दूरदर्शन पर जल्द लौटेगा श्रीकृष्णा सीरियल
मुंबई। देश में लॉकडाउन के दौरान रामायण , महाभारत सहित कई पुराने क्लासिक सीरियलों की दूरदर्शन पर वापसी हुई है। अब जनता की मांग पर दूरदर्शन पर एक और लोकप्रिय सीरियल श्रीकृष्णा की वापसी हो रही है। दूरदर्शन पर इसका प्रसारण कब से शुरू किया जाएगा, अभी इसकी अधिकारिक रूप से जानकारी नहीं दी गई है।
प्रसार भारती ने इस बात की पुष्टि की है कि दूरदर्शन के राष्ट्रीय चैनल पर श्रीकृष्ण सीरियल का प्रसारण जल्द किया जाएगा। पहली बार यह सीरियल वर्ष 1996 में प्रसारित किया गया था और उस वक्त यह काफी लोकप्रिय हुआ था। रामानंद सागर के शो श्रीकृष्णा को फिर से दिखाए जाने की फैंस काफी समय से डिमांड भी कर रहे थे। प्रसार भारती ने ट्वीट कर फैंस को ये गुड न्यूज दी है। श्री कृष्णा के टीजर वीडियो शेयर कर कैप्शन में लिखा- जल्द आ रहा है श्री कृष्णा डीडी नेशनल पर।
श्रीकृष्णा सीरियल में अभिनेचा सर्वदमन डी बनर्जी ने युवा श्रीकृष्ण और विष्णु का रोल निभाया था। वहीं स्वपनिल जोशी ने युवा कृष्णा का रोल निभाया था।
लॉकडाउन में दूरदर्शन नेटवर्क पर टेलीकास्ट हो रहे शो रामायण और महाभारत को जबरदस्त टीआरपी मिल रही है। सालों पहले टेलीकास्ट हुए इन शोज को दर्शकों का इतना प्यार मिलेगा इसकी उम्मीद चैनल के निर्माताओं को भी नहीं थी। दूरदर्शन नेटवर्क पर रामायण-महाभारत के अलावा बुनियाद, शक्तिमान, देख भाई देख, श्रीमान श्रीमती, चाणक्य जैसे पुराने शोज भी री-टेलीकास्ट हो रहे हैं और सभी को दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
----
Leave A Comment