सिंगर और संगीतकार वाजिद खान का निधन
मुंबई। आज सुबह-सुबह ही बॉलीवुड गलियारे से दिल दुखाने वाली खबर सामने आई है। बॉलीवुड के जाने माने कम्पोजर-सिंगर वाजिद खान ने 1 जून की आधी रात को अंतिम सांस ली है।
वाजिद के निधन की वजह किडनी की तकलीफ बताई जा रही है। हालांकि उनकी तबीयत 31 मई की दोपहर अचानक खराब हो गई। कहा गया कि उन्हें किडनी की तकलीफ के बाद उन्हें हॉस्पिटलाइज किया गया था। हालांकि, यहां यह भी बता दें कि किडनी के इलाज के लिए वह पहले भी कई बार अस्पताल में एडमिड हो चुके थे। रविवार दोपहर जब वाजिद खान की हालत ज्यादा खराब हुई तब उनके वेंटिलेटर पर होने की खबरें आईं। इसके अलावा बताया जा रहा है कि वाजिद पिछले कई सालों से किडनी के अलावा हार्ट की समस्या से भी जूझ रहे थे।
वादिज खान महज 42 साल के थे और उनके निधन की खबर सुनकर फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के कलाकार स्तब्ध हैं। गायक सोनू निगम ने एक पोर्टल से बात करते हुए इस खबर की पुष्टि की है। कुछ घंटे पहले ही प्रियंका चोपड़ा ने ट्विटर के माध्यम से वाजिद खान को श्रद्धांजलि दी है। प्रियंका चोपड़ा ने ट्वीट में लिखा है कि, बुरी खबर, मुझे वाजिद भाई की हंसी हमेशा याद रहेगी। हमेशा मुस्कुराते थे। बहुत जल्दी चले गए। उनके परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं। मेरे दोस्त आपकी आत्मा को शांति मिले। आप मेरे विचारों और प्रार्थनाओं में हमेशा रहेंगे। सलमान खान, अक्षय कुमार , दिव्या घोसला, कियारा अडवानी समेत अनेक दिग्गजों ने ट्वीट करते वाजिद खान के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
वाजिद खान का अंतिम संस्कार आज वर्सोवा में किया जाएगा। वाजिद खान का अंतिम संस्कार बॉलीवुड अभिनेता इरफान खान की कब्र के पास ही होना है। इरफान खान ने बीते 29 अप्रैल (2020) को अंतिम सांस ली थी और उनके निधन की खबर ने भी हर किसी का दिल तोड़ दिया था।
गौरतलब है कि धमनियों में ब्लॉकेज के चलते साल 2018 में वाजिद खान की एंजियोप्लास्टी हुई थी। वाजिद खान अपने भाई साजिद के साथ ही रहा करते थे। दोनों ही भाइयों ने दबंग, एक था टाइगर और मुझसे शादी करोगी समेत कई फिल्मों में हिट संगीत दिया था।
साजिद-वाजिद की जोड़ी ने हाल ही में सलमान खान का भाई-भाई गाना कम्पोज किया था। लॉकडाउन में अपने पनवेल फॉर्महाउस में फंसे सलमान खान ने कुछ दिन पहले ही ये गाना शूट किया था। इस गाने को लोगों ने काफी पसंद किया था और यूट्यूब पर इस गाने ने कई रिकॉर्ड भी बनाए हंै। वाजिद खान टीवी सिंगिंग रियलिटी शो में बतौर जज कई बार शामिल हुए और नई आवाजों को अपनी फिल्मों में खूब मौका दिया।
---
Leave A Comment