सीमा खान और महीप कपूर भी कोरोना की चपेट में !
मुंबई। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री पर एक बार फिर से कोरोना वायरस महामारी की मार पडऩे लगी है। बीते दिन करीना कपूर खान और अमृता अरोड़ा के कोरोना पॉजिटिव होने की खबर सामने आई। अब बताया जा रहा है कि कोरोना वायरस ने अनिल कपूर और सलमान खान के घर में भी एंट्री मार ली है। ताजा रिपोर्ट के अनुसार इन दोनों कलाकारों की भाभियों को कोरोना वायरस महामारी ने अपने चपेट में ले लिया है और दोनों क्वारंटीन में हैं।
खबरों के अनुसार सीमा खान और महीप कपूर का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसके बाद ये दोनों क्वारंटीन में हैं। ये दोनों हसीनाएं भी करीना कपूर खान की पक्की दोस्त हैं और इंडस्ट्री में पार्टियां करने के लिए जानी जाती हैं। अंदाजा लगाया जा रहा है कि इन दोनों को भी कोरोना वायरस महामारी ने किसी पार्टी के दौरान ही शिकार बनाया है। इन दोनों को हल्का बुखार है। जैसे ही उन्होंने यह महसूस किया कि इनकी तबीयत ठीक नहीं है, वैसे ही इन्होंने कोरोना टेस्ट कराया, जो पॉजिटिव आया। इसके बाद से ही ये अलग रह रही हैं। सीमा खान अभिनेता सुहैल खान की पत्नी हैं। वहीं महीप कपूर ने अभिनेता संजय कपूर से विवाह किया है।
कोरोना वायरस महामारी की वजह से इंडस्ट्री को ना केवल करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है बल्कि कई सेलेब भी इस बीमारी की भेंट चढ़ गए हैं। ऐसे में इंडस्ट्री से जुड़े लोग काफी डरे हुए हैं। करीना कपूर खान, अमृता अरोड़ा, सीमा खान और महीप कपूर जिस तेजी से कोरोना की चपेट में आए हैं, उसके बाद हर कोई सतर्क हो गया है।
-----
Leave A Comment