अभिनेता रंजन सहगल का निधन
मुंबई। पंजाबी, हिन्दी फिल्मों और टीवी कलाकार रंजन सहगल का निधन हो गया है। वे 36 साल के थे और कुछ समय से बीमार चल रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार रंजन सहगल के शरीर के कई अंगों ने एक साथ काम करना बंद कर दिया था और इसी वजह से शनिवार को उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली। रंजन सहगल को फिल्म सरबजीत के लिए जाना जाता है। उनको रणदीप हुड्डा और ऐश्वर्या राय बच्चन के साथ फिल्म सरबजीत में देखा गया था और वो कई फेसम टीवी शो का भी हिस्सा रहे थे।
रंजन सहगल ने कई हिट पंजाबी फिल्में दी। रंजन को माही एनआरआई (2017), यारान दा कच्छप (2014) जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाने के लिए जाना जाता था। रंजन सहगल मूल रूप से चंडीगढ़ के रहने वाले हैं और उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी से थिएटर में मास्टर की डिग्री ली थी।
रंजन सहगल ने कई टीवी शो में भी काम किया और टेलीविजन के लोकप्रिय एक्टर भी रहे। सहगल को उनके हिट टीवी शो रिश्तों से बड़ी- प्रथा के बाद प्रसिद्धि हासिल हुई। इस शो ने रंजन को इंडस्ट्री में पहचान दिलाई। बाद में रंजन सहगल ने तुम देना साथ मेरा, गुस्ताख दिल, भंवर, जाने क्या होगा रामा रे और कुलदीपक में भी काम किया। दिवंगत अभिनेता रंजन सहगल ने सावधन इंडिया और क्राइम पेट्रोल जैसे टेलीविजन शो में भी काम किया। इसमें ज्यादातर वो एक पुलिस अधिकारी की भूमिका में दिखे। पंजाबी थियेटर के भी वे लोकप्रिय कलाकार थे।
Leave A Comment