ब्रेकिंग न्यूज़

 अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा ने किया धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण, किसानों से संवाद कर जानी व्यवस्थाओं की हकीकत

0- किसानों को धान विक्रय में न हो कोई परेशानी, सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
रायपुर. अपर मुख्य सचिव एवं रायपुर जिले की प्रभारी सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने आज कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के साथ जिले के आरंग, जरौद एवं भानसोज धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से सीधे संवाद कर धान विक्रय की प्रक्रिया और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी की पूरी प्रक्रिया सुचारू एवं किसान हितैषी होनी चाहिए। किसानों को टोकन प्राप्त करने से लेकर धान की तौल एवं विक्रय तक किसी भी स्तर पर परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अपर मुख्य सचिव श्रीमती शर्मा ने आरंग धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान किसानों के लिए पेयजल, छाया, बैठक सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्रों में आने वाले किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। धान की तौल, भंडारण एवं अन्य व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
*धान की सुरक्षा के लिए ड्रेनेज एवं डनेज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करें*
जरौद धान खरीदी केंद्र के निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव श्रीमती शर्मा ने धान की स्टैकिंग एवं भंडारण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बारिश एवं नमी से धान को सुरक्षित रखने के लिए ड्रेनेज एवं डनेज की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपार्जित धान की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जाएं। साथ ही कृषक उन्नति योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजना की जानकारी मिल सके।
*किसानों ने बताया—आसानी से कट रहे टोकन, धान बेचने में नहीं हो रही परेशानी*
भानसोज धान खरीदी केंद्र में अपर मुख्य सचिव श्रीमती शर्मा ने किसानों से सीधे संवाद कर खरीदी व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया। उन्होंने किसानों से पूछा कि टोकन कटवाने में किसी प्रकार की परेशानी तो नहीं हो रही है। इस पर किसानों ने बताया कि उनके टोकन आसानी से कट रहे हैं और धान विक्रय में भी कोई समस्या नहीं आ रही है।
अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने कहा कि पिछले दिनों हुई बारिश के कारण जिन किसानों की फसलों को क्षति पहुंची है, उन्हें नियमानुसार राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
*जिला प्रशासन रायपुर की अभिनव पहल, डिजिटल डैशबोर्ड से हो रहा धान खरीदी केंद्रों का सतत निरीक्षण*
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि जिले में धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की सतत निगरानी के लिए जिला प्रशासन रायपुर द्वारा विशेष पहल की गई है। जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन द्वारा एक विशेष डिजिटल डैशबोर्ड तैयार कराया गया है। इस डैशबोर्ड के माध्यम से जिले के सभी धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं का नियमित निरीक्षण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि डैशबोर्ड पर जिला नोडल अधिकारी एवं सेक्टर नोडल अधिकारी नियमित रूप से धान खरीदी केंद्रों की तस्वीरें अपलोड करते हैं। इन तस्वीरों के माध्यम से धान की स्टैकिंग, भंडारण, सुरक्षा व्यवस्था एवं केंद्रों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त होती है। किसी भी केंद्र में अव्यवस्था या गड़बड़ी होने पर डैशबोर्ड के माध्यम से उसकी सूचना भी प्राप्त हो जाती है।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने बताया कि प्रतिदिन सुबह और शाम दो बार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से धान खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाती है। डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से अधिकारी खरीदी केंद्रों की स्थिति की जानकारी नियमित रूप से प्राप्त कर रहे हैं। इस तकनीक आधारित व्यवस्था से धान खरीदी केंद्रों की निगरानी अधिक प्रभावी और पारदर्शी हुई है।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार जिले में किसानों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि किसानों को धान विक्रय में किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा खरीदी केंद्रों में उपार्जित धान पूरी तरह सुरक्षित रहे।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कुमार बिश्वरंजन, खाद्य नियंत्रक भूपेंद्र मिश्रा, डीसीसीबी श्री भूपेश चंद्रवंशी, एसडीएम आरंग श्री रवि सिंह, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english