि पेंटा,रोटा वायरस,पोलियो की खुराक से नवजात शिशुओं को दस्त, निमोनिया, ओर शवसन संकमण से बचाव है अधिकांश नवजात शिशु पतले दस्त,व निमोनिया से मृत्यु हो जाते है। सैय्यद असलम ने उपस्थित नवजात की माताओं को बताया कि पैदाइश से एक वर्ष के भीतर बी सी जी का टीका लगाने से टी बी रोग से बचाव होता है जो माताऐ जन्म के समय से एक माह के भीतर ऐ टीका नही लगा पाती है ऐसे ही संतानों को बडे होकर टी बी रोग होने की प्रबल संभावना रहती हैं।इसी तरहा 9 माह की आयु पर खसरा का टीका लगाया जाता हैं जिससे सेंदरी माता ,चेचक,जैसे रोगो से रोकथाम है इसी टीके दूसरी खुराक डेढ वर्ष मे दी जाती है जिससे मिज्लस ,मम्स,रूबैला,जैसे रोगों से बचाव होता है साथ ही विटामिन ए की खुराक 9 माह की आयु से 5 वर्ष तक हर 6 माह के अंतराल मे दी जाती है जिससे बच्चों के शरीर को त्वचा, नेत्र,ओर बालो को लाभ मिलता है 5 वर्ष की आयु पर बुस्टर डोज डी पी टी की लगाने से गलघोंटू, काली खांसी, टेटनस ओर डिप्थीरिया जैसे गंभीर रोगों के बचाव की शक्ति शरीर मे पैदा होती है । शिशुवती माताऐ यदि समय समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूक रहेगी तो नवजात शिशुओं को भंयकर गंभीर रोगों के प्रति बचपन मे ही सुरक्षित कर सकते है ओर नवजात मृत्यु दर ,बाल मृत्यु दर मे कमी लाने मे हम अपनी भूमिका निभा सकते है। कार्यक्रम मे एएनएम श्रीमती सोनसीर देशलहरे, श्रीमती हेमलता निर्मलकर, दौ्पती ,हेमलता गीते,मधु सवई,नेहा साहू,भोज देशमुख, उमेशवरी, हर्षा मानिकपुरी, मितानीन रेहाना परवीन, मंजू, मुरली मनोहर वर्मा, यशवंत साहू,जे डी मानिकपूरी और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्योति का सहयोग रहा।
-
मैनेजर के नाम भेजा गया ऑनलाइन प्लास्टिक कचरा
अंबिकापुर। अम्बिकापुर में प्लास्टिक से लोगों को निजात दिलाने अनोखी मुहिम की शुरूआत की गई है. जिसके तहत एक किलो कचरे पर भरपेट भोजन खिलाने वाला गार्बेज कैफे पूरे शहर में तो मशहूर हो ही गया है. लेकिन अब गार्बेज कैफे इतना फेमस हो गया है कि यहां ऑनलाइन कचरा भेजा जा रहा है. यहां कैफे मैनेजर के नाम एक पार्सल आया है. उस पार्सल में लगभग दो किलो से कुछ अधिक प्लास्टिक वेस्टेज निकला है और यह पार्सल मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ से बाहर का बताया जा रहा है.
जिले के गार्बेज कैफे जोकि बनने से पहले ही सुर्खियों में था एक बार फिर यह सुर्ख़ियों में आ गया है यहां प्लास्टिक वेस्टेज के बदले में भोजन और नाश्ता दिया जाता है जोकि सरगुजा के जिले के अंबिकापुर बस स्टैंड में मौजूद है. जहां आए दिन शहर भर से 10 से 20 किलो का कचरा प्लास्टिक एकत्रित हो रहा है जिसे लोग लेकर गार्बेज कैफे पहुंचते हैं और भोजन और नाश्ता करते हैं 1 किलो प्लास्टिक देने पर भरपेट भोजन मिलता है और आधा किलो प्लास्टिक देने पर नाश्ता दिया जाता है.
पार्सल को लेकर अंबिकापुर के महापौर अजय तिर्की ने कहा पार्सल को जिसने भी भेजा है हम उसका धन्यवाद करते हैं. भविष्य में जब वह आएगा तो वह उनका धन्यवाद करेंगे और उन्हें जो प्लास्टिक के एवज में भोजन दिया जाता है वह दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि गार्बेज कैफे दूर-दूर तक फेमस हो गया है जहां अब ऑनलाइन प्लास्टिक कचरा अंबिकापुर के गार्बेज कैफे में भेजा जा रहा है.
