धमधा में सिविल कोर्ट शुरू, न्यायाधीश गौतम भादुड़ी ने कहा-सिविल कोर्ट व्यवस्था से ' न्याय आपके द्वार ' की सोच साकार हो रही है
दुर्ग । दुर्ग जिले के तहसील मुख्यालय धमधा में आज सिविल कोर्ट का शुभारंभ छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर के न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि न्यायाधीश न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने कहा कि न्याय के लिए लोगों को अपने आप मे आत्मविश्वास बनाये रखना होगा। न्याय के लिए दूसरों की व्यथा को समझने का प्रयास होना चाहिए। साथ ही लोगों का न्याय पर भरोसा रहना चाहिए। न्यायमूर्ति गौतम भादुड़ी ने यह भी कहा कि सिविल कोर्ट खुलने से न्यायालयीन प्रकिया मेंं लोगों की समय की बचत होगी। सिविल कोर्ट व्यवस्था से न्याय आपके द्वार, की सोच साकार हो रही है। इस न्याय के मंदिर में पीडि़त व्यक्ति को उनका अधिकार मिलेगा। उन्होंने कहा कि इस कोर्ट से अभी 797 प्रकरण सम्बद्ध है। यहां के प्रकरणों के निराकरण में वरिष्ट अधिवक्ताओं का भी सहयोग होना चाहिए। उन्होंने सिविल कोर्ट शुभारंभ पर लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी।
जिला न्यायालय दुर्ग के कार्यवाहक सत्र न्यायाधीश शैलेष कुमार तिवारी ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम को जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष नीता जैन ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर कलेक्टर पुष्पेंद्र कुमार मीणा, पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक पल्लव, अधिवक्तागण, स्थानीय जनप्रतिनिधि औऱ गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
Leave A Comment