सुशांत को अंतिम विदाई देने पहुंचे फिल्म - टीवी स्टार्स
मुंबई। टीवी और फिल्मी दुनिया का एक चमकता सितारा दुनिया को अलविदा कहकर चला गया। सुशांत सिंह राजपूत अब हमारे बीच नहीं हैं और बॉलीवुड से लेकर टीवी इंडस्ट्री की कई हस्तियां आज उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुईं।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता आज दोपहर परिवार के अन्य सदस्यों के साथ पटना से मुंबई पहुंचे। सुशांत सिंह राजपूत के आखिरी पलों में उनके खास दोस्त साथ दिखें। सुशांत सिंह राजपूत को आखिरी अलविदा कहने के लिए कूपर अस्पताल के बाहर खूब भीड़ लगी रही उनकी गर्ल फ्रैंड रिया चक्रवर्ती को भी कूपर अस्पताल के बाहर देखा गया । फिल्म राब्ता में सुशांत सिंह राजपूत संग काम कर चुकी कृति सेनॉन भी उन्हें आखिरी बार देखने पहुंची। फिल्म छिछोरे में सुशांत सिंह राजपूत संग काम कर चुके वरुण धर्मा के अलावा टीवी एक्ट्रेस क्रिस्टल डिसूजा , जाने-माने प्रोड्यूसर और निर्देशक अभिषेक कपूर अपनी पत्नी प्रज्ञा संग सुशांत की अंतिम यात्रा में शामिल हुए। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर शौरी और मुकेश छाबड़ा भी सुशांत सिंह राजपूत को आखिरी अलविदा कहने पहुंचें। जाने-माने सिंगर उदित नारायण और अभिनेता विवेक ओबेरॉय वहां नजर आए।
फि़ल्म छिछोरे में उनके साथ काम करने वाली अभिनेत्री श्रद्धा कपूर भी श्मशान घाट पहुंची थीं, लेकिन उन्हें अंदर जाने की अनुमति नहीं मिली। कोरोना के चलते सिर्फ 20 लोगों को ही अंदर जाने की अनुमति थी और उस लिस्ट में उनका नाम नहीं था। लिहाजा उन्हें बाहर से ही वापस लौटना पड़ा।
गौरतलब है कि रविवार को सुशांत सिंह राजपूत अपने बांद्रा स्थित आवास पर मृत पाए गए थे। मुंबई पुलिस ने बाद में इस बात की पुष्टि की थी कि 34 वर्षीय अभिनेता ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या की है। सुशांत की पोस्टमार्टम रिपोर्ट रविवार देर रात आ गई थी। इसमें डॉक्टरों ने उनके ख़ुदकुशी करने की पुष्टि की है। रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया। घटना की जांच कर रही पुलिस ने बताया कि अब तक उन्हें कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस रिपोर्ट के मुताबिक़ वह बीते छह महीने से डिप्रेशन से जूझ रहे थे।
Leave A Comment