-
, विमानतल सलाहकार समिति की बैठक में शामिल हुए सांसद सुनील सोनी…
रायपुर। लोकसभा सांसद सुनील सोनी की अध्यक्षता में गुरुवार को स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर के कांफ्रेंस हॉल में विमानतल सलाहकार समिति की बैठक हुई. बैठक के दौरान विमानतल एवं यात्रियों से सम्बंधित विषयों पर चर्चा हुई.सुनील सोनी की ओर से विमानतल से यात्रियों एवं कार्गों के लिए अंतर्राष्ट्रीय उड़ान देने पर जोर दिया गया, वहीं पार्किंग सम्बन्धित शिकायतों को यात्रियों की सुविधा अनुसार और बेहतर करने पर जोर दिया. इसके अलावा जमीन सम्बन्धित सभी मुद्दों को त्वरित सुलझाने का सुझाव दिया, जिससे यात्री सुविधाएं बेहतर की जा सके. बैठक में विमानपत्तन निदेशक के अलावा समिति के अन्य सदस्य मौजूद थे.
-
रायपुर. अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान रायपुर (एम्स) में बढ़ती मरीजों की संख्या को देखते हुए नए साल से अस्पताल में 160 बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा रही है. इसके अलावा 10 नए आपरेशन थियेटर भी शुरू होंगें. अब एक जनवरी से यह 960 बिस्तर वाला अस्पताल हो जाएगा. वर्तमान में 800 बेड से बढ़ाकर यह 960 बिस्तर के साथ प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा एम्स अस्पताल बन जाएगा जबकि 1200 बिस्तर के साथ डॉ. भीमराव आंबेडकर हॉस्पिटल पहले स्थान पर है.
मेडिसीन विभाग में मरीजों की बढ़ती संख्या के कारण आईपीडी जनरल वार्ड, आईसीयू वार्ड, केंसर वार्ड में 15-15 बेड बढाएं जा रहे हैं. वहीं टीबी और छाती रोग संबंधित वार्ड में बेड की संख्या 30 से बढाकर 55 की जायेगी. एम्स अस्पताल में कुल स्वीकृत बेड की संख्या 960 है जो 2020 में पूरी हो जायेगी. अस्पताल अधीक्षक डॉ करण पीपरे ने बताया केंसर वार्ड में रेडियोथेरपी और कीमोथेरपी लेने वाले मरीज जो दूर-दराज के गांव से आते हैं उनको बेहतर सुविधा देने के लिए बिस्तरों की संख्या बढ़ाई जा रही है.
10 नए ऑपरेशन थेयटर का होगा शुभारंभ
एम्स अस्पताल में आधुनिक सुविधाओं से लैस 10 नए ऑपरेशन थियेटर भी एक जनवरी से शुरु होंगे. एम्स अस्पताल में वर्तमान में 20 ऑपरेशन थियेटर में मरीजों का ऑपरेशन किया जाता है. डॉ. पीपरे ने बताया, नये ऑपरेशन थियेटर में कई नये उपकरण भी लगाए गए हैं. इससे सर्जरी, ईएनटी, आर्थो, डेंटल, न्यूरो सर्जरी विभागों को अलग-अलग ऑपरेशन थियेटर मिलने लगेंगें. ऑपरेशन थियेटर की संख्या 30 हो जाने से मरीजों को वेटिंग की समस्या से काफी राहत मिलेगी. मरीजों को बेहतर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इसे आधुनिक तकनीक से लैस किया गया है. आपरेशन थियेटर में नये-नये चिकित्सकीय उपकरण, आधुनिक सुविधा व्यवस्थित की गयी है. डॉ. पीपरे ने कहा, नये ऑपरेशन थियेटर बनने से लोगों को बेहतर शल्य चिकित्सा सेवा उपलब्ध होगी. आपात चिकित्सा के दौरान मरीजों को एम्स अस्पताल में बेहतर सर्जरी मिलने से अन्य राज्य जाने की परेशानी से बच जाएंगे.
