वजन- 4500 Kg और 15 करोड़ रुपये कीमत वाली ऑडी इंडिया की ये धांसू कार
नई दिल्ली। ऑडी इंडिया की आर्मर्ड लग्जरी सेडान ऑडी ए8एल सिक्यॉरिटी दुनियाभर की प्रमुख हस्तियों के सुरक्षा काफिले की सबसे खास कार है। इस पर बम, गोली और हैंड ग्रेनेड से लेकर केमिकल वीपन तक का असर नहीं होता है। 4500 किलोग्राम वजनी ऑडी की इस बख्तरबंद कार की कीमत 15 करोड़ रुपये है। सबसे दिलचस्प बात कि इसके टायर पंक्चर होने के बाद भी आराम से 80 किलोमीटर तक चल सकते हैं ।
हाल ही में ऑडी ए8एल सिक्यॉरिटी दिल्ली लाई गई थी और एआई इम्पैक्ट ग्लोबल समिट में शामिल होने आए अलग-अलग देशों के राष्ट्राध्यक्षों की ऑफिशियल वीइकल बनी थी। देखने में बिल्कुल सामान्य ऑडी ए8एल की दिखने वाली ए8एल सिक्यॉरिटी वजन में लगभग दोगुनी है। VR9 और VR10 ग्रेड सिक्यॉरिटी स्टैंडर्ड वाली यह बुलेटप्रूफ लग्जरी सेडान दुनिया की सबसे सुरक्षित गाड़ियों में से एक है।
ऑडी ए8एल सिक्यॉरिटी के चारों डोर 160-160 किलोग्राम के हैं। इसके विंडोज VR10 रेटेड हैं और ये स्नाइपर शॉट्स को भी आसानी से झेल लेते हैं। एक और खास बात यह है कि इमरजेंसी सिचुएशन में कार के दरवाजों के हिंज में लगे एक्सप्लोजन को एक बटन दबाकर विस्फोटक के जरिये अलग किया जा सकता है।
बख्तरबंद बॉडी पैनल: चूंकि ऑडी ए8एल सिक्यॉरिटी एक आर्मर्ड वीइकल है, ऐसे में इसकी बॉडी काफी स्ट्रॉन्ग है। इसमें स्टील, सिरेमिक, अरमिड पैनल के साथ ही आर्मर्ड ग्लास का इस्तेमाल किया गया है। ये भारी हमले को झेल सकते हैं और बुलेटप्रूफ हैं। साथ ही हैंड ग्रेनेड, बम और स्नाइपर शॉट्स से भी कार के अंदर बैठे लोगों की सुरक्षा करते हैं। कार की अंडरबॉडी ग्रेनेड अटैक को आसानी से झेल लेती है।
ऑडी ए8एल सिक्यॉरिटी को केमिकल वीपन से भी बचाने के लिए बनाया गया है। इसमें ऑक्सीजन सिलिंडर के साथ ही इमरजेंसी कंडीशन के लिए फ्रेश एयर सिस्टम दिया गया है, ताकि पॉल्यूटेंट या जहरीली गैस से बचाव हो। साथ ही आग बुझाने की भी व्यवस्था दी गई है।
इसमें लग्जरी केबिन फील के साथ ही 4-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, मसाज-हीटिंग और वेंटिलेशन वाली रिक्लाइनिंग सीट्स, 10.1 इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, 12.3 इंच का एचडी डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, स्क्रीन क्लाइमेट कंट्रोल और सीट सेटिंग्स के लिए 8.6 इंच की स्क्रीन, Bang & Olufsen का 23-स्पीकर वाला 3D सराउंड साउंड सिस्टम, रियर एंटरटेनमेंट स्क्रीन, रेफ्रिजरेटर, हेड्स-अप डिस्प्ले, फुट मसाजर, रियर सीट रिमोट, एंबिएंट लाइटिंग, 8 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा समेत काफी सारी और भी खूबियां हैं। इस कार के लिए कंपनी को प्री-ऑर्डर देना पड़ता है और कस्टमर को ऑडी द्वारा एक स्पेशल ट्रेनिंग प्रोग्राम भी दिया जाता है, जिससे कि वे इस आर्मर्ड वीइकल के सेफ्टी फीचर्स का इस्तेमाल अच्छी तरह कर सकें।
4.5 टन वजनी होने के बाद भी ऑडी ए8एल सिक्यॉरिटी पावर और परफॉर्मेंस के मामले में जबरदस्त है। इस लग्जरी सेडान में 4.0 लीटर ट्विन-टर्बो V8 पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो कि 571 हॉर्सपावर और 800 न्यूटन मीटर का पिक टॉर्क जेनरेट करता है। Quattro ऑल-व्हील ड्राइव सिस्टम और 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से लैस यह आर्मर्ड वीइकल सिर्फ 6 सेकेंड में 0-100 Kmph की रफ्तार पकड़ लेती है और इसकी टॉप स्पीड 210 किलोमीटर प्रति घंटा है।



.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
Leave A Comment