ग्राम तुलसी के निवासी मिनी वर्मा को मिल रहा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ
रायपुर। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना आम लोगों के जीवन में ऊर्जा आत्मनिर्भरता का नया अध्याय लिख रही है। इसी कड़ी में संभाग रायपुर के उप संभाग तिल्दा अंतर्गत ग्राम पंचायत तुलसी में योजना के पंजीयन एवं उपभोक्ता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर से प्रेरित होकर ग्राम तुलसी की निवासी श्रीमती मिनी वर्मा (पति श्री टिकेंद्र वर्मा), बिजली कॉलोनी तुलसी स्थित अपने आवास की छत पर 3 किलोवाट पीक (3 kWp) क्षमता का सोलर रूफटॉप सिस्टम स्थापित कराया है। इस हेतु उन्होंने Punjab National Bank से योजना के अंतर्गत ऋण प्राप्त किया।
श्रीमती वर्मा ने बताया कि सोलर सिस्टम स्थापना में लगभग दो लाख रुपये का व्यय आया, जिसमें से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा कुल 1,08,000 रुपये की सब्सिडी सीधे उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। इससे उन्हें आर्थिक रूप से काफी राहत मिली।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह से सोलर पैनल चालू होने के बाद से बिजली बिल शून्य हो गया है, बल्कि माइनस फिगर में -86 रुपये एवं -83 रुपये तक का बिल आ रहा है। पूर्व में प्रति माह 1200 से 1500 रुपये तक का बिजली बिल आता था, जो अब पूरी तरह समाप्त हो गया है।
श्रीमती वर्मा के अनुसार, सूर्य की किरणों से उत्पादित ऊर्जा न केवल पर्यावरण संरक्षण में सहायक है, बल्कि घरेलू बचत भी बढ़ा रही है। पहले जो राशि बिजली बिल भुगतान में खर्च होती थी, उसी से अब बैंक ऋण की ईएमआई का भुगतान आसानी से किया जा रहा है।
उन्होंने ग्राम तुलसी के अन्य नागरिकों से भी सौर ऊर्जा अपनाने और योजना का लाभ लेने की अपील की है।


.jpg)







.jpg)
Leave A Comment