लॉकडाउन: संजय को आई जेल की याद, परिवार फंसा दुबई में
मुंबई। देश में चल रहा कोरोना वायरस लॉकडाउन जहां लोगों को गंभीर बीमारी से बचाने के लिए जरुरी है तो वहीं, इससे कई तरह की मुश्किलें भी खड़ी हो रही है। कई जानी-मानी हस्तियां देश के बाहर फंसी हुई हैं तो कई लोग घरों में कैद जैसे-तैसे वक्त काट रहे हैं। इस लिस्ट में बॉलीवुड स्टार संजय दत्त का नाम भी शामिल है।
संजय दत्त का परिवार कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते देश नहीं लौट पा रहा है और वे लोग इस वक्त दुबई में फंसे हुए हंै। इसी के चलते संजय इन दिनों अपने मुंबई स्थित घर में अकेले ही वक्त काट रहे हैं। इसीलिए ये दिन एक्टर को बेहद कचोट रहे हैं और उन्होंने इस लॉकडाउन की तुलना जेल में बिताए दिनों से कर दी है।
एक्टर ने इस बारे में हाल ही में एक इंटरव्यू में बात करते हुए कहा, जब वो जेल में थे तब उनके पास अपना कहने के लिए कोई नहीं था। इसके आगे एक्टर ने कहा, मैं कुछ सालों पहले इसी तरह के लॉकडाउन से गुजरा हूं। फर्क सिर्फ इतना है कि उस दौरान मैं अपने परिवार के साथ रोजाना बात नहीं कर सकता था , लेकिन अब मैं किसी भी समय अपने परिवार से बात कर सकता हूं।
संजय दत्त को साल 1993 में हुए बम धमाके के संगीन मामले में कोर्ट ने दोषी पाया था। उन पर अवैध तरीके से हथियार अपने पास रखने का आरोप था। इसके बाद टाडा कोर्ट ने उनको पांच साल की सजा सुनाई थी। इस कठिन समय को याद करते हुए संजय ने अपने एक इंटरव्यू में कहा, लॉकडाउन अपने बिजी शेड्यूल को दूर रखकर परिवार के साथ वक्त गुजारने का था। एक्टिंग से दूर कुछ फ्रेश महसूस होता। लेकिन जब लॉकडाउन का ऐलान हुआ उस समय मेरे बच्चे और पत्नी मान्यता दुबई में थे और वो वहीं फंस गए हैं।
---
Leave A Comment