भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में संवरता छत्तीसगढ़ और वर्तमान राजनीतिक मुद्दों पर हुआ मंथन
रायपुर । भारतीय जनता युवा मोर्चा, छत्तीसगढ़ की प्रदेश कार्यसमिति बैठक आज रायपुर में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के सभी कार्यसमिति सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और युवाओं को जोड़ने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
सरकार की उपलब्धियों और संवरते छत्तीसगढ़ की तस्वीर को घर-घर तक पहुंचाना है - अरुण साव
बैठक को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने “संवरता छत्तीसगढ़” विषय को लेकर अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ आज विकास, सुशासन और जनकल्याण के पथ पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, अधोसंरचना और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रदेश का स्वरूप संवर रहा है। उन्होंने युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार की उपलब्धियों और संवरते छत्तीसगढ़ की तस्वीर को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाएं। युवा ही प्रदेश के भविष्य के निर्माता हैं, इसलिए उन्हें सकारात्मक सोच के साथ संगठन के कार्य में जुटना चाहिए।
भाजपा की स्पष्ट नीति, सुशासन और राष्ट्रहित की भावना को मजबूती से रखना है - विजय शर्मा
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने वर्तमान राजनीतिक मुद्दों एवं हमारी दृष्टिकोण को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य, विपक्ष की भ्रामक राजनीति और भाजपा की राष्ट्रवादी, विकासवादी दृष्टिकोण के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को तथ्यों के साथ विपक्ष के झूठ का जवाब देना है और जनता के बीच भाजपा की स्पष्ट नीति, सुशासन और राष्ट्रहित की सोच को मजबूती से रखना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से वैचारिक रूप से सजग रहकर संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम करने का आह्वान किया।
युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं : ओपी चौधरी
बैठक को संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका विषय पर अपना वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे युवा आबादी वाला देश है और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवा केवल भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी शक्ति हैं। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं को शिक्षा, कौशल, उद्यमिता, नवाचार और राष्ट्रभक्ति के साथ आगे बढ़कर विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को साकार करना है। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, सेवा और समर्पण के साथ संगठन और समाज के लिए काम करने का आह्वान किया।
युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में सोशल मीडिया और मीडिया प्रबंधन पर हुआ विशेष प्रशिक्षण
सोशल मीडिया युवाओं तक पहुंचने का सबसे सशक्त माध्यम है : मितुल कोठारी
बैठक को संबोधित करते हुए सोशल मीडिया प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी ने सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज सोशल मीडिया युवाओं तक पहुंचने का सबसे सशक्त माध्यम है। कार्यकर्ताओं को पार्टी की विचारधारा, केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन के कार्यक्रमों को तथ्यात्मक, सकारात्मक और प्रभावी तरीके से सोशल मीडिया के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने कंटेंट निर्माण, रील, पोस्ट, ट्रेंडिंग विषयों और डिजिटल प्रचार की बारीकियों पर भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
युवा मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन की बुलंद आवाज - हेमंत पाणिग्रही
भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक हेमंत पाणिग्रही ने मीडिया से संबंधित जानकारी साझा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बताया कि मीडिया के समक्ष अपनी बात को सही, स्पष्ट और प्रभावी ढंग से कैसे रखा जाए। प्रेस विज्ञप्ति, बाइट, प्रेस वार्ता और मीडिया से समन्वय को लेकर उन्होंने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा के कार्यकर्ता संगठन की बुलंद आवाज हैं, इसलिए उन्हें अनुशासन और तथ्यों के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
इस अवसर पर युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जितेंद्र देवांगन, कुणाल ठाकुर, युवा मोर्चा प्रदेश मीडिया प्रभारी वासु शर्मा सहित युवा मोर्चा के प्रदेश पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।











Leave A Comment