मन्ना डे के जन्मदिन पर लता दीदी ने उन्हें याद किया
रायपुर। महान गायक मन्ना डे का आज जन्मदिन है। यदि आज वे जीवित होते तो 101 साल के होते। उनके जन्मदिन पर लता मंगेशकर ने उन्हें याद करते हुए एक गाना ट्वीट किया है। ठेठ शास्त्रीय राग पर आधारित इस गीत को जरूर सुनिएगा। यह गीत 1959 में प्रदर्शित हुई चाचा जिंदाबाद का था। फिल्म सफल नहीं रही, इसलिए इसके गाने भी ज्यादा नहीं चले।
गाने के बोल हैं प्रीतम दरस दिखाओ.... राजेन्द्र कृष्ण के लिखे इस गीत को सुरों में ढाला था मदनमोहन साहब ने। फिल्म की कहानी के अनुसार इस गाने को मदनमोहन ने राग ललित में स्वरबद्ध किया और इसमें मन्ना डे तथा लता मंगेशकर को मौका दिया। हालांकि उनकी दिली ख्वाहिश थी कि इस गीत को उस्ताद अमीर खां साहब और लता मंगेशकर गाएं, पर ऐसा नहीं हो पाया।
दरअसल जब लता जी के कानों में यह ख़बर पहुंची कि मदन जी उनके साथ उस्ताद अमीर खां साहब को गवाने की सोच रहे हैं, वो नर्वस हो गईं। उन्होंने निर्माता ओम प्रकाश और मदन मोहन से कहा कि उन्हें इस गीत के लिए माफ़ कर दिया जाए और किसी अन्य गायिका को खां साहब के साथ गवाया जाए। मदन मोहन अजीब स्थिति में फंस गए। वो लता जी के सिवाय किसी और से यह गीत गवाने की सोच नहीं सकते थे, और दूसरी तरफ़ ख़ां साहब को गवाने की भी उनकी तीव्र इच्छा थी। जब उन्होंने लता जी से कारण पूछा तो लता जी ने उन्हें कहा कि वो इतने बड़े शास्त्रीय गायक के साथ गाने में बहुत नर्वस फ़ील करेंगी जिनकी वो बहुत ज़्यादा इज़्ज़त करती हैं। आखिरकार प्रीतम दरस दिखाओ... को मन्ना डे और लता जी ने गाया और गाना काफी सुरीला है। मन्ना डे के साथ लता मंगेशकर ने एक से बढ़कर एक हिट गाने दिए हैं।
लता दी और मन्ना दा के 10 हिट गीत
1. ये रात भीगी भीगी..
2. चुनरी संभाल गोरी उड़ी चली जाए रे
3. आजा सनम मधुर चांदनी में हम
4. प्यारा हुआ इकरार हुआ
5. तेरे बिना आग ये चांदनी
6. रमैया वस्ता वैया
7. दिल की गिरह खोल दो चुप न बैठो
8. जहां मैं जाती हूं वहीं चले आते होॉ
9. दैया रे दैया चढ़ गयो पापी बिछुआ
10. यशोमती मैया से
-----
Leave A Comment