दूरदर्शन पर शाहरुख के हिट सीरियल दूसरा केवल की वापसी
मुंबई। कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते टीवी शोज की शूटिंग बीते एक महीने से रुकी हुई है। नए एपिसोड्स की कमी के चलते पुराने सीरियल्स एक- एक करके टीवी पर दस्तक दे रहे हैं। इस लिस्ट में अब एक नाम और शामिल होने जा रहा है। यहां हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान के सीरियल दूसरा केवल की जो दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाला है।
कुछ समय पहले ही दूरदर्शन ने सोशल मीडिया पर इस बात का ऐलान किया है कि कोरोना वायरस लॉकडाउन में शाहरुख खान का सीरियल दूसरा केवल अब लोगों का मनोरंजन करने आ रहा है। दूरदर्शन के ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट पर सीरियल दूसरा केवल का एक प्रोमो भी शेयर कर दिया गया है।
दूरदर्शन के इस ऐलान के बाद से ही शाहरुख खान के फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। सीरियल दूसरा केवल से पहले किंग खान का सर्कस भी टीवी पर दोबारा प्रसारित हो चुका है। शाहरुख खान का शो दूसरा केवल अपने समय का सुपरहिट धारावाहिक रह चुका है। सीरियल में शाहरुख ने दोहरी भूमिका निभाई थी। इसका प्रसारण 1989 में हुआ था।
शाहरुख खान ने टीवी शो दूसरा केवल में लीड रोल निभाया था। शो की कहानी एक गांव में रहने वाले लड़के केवल की थी। जो अपने सपनों को पूरा करने के लिए शहर जाता है। यहां केवल का एक दोस्त ही उसकी हत्या कर देता है, क्योंकि केवल ने अपने दोस्त का गैरकानूनी काम में साथ नहीं दिया था। सीरियल की पूरी कहानी केवल और उसके परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है।
----
Leave A Comment