-
नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की भी पुख्ता सुविधा
कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक में लिया गया निर्णय
भिलाईनगर। बाल गृह के बच्चों को आजीविकामूलक ट्रेनिंग मिलेगी। इन्हें कंप्यूटर सहित विविध विधाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि उनका कौशल विकास हो सके। कलेक्टर अंकित आनंद की अध्यक्षता में हुई जिला बाल संरक्षण समिति की बैठक में निर्णय लिया गया। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को कंप्यूटर सहित अन्य विधाओं में प्रशिक्षित किया जाए ताकि उन्हें हुनरमंद बनाया जा सके और भविष्य में उनके लिए आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराये जा सकें। कलेक्टर ने इस मौके पर कहा कि, बाल संरक्षण गृह में सप्ताह में दो बार स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा उपलब्ध कराएं। सभी बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके, इसके लिए लगातार मानिटरिंग करते रहें। उन्होंने जिला बाल संरक्षण ईकाई में रिक्त पदों की भर्ती की प्रक्रिया शीघ्रताशीघ्र पूरी करने के लिए भी अधिकारियों को निर्देशित किया। बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय यादव, जिला पंचायत सीईओ कुंदन कुमार एवं बाल संरक्षण समिति के सदस्य सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
कैंपस को अधिक सुरक्षित बनाने शासन को भेजेंगे प्रस्ताव-समिति ने बैठक में निर्णय लिया कि बाल संरक्षण गृह में बच्चों की सुरक्षा को मजबूत करने कैंपस को और सुरक्षित करने की जरूरत है। इसके लिए दीवार की ऊंँचाई बढ़ाने तथा कंटीले तार लगाने की व्यवस्था करनी होगी ताकि कैंपस बच्चों के लिए अधिक सुरक्षित हो सके। इसके लिए शासन को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। एसपी ने कहा कि, कैंपस में सुरक्षा उपायों को कार्यान्वित करने के दौरान समिति में आए सुझावों को भी ध्यान में रखते हुए मजबूत सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।
आंतरिक परीक्षा भी लें ताकि जानी जा सके शैक्षणिक प्रगति-कलेक्टर ने कहा कि, बच्चों को शिक्षा देने के साथ ही उनके स्तर और ज्ञान में अभिवृद्धि की नियमित जांँच भी जरूरी है। इसलिए समय-समय पर आंतरिक परीक्षा लें। उन्होंने कहा कि जिस विषय के शिक्षकों की कमी है। उस संबंध में तुरंत अवगत कराएं ताकि शिक्षा विभाग को इस संबंध में निर्देशित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बाल गृह में पढ़ाने वाले टीचर अपने सामान्य शिक्षण के अतिरिक्त यहाँ समय देंगे, इसलिए उनके लिए अतिरिक्त मानदेय की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
कारा के माध्यम से गोद ले सकते हैं बच्चे-जो दंपत्ति बच्चों को गोद लेना चाहते हैं वो कारा के माध्यम से आवेदन दे सकते हैं। अभी दुर्ग जिले में ऐसे चार बच्चे हैं जिन्हें गोद लिया जा सकता है। इसके लिए विस्तृत जानकारी हेतु जिला बाल संरक्षण अधिकारी से संपर्क किया जा सकता है। -
…..छुट्टी के लिए कलेक्टर से लेनी होगी स्पेशल अनुमति…जारी हुआ आदेश
रायपुर । नये साल के पहले दो महीने कर्मचारियों व शिक्षकों को छुट्टी के लिए मशक्कत करनी होगी। पंचायत चुनाव की आचार संहिता के मद्देनजर छुट्टियों पर बैन लगा दिया गया है। बिलासपुर से आदेश जारी हो चुका है, जबकि अन्य जिलों से जिला निर्वाचन पदाधिकारी अलग-अलग आदेश जारी कर छुट्टी पर बैन का निर्देश जारी कर रहे हैं। बिलासपुर से जारी निर्देश के मुताबिक छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग रायपुर द्वारा त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2019-20 हेतु निर्वाचन कार्यक्रम करने के साथ ही जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गयी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) द्वारा जिले में पंचायत निर्वाचन की प्रक्रिया समाप्त होने तक सभी शासकीय, अर्द्धशासकीय कार्यालयों तथा राज्य शासन के उपक्रमों के अधिकारियों, कर्मचारियों के सभी प्रकार के अवकाश प्रतिबंधित किया गया है।
जिले में कोई भी अधिकारी, कर्मचारीगण बिना कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) की अनुमति के अवकाश पर प्रस्थान नहीं करेंगे तथा मुख्यालय परित्याग नहीं करेंगे। किसी अधिकारी, कर्मचारी द्वारा बिना अनुमति के अवकाश पर प्रस्थान करने एवं बिना अनुमति के मुख्यालय परित्याग करने पर संबंधित जिला प्रमुख/कार्यालय प्रमुख जिम्मेदार होंगे।
