कच्चे मकान की समस्या से मिली मुक्ति
0- ‘सेवा सेतु शिविर’ में मिला पक्के आशियाने का पूर्णता प्रमाण-पत्र, खिल उठा गजाधर राम का चेहरा
बालोद.‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ की परिकल्पना धरातल पर जरूरतमंदों के सपनों को साकार कर रही है। शासन की मंशानुरूप आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और योजनाओं के लाभ को सीधे जनता तक पहुँचाने के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे क्लस्टर स्तरीय शिविर ग्रामीणों के जीवन में खुशहाली ला रहे हैं। इसी कड़ी में बालोद विकासखंड के ग्राम पंचायत लिमोरा में आयोजित सेवा सेतु शिविर में ग्राम लिमोरा निवासी श्री गजाधर राम साहू को उनके पक्के आवास का ‘पूर्णता प्रमाण-पत्र’ प्रदान किया गया।
कच्चे मकान की परेशानियों और बरसात की सीलन से मिली निजात
ग्राम लिमोरा निवासी श्री गजाधर राम साहू ने भावुक होकर अपने अतीत के दिनों को याद करते हुए बताया कि पहले उनका परिवार एक कच्चे और जर्जर मकान में रहने को मजबूर था। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने और सीलन के कारण भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन्होंने बताया कि घर में स्थिति ऐसी थी कि बारिश के पानी से बचने के लिए बर्तन और बाल्टियां तक कम पड़ जाती थीं। ऐसे कठिन हालातों में पक्का मकान बनाना उनके आर्थिक सामथ्र्य से बाहर की बात थी।
प्रधानमंत्री आवास योजना से मिला सुरक्षित और पक्का आशियाना
गजाधर राम ने बताया कि शासन की प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) उनके परिवार के लिए जीवनदायिनी संबल बनकर आई। योजना के तहत मिली किश्तों की सहायता से उन्होंने अपने सपनों का सुंदर और मजबूत पक्का घर तैयार किया। ग्राम लिमोरा के सेवा सेतु शिविर में जब उन्हें पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विधिवत ‘आवास पूर्णता प्रमाण-पत्र’ सौंपा गया, तो उनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब वे अपने परिवार के साथ नए पक्के मकान में सुख-शांति, सम्मान और सुरक्षा के साथ जीवन-यापन कर रहे हैं।
अपने सुरक्षित आशियाने के सामने खड़े होकर गजाधर राम साहू ने कहा कि शासन की इस संवेदनशील नीति ने गरीब और ग्रामीण परिवारों को पक्की छत देकर उनका जीवन संवार दिया है। उन्होंने इस अभूतपूर्व सौगात और ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना से शिविर लगाकर सेवा देने के लिए श्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का सहृदय आभार व्यक्त किया।






.jpg)






Leave A Comment