अभिनेत्री काम्या पंजाबी ने कांग्रेस पार्टी का दामन थामा
मुंबई। टेलीविजन की लोकप्रिय अभिनेत्री काम्या पंजाबी ने राजनीति में कदम रख दिया है। शक्ति अस्तित्व के एहसास की शो से घर-घर में मशहूर होने वाली काम्या पंजाबी ने बुधवार को कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ली। मुंबई कांग्रेस प्रेजिडेंट भाई जगताप, यूथ लीडर सूरज सिंह ठाकुर और वर्किंग प्रेजिडेंट चरण सिंह सापरा ने टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी का कांग्रेस पार्टी में स्वागत किया। काम्या की तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। काम्या पंजाबी इस दौरान साड़ी में नजर आ रही हैं।
पिछले कुछ समय से लगातार चर्चा थी कि काम्या पंजाबी कॉंग्रेस पार्टी में शामिल हो सकती हैं। इतना ही नहीं रिपोट्र्स की माने तो खुद काम्या पंजाबी भी हमेशा से राजनीति में कदम रखना चाहती थीं। लेकिन अपने बिजी शेड्यूल और सीरियल शक्ति की शूटिंग की वजह से वो पहले ऐसा नहीं कर पाई थीं। हालांकि अब उनका शो बंद हो चुका है और यही समय काम्या को राजनीति में कदम रखने के लिए सबसे उचित लगा।
काम्या पंजाबी असल जिंदगी में काफी बेबाक और बिंदास हैं और अपनी किसी भी बात को दुनिया के सामने रखने से वो बिलकुल भी नहीं घबराती। काम्या अक्सर सोशल मीडिया पर चाहे फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी बात हो या फिर राजनीति से जुड़ी खुलकर अपनी राय दुनिया के सामने रखती हैं।
काम्या पिछले दो दशक से टीवी इंडस्ट्री का हिस्सा हैं। काम्या कई बड़े-बड़े टीवी शो में नजर आ चुकी हैं। उन्होंने दिव्यांका त्रिपाठी के साथ बनूं मैं तेरी दुल्हन, मर्यादा-लेकिन कब तक? बेइंतहा जैसे कई शोज में काम किया। वो लंबे समय से रश्मि शर्मा के शो शक्ति-अस्तित्व के एहसास की का हिस्सा थीं। हालांकि ये शो अब बंद हो चुके हैं।
Leave A Comment