डीडी भारती पर कल से महाभारत सीरियल का प्रसारण - दिन में होंगे दो एपिसोड
नई दिल्ली। जनता की मांग पर एक बार फिर दूरदर्शन में क्लासिक सीरियलों की वापसी हो रही है। रामानंद सागर के सीरियल रामायण के साथ ही कल से दूरदर्शन पर बी. आर. चोपड़ा के भव्य सीरियल महाभारत का प्रसारण शुरू किया जा रहा है।
दूरदर्शन से मिली जानकारी के अनुसार महाभारत का प्रसारण डीडी भारती पर दिन में दो बार दोपहर 12.00 बजे और शाम 7.00 बजे किया जाएगा।
साल 1987 में रामानंद सागर ने रामायण सीरियल बनाया था। ठीक इसके एक साल बाद 1988 में बी.आर. चोपड़ा ने महाभारत को पर्दे पर उतारा। टीवी के इस नए दौर में भारतीयों घरों में इन दोनों ही मैथालॉजी शोज़ ने धूम मचा दी। उस समय इस शो को देखने के लिए लंबी-लंबी कतारें लगा करती थीं। हालांकि बाद में दूसरे चैनलों पर भी इसका प्रसारण हो चुका है।
यह सीरियल बी आर चोपड़ा द्वारा निर्मित और उनके पुत्र रवि चोपड़ा द्वारा निर्देशित था। यह विश्व के सर्वाधिक देखे जाने वाले धारावाहिकों में से एक था। 94-कडिय़ों के इस धारावाहिक का प्रथम प्रसारण 1988 से 1990 तक दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर किया गया था। प्रत्येक धारावाहिक 45 मिनट का था। इसका प्रसारण एक अन्य सफ़ल पौराणिक धारावाहिक रामायण के बाद किया गया था जो 1987-1988 में प्रसारित किया गया था।
ब्रिटेन में इस धारावाहिक का प्रसारण बीबीसी द्वारा किया गया था जहां इसकी दर्शक संख्या 50 लाख के आंकड़े को भी पार कर गई, जो दोपहर के समय प्रसारित किए जाने वाले किसी भी धारावाहिक के लिए एक बहुत बड़ी बात थी। सीरियल में नितीश भारद्वाज, रूपा गांगुली, रूपा गांगुली, मुकेश खन्ना, पुनीत इस्सर, पंकज धीर, अर्जुन, सुदेश बैरी जैसे कलाकारों ने काम किया था।
----
Leave A Comment