राज्योत्सव की तैयारियों को लेकर कलेक्टर मिश्रा ने की समीक्षा
- समय पूर्व सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के दिए निर्देश
02 नवंबर को होगा जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन, शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों और छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति की दिखेगी झलक
बालोद/छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जिला स्थित स्व. सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में 02 नवंबर को एक दिवसीय जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन को भव्य, सुव्यवस्थित और सफल बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभागार कक्ष में संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय पूर्व सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए।
व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक निर्देश
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने राज्योत्सव के आयोजन स्थल पर मंच, बैठक व्यवस्था, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई तथा पार्किंग सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा प्रदर्शनी स्टॉलों को आकर्षक और जानकारीपूर्ण स्वरूप में तैयार करें।
सीईओ जिला पंचायत ने आयोजन स्थल का किया निरीक्षण
राज्योत्सव की तैयारियों के तहत जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी प्रतिदिन आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। उन्होंने मंच निर्माण, सुरक्षा, पेयजल, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए जाने वाले प्रदर्शनी स्टॉलों की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समय पूर्व गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
शासकीय योजनाओं और विकास कार्यों की प्रदर्शनी बनेगी आकर्षण का केंद्र
राज्योत्सव में जिले के विभिन्न विभागों द्वारा शासकीय योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे। कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, वन, श्रम तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों और गतिविधियों की जानकारी आम नागरिकों को देंगे।
प्रदर्शनी के माध्यम से नागरिकों को शासकीय योजनाओं की पात्रता, लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया और विभागीय गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। साथ ही जिले में संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी पहलों को भी करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
लोक संस्कृति और विकास की झलक से सजेगा राज्योत्सव
जिला स्तरीय राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति, कला, परंपरा और विकास यात्रा को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर होगा। जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि जिलेवासी उत्साहपूर्वक इसमें शामिल होकर राज्य स्थापना दिवस का उत्सव मना सकें।










.jpg)
Leave A Comment