अब क्या कर रहे हैं सीरियल श्रीकृष्ण के कृष्ण
मुंबई। दूरदर्शन पर सीरियल श्रीकृष्ण की वापसी हुई है। रामानंद सागर के इस सीरियल को बहुत पसंद किया जा रहा है।
इस सीरियल के शुरू होने के साथ ही लोग ये जानने को उत्सुक हैं कि आखिर इसके किरदार अब कहां हंै और क्या कर रहे हैं? तो चलिए आज बात करेंगे श्रीकृष्ण में लीड रोल निभाने वाले अभिनेता सर्वदमन डी बैनर्र्जी की, जिन्होंने युवा श्रीकृष्ण का रोल निभाया था। उनकी प्यारी, मधुर मुस्कान, उनकी ठहरी हुई आवाज और संवाद अदायगी का अंदाज लोग भूले नहीं हैं। वे आज 55 साल के हो चुके हैं और ऋषिकेश में रहते हैं।
सर्वदमन डी बनर्जी का जन्म 14 मार्च 1965 को उन्नाव के मगरवाड़ा में हुआ था। कानपुर से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी करने के बाद सर्वदमन ने पुणे फिल्म इंस्टिट्यूट से ग्रेजुएशन की शिक्षा पाई। श्रीकृष्ण सीरियल के अलावा उन्होंने अर्जुन, जय गंगा मैया और ओम नम: शिवाय जैसे धारावाहिकों में भी काम किया। इनमें भी ज्यादातर वो विष्णु या श्रीकृष्ण के रूप में ही नजर आए। इसके साथ ही उन्होंने हिंदी, तेलुगू और बंगाली फिल्मों में काम किया। फिल्मों की शुरुआत उन्होंने 1983 की आदि शंकराचार्य से की थीं। उसके बाद वल्लभाचार्य गुरु, श्री दत्ता दर्शनम, सिरिवेनेला, स्वयम कृषि, माधावत्याना, स्वामी विवेकानंद, और पैरों में भगवान। कुछ साल पहले क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जिंदगी पर आधारित फिल्म एम एस धोनी- द अनटॉल्ड स्टोरी में वे धोनी के कोच के रूप में दिखे थे। एक इंटरव्यू में सर्वदमन ने बताया था कि आखिर क्यों उन्होंने इंडस्ट्री से किनारा कर लिया। सर्वदमन ने कहा था, मैंने श्रीकृष्ण सीरियल करते वक्त ही फैसला कर लिया था कि मैं 45-47 साल की उम्र तक ही काम करूंगा। बस फिर मुझे मेडिटेशन का सहारा मिल गया और अब मैं पिछले 20 साल से वही कर रहा हूं।
सर्वदमन फिलहाल फिल्मी दुनिया से दूर हैं। वो अब पहाड़ों की वादियों के बीच ऋषिकेश में अपना एक मेडीटेशन सेंटर चलाते हैं, जहां लोग प्रकृति के बीच में मेडीटेशन का लुफ्त उठाते हैं। यही नहीं वे एक एनजीओ भी चलाते हैं, जिसका नाम है पंख। इस एनजीओ के जरिए वह करीब 200 बच्चों की पढ़ाई-लिखाई का ध्यान रखते हैं । इसके अलावा वे उत्तराखंड की 50 गरीब महिलाओं को रोजगार मूलक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराते हैं, ताकि वे आर्थिक रूप से सबल हो सकें।
----
Leave A Comment