बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा का बालोद दौरा
पोस्ट मैट्रिक आदिवासी कन्या छात्रावास का निरीक्षण कर बालिकाओं को दिया स्नेहिल मार्गदर्शन
बालोद/ छत्तीसगढ़ राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा ने बालोद जिले के प्रवास के दौरान शासकीय पोस्ट मैट्रिक कन्या छात्रावास बालोद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास की 58 बालिकाओं की आवासीय व्यवस्था, सुरक्षा, खान-पान और दैनिक सुविधाओं का बेहद बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डॉ. वर्णिका शर्मा ने सभी बालिकाओं के बीच बैठकर अत्यंत आत्मीयता और वात्सल्य भाव से चर्चा की। उन्होंने छात्राओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि बेटियाँ यदि सुरक्षित, अनुशासित और सशक्त परिवेश में आगे बढ़ें, तो वे अपनी मेहनत और लगन से हर मुकाम को हासिल कर सकती हैं। उन्होंने बालिकाओं को उच्च शिक्षा, कौशल विकास (स्किल डेवलपमेंट) और स्वावलंबन के मार्ग पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि वे भविष्य की हर चुनौती का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें।
अध्यक्ष डा. शर्मा ने छात्रावास परिसर में बालिकाओं की शारीरिक और मानसिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए साथ ही, नियमित सुरक्षा, निगरानी और आपातकालीन हेल्पलाइन व्यवस्था को पूरी तरह सक्रिय रखने पर जोर दिया। उन्होने छात्राओं के नियमित अध्ययन, करियर काउंसलिंग और व्यावहारिक प्रशिक्षण की सुविधाओं की समीक्षा की ताकि वे आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए पूरी तरह सक्षम बन सकें। उन्होंने छात्रावास प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए, कि सभी बालिकाओं को निर्धारित मीनू के अनुसार पौष्टिक भोजन, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ वातावरण और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा बिना किसी कोताही के निरंतर मिलनी चाहिए।
डॉ. शर्मा ने छात्रावास अधीक्षिका और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालिकाओं की देखभाल और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस सकारात्मक और प्रेरणादायी दौरे से छात्रावास की बालिकाओं में भारी उत्साह और आत्मविश्वास देखने को मिला। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य रेडक्रॉस सोसाइटी के चेयरमैन एवं जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री तोमन साहू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री गजानंद साहू, संरक्षण अधिकारी श्री नरेंद्र साहू, चाइल्ड हेल्पलाइन परियोजना समन्वयक श्री वेदप्रकाश साहू, सेक्टर पर्यवेक्षक श्रीमती रेखा देवांगन, प्रधान आरक्षक श्रीमती जागृति ठाकुर, चाइल्ड लाइन केस वर्कर श्री कैलाश कुमार निषाद, श्री जितेंद्र साहू, श्री चुरामण पटेल सहित अन्य उपस्थित रहे।








.jpg)



Leave A Comment