कल से दूरदर्शन पर उत्तर रामायण का प्रसारण
रायपुर। दूरदर्शन के दर्शकों के लिए एक और खुशखबरी। कल रविवार, 19 अप्रैल से रामानंद सागर के ही सीरियल लव-कुश उत्तर रामायण का प्रसारण शुरू होने जा रहा है। 44 कडिय़ों वालेे इस धारावाहिक को दर्शक कल दूरदर्शन के नेशनल चैनल पर रात 9 बजे से देख सकेंगे।
रामायण सीरियल में माता सीता का किरदार निभा रही अभिनेत्री दीपिका चिखलिया ने यह जानकारी ट्वीट के माध्यम से दी है।
19 अप्रैल को रात 9 बजे उत्तर रामायण की पहली और दूसरी कड़ी का प्रसारण होगा। वहीं 20 अप्रैल को सुबह 9 बजे इसका पुन: प्रसारण किया जाएगा। यानी दर्शक रोजाना रात 9 बजे इसकी दो कडिय़ों को एक साथ देख पाएंगे। उत्तर रामायण का आनंद लेने से वंचित रह गए दर्शक दूसरे दिन सुबह 9 बजे से इन कडिय़ों को फिर से देख सकते हैं।
दरअसल रामायण के क्रेज को देखते हुए अब दूरदर्शन ने उत्तर रामायण सीरियल का प्रसारण फिर से करने का फैसला लिया है। वर्ष 1988 में दूरदर्शन पर उत्तर रामायण प्रसारित किया गया था। प्रसार भारती के सीईओ शशि शेखर ने ट्वीट के जरिए यह जानकारी साझा की है।
उत्तर रामायण में माता सीता के वनवास जाने और लव - कुश के जन्म की कहानी बताई जाएगी। धारावाहिक में मयूरेश शेत्रामदे ने लव का और स्वप्निल जोशी ने कुश का रोल निभाया था। लव-कुश का किरदार निभाने वाले ये बाल कलाकार बड़े हो चुके हैं। कुश का किरदार निभाने वाले स्वप्निल जोशी अब 42 साल के हो चुके हैं। जब उन्होंने कुश की भूमिका निभाई थी उस वक्त उनकी उम्र 9 साल की थी। स्वप्निल जोशी ने बाद में कई टीवी सीरियल में लीड रोल निभाया और टीवी का एक बड़ा नाम बने।
रामानंद सागर ने उत्तर रामायण का नाम पहले लव-कुश रखा था, बाद में इसका नाम परिवर्तित कर दिया गया था।
Leave A Comment