अनिल कपूर की इस आदत से पत्नी है परेशान, शादी के 36 साल बाद भी नहीं बदली ये आदत
मुंबई। अभिनेता अनिल कपूर-सुनीता कपूर की शादी को 36 साल पूरे हो गए हैं। अनिल कपूर ने साल 1984 में अपनी गर्लफेंड रह चुकी सुनीता कपूर से शादी रचाई थी। सुनीता कपूर के साथ जब अनिल ने शादी करने का फैसला किया था तब वो अपने कॅरिअर के चरम पर थे और कई लोगों ने उनसे कहा था कि ऐसा करने से उनका कॅरिअर खत्म भी हो सकता है, लेकिन अनिल ने किसी की बात नहीं मानी और सुनीता के साथ घर बसा लिया।
अनिल कपूर का मानना है कि यह उनकी जिंदगी के सबसे सफल फैसलों में से एक था, जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। वक्त के साथ अनिल कपूर और सुनीता कपूर का रिश्ता काफी बदला है और अब ये नौजवान कपल से तीन बच्चों के मां-बाप बन चुके हैं, जिनमें से एक की शादी भी हो चुकी है। हालांकि इतने सालों में अगर कोई चीज नहीं बदली है तो वो है अनिल कपूर का बिंदासपन...।
आपको जानकर हैरानी होगी कि अनिल कपूर की दिनचर्या सालों से समान है, जिससे सुनीता कपूर को शिकायत है। असल में अनिल कपूर अपने कॅरिअर की शुरूआत से ही सुबह-सुबह उठकर गले की एक्सरसाइज करते हैं ताकि उनकी आवाज हमेशा जवां रहे। अपनी इस एक्सरसाइज से वो सुबह-सुबह सभी घरवालों की नींद तोड़ देते हैं, जिससे सुनीता कपूर हमेशा नाराज रहती हैं लेकिन यह दोनों का सच्चा प्यार ही है, जो इनके बीच ऐसी छोटी बातों को लेकर गंभीर लड़ाइयां नहीं होती हैं।
शादी की 36वीं सालगिरह के मौके पर अनिल कपूर ने इंस्टाग्राम पर खास पोस्ट किया है और अपनी शादी की दिलचस्प यादें फैंस के साथ शेयर की हैं। अनिल ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, कैसे 19 मई मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा दिन बन गया। मैंने सुनीता को प्रपोज किया और उनसे पत्नी बनने के लिए पूछा। हमारी शादी बहुत टली क्योंकि मैं चाहता था कि उसकी अच्छी तरह केयर कर सकूं जैसा वो डिसर्व करती है। कम से कम मैं चाहता था कि उसके लिए एक घर खरीद सकूं और एक कुक रख सकूं।
अनिल कपूर ने आगे लिखा, कई दिक्कतों के बाद हमने शादी की। मुझे आज भी याद है जब मैं उनके घर में गया और दुल्हन को देखा तो वो हंस रही थीं। मेरी आंखों में आंसू आ गए। खुशी और नर्वसनेस के आंसू। हमारी शादी एक दिन की तैयारी में हुई थी। हमारी शादी बड़ी नहीं थी न हम हनीमून पर गए थे जिसके लिए आज भी वो मुझे चिढ़ाती हैं मगर ये मेरी जिंदगी की सबसे बेस्ट चीज थी।
अनिल कपूर और सुनीता कपूर अच्छी तरह से समझते हैं कि माता-पिता के रूप में दोनों की जिम्मेदारियां क्या हैं और यही इन दोनों के सफल रिश्ते की मजबूत नींव है।
---
Leave A Comment