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश समेत समूचा उत्तर भारत इन दिनों जबरदस्त शीतलहर की चपेट में है. ठंड के प्रकोप के चलते प्रदेश में बीते 48 घंटों में 38 लोगों की मौत हो गई है। अकेले कानपुर में 14 लोगों ने इस वजह से जान गंवाई है। हालांकि राज्य सरकार की तरफ से अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक इससे पहले 1997 में दिसंबर के महीने में इतनी लंबी शीतलहर चली थी। मौसम विभाग के मुताबिक अभी कुछ दिनों तक ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं है। 10 जनवरी के बाद ही हालात में सुधार की उम्मीद है।
इस बीच कड़ाके की ठंड को देखते हुए राज्य के कई जिलों में स्कूलों को 28 दिसंबर तक बंद कर दिया गया है। गाजियाबाद, मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर, रायबरेली, कौशांबी, बरेली समेत इन तमाम जिलों में स्कूलों में छुट्टियां घोषित कर दी गई हैं।
-
लखनऊ। यूपी की राजधानी और अटल बिहारी वाजपेयी की कर्मस्थली लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी की नींव रख दी है। यह उत्तर प्रदेश की पहली मेडिकल यूनिवर्सिटी होगी और इसका स्वरूप राष्ट्रीय फूल ‘कमल’ के आकार में होगा। यूनिवर्सिटी की 65 फीसदी एनर्जी सोलर पावर से होगी।
यूपी सरकार द्वारा जारी बुकलेट में इस बात का जिक्र है कि ये यूनिवर्सिटी राष्ट्रीय फूल ‘कमल’ की आकृति में विकसित किया जा रहा है, यूनिवर्सिटी में ऑडिटोरियम, एमपी थिएटर, लाइब्रेरी और प्ले ग्राउंड भी होगा। यूनिवर्सिटी के अंदर यूपी के 40 मेडिकल कॉलेज, 17 डेंटल कॉलेज, 299 नर्सिंग कॉलेज, 6210 मेडिकल स्टूडेंट्स, 2016 डेंटल स्टूडेंट्स, 12544 पैरा मेडिकल और नर्सिंग स्टूडेंट्स इनरोल किए जाएंगे।यूनिवर्सिटी के अंदर 1500 कैपेसिटी का एक ऑडिटोरियम होगा, साथ ही एक एमपी थिएटर भी बनाया जाएगा, जिसकी कैपेसिटी एक हजार होगी, इसके अलावा एक लाइब्रेरी होगी, जिसमें करीब 2 लाख किताबें होंगी, वहीं, कैंपस में 744 sq मीटर का प्ले ग्राउंड भी होगा।
बता दें कि पूर्व प्रधानमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता अटल बिहारी वाजपेयी की आज 95वीं जयंती है। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लखनऊ में लोकभवन में अटल बिहारी वाजपेयी के स्टैच्यू का अनावरण किया। वहीं, बुधवार सुबह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, पीएम मोदी समेत कई दिग्गजों ने सदैव अटल स्मारक पहुंच पूर्व पीएम को श्रद्धांजलि दी।
-
नयी दिल्ली. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री, राजनाथ ंिसह, भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी सहित अनेक मंत्रियों, सांसदों तथा नेताओं ने बुधवार को पंडित मदन मोहन मालवीय और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी जयंती पर संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में श्रद्धांजलि अर्पित की.
लोकसभा सचिवालय की एक विज्ञप्ति के अनुसार, पुष्पांजलि अर्पित करने के बाद इस कार्यक्रम में भाग लेने वालों को लोकसभा सचिवालय द्वारा हिन्दी और अंग्रेजी में प्रकाशित पंडित मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी के जीवनवृत्तांत की पुस्तिकाएं भेंट की गईं.
लोकसभा अध्यक्ष बिरला की पहल पर संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में पंडित मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी के बारे में संसद ग्रंथालय में उपलब्ध पुस्तकों की प्रदर्शनी का आयोजन किया गया. पुष्पांजलि अर्पित करने वालों में कई केंद्रीय मंत्री, संसद सदस्य, पूर्व संसद सदस्य भी शामिल थे. इसके अलावा लोकसभा महासचिव स्रेहलता श्रीवास्तव और राज्यसभा के महासचिव देश दीपक वर्मा ने भी मालवीय तथा वाजपेयी को श्रद्धासुमन अर्पित किए.
देश के प्रति की गई असाधारण सेवा के सम्मानस्वरूप संसद भवन के केंद्रीय कक्ष में क्रमश: 19 दिसम्बर 1957 और 12 फरवरी 2019 को पंडित मदन मोहन मालवीय और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों का अनावरण किया गया था. भारत के राष्ट्रपतियों ने पंडित मदन मोहन मालवीय को (मरणोपरांत) और अटल बिहारी वाजपेयी को सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से अलंकृत किया था. इससे पहले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज नई दिल्ली में अटल समाधि स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को पुष्पांजलि अर्पित की.