आ गया लोगों को हंसाने छोटा भीम
मुंबई। दूरदर्शन ने अपने नन्हें दर्शकों के लिए कार्टून चैनल पोगो से हाथ मिलाया है। इस साझेदारी के तहत फेमस कार्टून शो छोटा भीम ने दूरदर्शन पर दस्तक दे दी है। इस शो का प्रसारण 17 अप्रैल से शुरू हो गया है। छोटा भीम को दोपहर 2 बजे के स्लॉट पर रोजाना ऑनएयर किया जा रहा है। 3 मई तक यह शानदार कार्टून शो बच्चों को रोज हंसाएगा।
अब तक छोटा भीम सीरियल केवल पोगो पर ही देखा जा सकता था। ऐसे में जिन लोगों के घर पोगो चैनल नहीं आता था वो बच्चे इस शो का मजा नहीं ले पाते थे। दूरदर्शन और कार्टून चैनल पोगो की इस साझेदारी के बारे में बात करते हुए वार्नर मीडिया एंटरटेनमेंट नेटवर्क के मेनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया, इस समय पूरा देश एक मुश्किल परिस्थिति का सामना कर रहा है। ऐसे में हमारा शो बच्चों का मनोरंजन करेगा और उनको टीवी में व्यस्त रखेगा। हमें दूरदर्शन के साथ हाथ मिलाकर काफी खुशी हो रही है। अब बस हमारी पूरी कोशिश रहेगी कि छोटा भीम देश के हर बच्चे के चेहरे पर मुस्कान ला सके।
माना जा रहा है कि दूरदर्शन ने टीआरपी को बरकरार रखने के लिए छोटा भीम की एंट्री करवाई है। देश में ऐसे कई गांव कस्बे हैं जहां पर कार्टून चैनल पोगो की पहुंच नहीं है। कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते दूरदर्शन पर प्रसारित होने के चलते छोटा भीम देखने के लिए बच्चे काफी उत्साहित है। छोटा भीम की लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि, इस देसी कार्टून शो को देखने के लिए बच्चे हर समय तैयार रहते हैं। बच्चों को भीम और चुटकी की जोड़ी खूब पसंद आ रही है। वर्ष 2008 में पोगो चैनल पर पहली बार इसका प्रसारण किया गया था।
---
Leave A Comment