चला गया एक बेहतरीन कलाकार
मुंबई। बॉलीवुड फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज अभिनेता इरफान खान का 54 साल की उम्र में निधन हो गया है। तबीयत बिगडऩे के बाद कल मंगलवार को उन्हें मुंबई स्थित कोकिलाबेन धीरुभाई अंबानी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ट्विटर पर इरफान खान के दोस्त और जाने-माने फिल्मकार सुजीत सरकार ने ट्वीट कर उनके निधन की खबर दी है।
सुजीत सरकार ने अपने ट्वीट में लिखा है, मेरे प्यारे दोस्त इरफान खान तुम लड़े, लड़े और लड़े.... मुझे तुम पर हमेशा गर्व रहेगा। हम जल्द ही मिलेंगे। मैं आपके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं। आपकी पत्नी ने आपके लिए हर संभव जंग लड़ी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे.... मैं तुम्हें सलाम करता हूं इरफान खान।
इरफान ने साल 2018 में बताया था कि वे हाई ग्रेड न्यूरोएंडोक्राइन ट्यूमर से पीडि़त हैं। उनका लंदन में लंबा इलाज चला और वे पिछले साल ही भारत लौटे थे। इरफान खान ने अपनी बीमारी के कारण ही फिल्म अंग्रेजी मीडियम के प्रमोशन में हिस्सा नहीं लिया था। अंग्रेजी मीडियम उनके कॅरिअर की आखिरी फिल्म है, जिसे कुछ दिनों पहले ही मेकर्स ने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया है।
अभिनेता इरफान खान लम्बे समय से अदाकारी के क्षेत्र से जुड़े हुए थे। उन्होंने अपने करिअर की शुरूआत थिएटर और टीवी से की थी, जिसके बाद उन्होंने फिल्मों में कदम रखा। इरफान ने मकबूल, लाइफ इन अ मेट्रो, द लंच बॉक्स, पीकू, तलवार और हिंदी मीडियम और अंग्रेजी मीडियम जैसी शानदार फिल्मों में काम किया है। उन्हें हासिल (निगेटिव रोल), लाइफ इन अ मेट्रो (बेस्ट एक्टर), पान सिंह तोमर (बेस्ट एक्टर क्रिटिक) और हिंदी मीडियम (बेस्ट एक्टर) के लिए फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला। पान सिंह तोमर के लिए उन्हें नेशनल अवॉर्ड दिया गया था। कला के क्षेत्र में उन्हें देश का चौथा सबसे बड़ा सम्मान पद्मश्री भी मिल चुका है।
उनके निधन की खबर लगते ही बॉलीवुड में शोक की लहर दौड़ गई। अमिताभ बच्चन ने लिखा कि इरफान खान के निधन की खबर मिली। यह सबसे परेशान करने वाली और दुखद खबर है। एक शानदार टैलेंट, एक महान कलीग, सिनेमा की दुनिया के एक शानदार योगदानकर्ता हमें बहुत जल्दी छोड़ के चले गए। प्रार्थना और दुआएं। जॉन अब्राहम ने लिखा कि आपको याद किया जाएगा आरआईपी इरफान खान। वहीं रणदीप हुड्डा ने ट्वीट कर लिखा कि इरफान खान का जाना सिनेमा और कला के लिए बहुत बड़ा नुकसान है। आपकी आत्मा को शांति मिले।
इसके अलावा प्रियंका चोपड़ा, महेश बाबू, के के मेनन, हैदर अली, आईफा, अक्षय कुमार, कियारा अडवानी, कंगना रानौत के अलावा मोहम्मद कैफ, आदित्य पाटिल, ज्योर्र्तििदत्य सिंधिया, स्मृति ईरानी, जैसी नामी हस्तियों ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया। इसके साथ ही उनके असंख्य प्रशंसकों ने भी अपने फेवरेट हीरो के इसतरह चले जाने पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
Leave A Comment